कांग्रेस ने 2014 लोकसभा चुनाव में 44 तो 2019 में 52 सीट जीतीं, 9 साल में 50 असेंबली इलेक्शन में पार्टी को 11 राज्यों में जीत मिलीं

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
कांग्रेस ने 2014 लोकसभा चुनाव में 44 तो 2019 में 52 सीट जीतीं, 9 साल में 50 असेंबली इलेक्शन में पार्टी को 11 राज्यों में जीत मिलीं

BHOPAL. आज यानी 19 अक्टूबर को कांग्रेस का नया अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी इस वक्त जिस दौर से गुजर रही है, उसे अच्छा तो नहीं ही कहा जा सकता। पार्टी में जोश भरने के लिए राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। 2014 लोकसभा चुनावों से बात करें तो पार्टी को 44, 2019 लोकसभा चुनाव में 52 सीटों से संतोष करना पड़ा था। बीते 9 साल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 11 राज्यों में परचम फहरा पाई।





जहां कांग्रेस जीती, वहां सत्ता भी गंवानी पड़ी





11 राज्यों में कांग्रेस जीती, लेकिन बगावत के चलते पार्टी को सत्ता गंवानी पड़ी। सबसे बड़ा उदाहरण मध्य प्रदेश का है। 2018 में कांग्रेस ने सरकार बनाई, लेकिन डेढ़ साल में ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस के कई विधायक बीजेपी में आ गए और कमलनाथ सरकार गिर गई। ऐसा ही कर्नाटक में भी हुआ और अरुणाचल में भी।





ऐसे रहे 50 विधानसभा चुनाव और कांग्रेस का प्रदर्शन





2014 : 8 राज्यों में चुनाव हुए, एक जीता, लेकिन सत्ता गंवाई  





2014 में 8 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए। इनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा और सिक्किम शामिल हैं। कांग्रेस इन 8 राज्यों में से अरुणाचल में सरकार बना सकी। यहां की 60 में से 42 सीटों पर जीती। लेकिन जुलाई 2016 में मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत 33 विधायक पाला बदलकर बीजेपी में आ गए और सत्ता बीजेपी के पास चली गई।  





2015 : 2 राज्यों में चुनाव, एक में सत्ता आई, लेकिन गंवाई 





2015 में बिहार और दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए। दिल्ली में तो कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। 70 विधानसभा सीटों में से एक पर भी कांग्रेस नहीं जीत सकी। इसी साल बिहार में हुए चुनाव में कांग्रेस ने आरजेडी और जेडीयू के साथ गठबंधन कर 41 सीटों पर चुनाव लड़ा, 27 सीटें जीती भी। महागठबंधन की सरकार बनी, लेकिन जुलाई 2017 में नीतीश कुमार की जेडीयू ने गठबंधन तोड़ दिया और बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। 





2016 : 5 राज्यों चुनाव, केंद्रशासित प्रदेश में पाई सत्ता 





2016 में असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनाव हुए. असम और केरल में कांग्रेस की सरकार थी. चुनाव हुए तो कांग्रेस के हाथ से असम और केरल निकल गया। पुडुचेरी में कांग्रेस की जीत हुई और सरकार बनी।  





कांग्रेस से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें











2017 : 7 चुनाव, पंजाब में मिली जीत 





2017 में 7 राज्यों के विधानसभा चुनाव हुए। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर, गोवा, गुजरात और हिमाचल प्रदेश शामिल थे। कांग्रेस ने हिमाचल और मणिपुर में सत्ता गंवा दी। गोवा में सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद सरकार नहीं बना सकी। सिर्फ पंजाब में कांग्रेस जीत मिली। उस चुनाव में कांग्रेस ने पंजाब की 117 में से 77 सीटों पर कब्जा किया। 





2018 : 9 राज्यों में चुनाव, 4 में सरकार बनाई, पर 2 में गंवाई 





2018 में मार्च में त्रिपुरा, नागालैंड, मिजोरम और मेघालय में चुनाव हुए। कांग्रेस एक भी राज्य में नहीं जीत सकी। मई में कर्नाटक में चुनाव हुए, जहां जनता दल (सेक्युलर) के साथ मिलकर सरकार बनाई, लेकिन बगावत के कारण सालभर में ही सरकार गिर गई और बीजेपी सत्ता में आ गई। दिसंबर में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में चुनाव हुए। तेलंगाना छोड़कर तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनी। मध्य प्रदेश में 15 महीने में ही बगावत के कारण कांग्रेस की सरकार गिर गई। 





2019 : 7 चुनाव, 2 में सरकार में सहयोगी बनी 





इसी साल लोकसभा चुनाव भी हुए, जिसमें कांग्रेस 52 सीटें ही जीत सकी। लोकसभा के अलावा 7 राज्यों- आंध्र प्रदेश, अरुणाचल, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा चुनाव हुए। 7 में से 5 में कांग्रेस नहीं जीत सकी। झारखंड और महाराष्ट्र में कांग्रेस ने सरकार को समर्थन दिया। झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के साथ तो महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी के साथ मिलकर सरकार में है।  





2020 : 2 में चुनाव, दोनों में ही हारी 





दिल्ली और बिहार में चुनाव हुए। लगातार दूसरी बार दिल्ली में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी। 70 में से 63 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई। बिहार में कांग्रेस ने आरजेडी के साथ गठबंधन किया, लेकिन ये गठबंधन हार गया।  





2021 : 5 में चुनाव, 1 जीती, 4 में हारी 





पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हुए। 4 राज्यों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। बंगाल में तो पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली। पुडुचेरी में जहां कांग्रेस सत्ता में थी, वहां से भी हार गई। तमिलनाडु में कांग्रेस ने डीएमके समेत कई पार्टियों के साथ मिलकर में चुनाव लड़ा और 25 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे, जिसमें से 18 जीतकर आए। तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके का अलायंस है।     





2022 : 5 में चुनाव, सब में हारी 





उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में विधानसभा चुनाव हुए। 1985 के बाद पहली बार था, जब कांग्रेस यूपी की सभी सीटों पर उतरी, लेकिन मात्र 2 सीटें ही जीत सकी। बाकी सभी राज्यों में भी कांग्रेस की हालत खराब ही रही। पंजाब में कांग्रेस अपनी सत्ता नहीं बचा सकी और 18 सीटों पर आकर सिमट गई।  



 



Congress Election Performance Congress Lok Sabha Seats Congress Assembly Elections Rahul And Sonia Gandhi कांग्रेस का चुनावी प्रदर्शन कांग्रेस की लोकसभा सीटें कांग्रेस का विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन राहुल और सोनिया गांधी