भारतीय अरबपति गौतम अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने, अब सिर्फ मस्क ही उनसे आगे

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
भारतीय अरबपति गौतम अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने, अब सिर्फ मस्क ही उनसे आगे

MUMBAI. भारतीय अरबपति गौतम अडाणी 154.7 अरब डॉलर (करीब 12.34 लाख करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़कर गौतम अडाणी ने ये मुकाम हासिल किया। यह पहली बार है, जब कोई एशियाई फोर्ब्स बिलियनेयर्स इंडेक्स के टॉप-2 में शामिल हुआ।





अडाणी अब रैंकिंग में केवल एलन मस्क से पीछे





टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क 21.83 लाख करोड़ (273.5 बिलियन डॉलर) की नेटवर्थ के साथ लिस्ट में पहले नंबर पर हैं। बर्नार्ड अरनॉल्ट 12.27 लाख करोड़ (153.8 अरब डॉलर) की नेटवर्थ के साथ तीसरे और जेफ बेजोस 11.95 लाख करोड़ (149.7 अरब डॉलर) की नेटवर्थ के साथ लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। अडाणी के अलावा रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी टॉप-10 लिस्ट में शामिल होने वाले दूसरे भारतीय हैं। 7.35 लाख करोड़ (92.1 अरब डॉलर) की नेटवर्थ के साथ मुकेश अंबानी दुनिया के 8वें सबसे अमीर आदमी हैं।





2022 में लगातार बढ़ी अडाणी की संपत्ति





अडाणी समूह की नेटवर्थ 2022 में लगातार बढ़ी है। दुनिया के टॉप-10 अमीरों की सूची में गौतम अडाणी और एलन मस्क ही ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी दौलत पिछले 24 घंटे के दौरान बढ़ी। इस दौरान अडाणी की नेटवर्थ में 4.9 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इस साल जनवरी से अब तक अडाणी की संपत्ति में 60.9 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ।





फरवरी 2022 में मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया था





गौतम अडाणी ने अगस्त 2022 में माइक्रोसॉफ्ट प्रमुख बिल गेट्स को पछाड़ दिया था। बिल गेट्स की नेटवर्थ घटकर 117 अरब डॉलर रह गई है। यह कमी उनके द्वारा बड़े पैमाने पर दान करने के कारण आई। अडाणी की नेटवर्थ में इस साल 60 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। यह देश के अन्य अमीरों की तुलना में पांच गुना ज्यादा है। फरवरी में अडाणी ने रिलायंस समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया था। अडाणी इसके साथ ही भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने थे। अप्रैल 2022 में अडाणी की नेटवर्थ पहली बार 100 अरब डॉलर के पार पहुंची थी। 





गौतम को ऊंचाई देने में अडाणी इंटरप्राइजेज का योगदान





गौतम अडाणी को अरबपतियों की सूची में नंबर 2 पर पहुंचाने वाली कंपनियों में अदाणी इंटरप्राइजेस के शेयरों का खासा योगदान रहा है। 16 सितंबर को शुरुआती कारोबार में ही कंपनी के शेयर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। अदाणी इंटरप्राइजेज के शेयर शुरुआती कारोबार में बीएसई पर 3865.60 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए हैं। यह इसका नया 52 वीक हाई प्राइस है। वहीं, मार्केट कैप के मामले में भी कंपनी ने नई ऊंचाई हासिल करते हुए एलआईसी और आईटीसी जैसी कंपनियों को पछाड़ दिया। शेयरों में उछाल आने से इस कंपनी का मार्केट कैप 4.31 ट्रिलियन रुपए पर पहुंच गया है।



Indian billionaire Gautam Adani becomes world's second richest person Adani Elon Musk richest person भारतीय अरबपति गौतम अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने अडाणी एलन मस्क सबसे अमीर व्यक्ति