News strike: 16 नगर निगमों में से इन सीटों पर दूसरे दल बिगाड़ेंगे congress-bjp का खेल

author-image
New Update

BHOPAL. नगर सरकार के चुनाव हर पांच साल में होते रहे हैं। ये बात अलग है कि इस बार ये पांच साल कुछ ज्यादा लंबे खिंचे। जिसकी वजह से चुनाव की टाइमिंग इतनी दिलचस्प हो गई कि हर दल के लिए ये अग्निपरीक्षा बन चुके हैं। ये अग्निपरीक्षा जिसने पार कर ली, वो सूबे का सरताज बनने का हक भी हासिल कर सकता है। इसलिए चुनावी जोड़ तोड़ उतने ही हुए जितने बड़े चुनावों के लिए होते हैं। महापौर पद का प्रत्याशी फाइनल करने में तो विधायक के चयन से ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी। अब बिसात पर हर दल के मोहरे जम चुके हैं। चलिये जानते हैं पूरे 16 की 16 नगर निगमों पर क्या राजनीतिक समीकरण तैयार हैं। जो इस चुनाव में जबरदस्त राजनीतिक तड़का लगा रहे हैं।

उज्जैन में 6 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

उज्जैन नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए 6 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बीजेपी ने यहां मुकेश टटवाल को टिकिट दिया है, और कांग्रेस से महेश परमार के बीच मुख्य मुकाबला है। भाजपा के मुकेश टटवाल पेशे से शिक्षक हैं, वही कांग्रेस के महेश परमार तराना से विधायक हैं। संपत्ति के मामले में भी भाजपा प्रत्याशी से कांग्रेस प्रत्याशी से कहीं ज्यादा आगे है। भाजपा प्रत्याशी टटवाल बजरंग दल और आरएसएस से जुड़े हुए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार छात्र राजनीति से आये हैं, और जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर रहते हुए विधायक बने थे। इस लिहाज से दोनों की जमीनी पकड़ अच्छी मानी जा सकती है।

रीवा में 14 प्रत्याशी ठोक रहे ताल

रीवा नगर निगम से महापौर पद के कुल 14 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। रीवा की सीट पर संघ की चली। यहां बीजेपी ने महापौर पद के लिए प्रबोध व्यास को अपना प्रत्याशी बनाया है। प्रबोध व्यास संघ से जुड़े हैं, जिनकी पार्टी के नेताओं के बीच अच्छी पकड़ बताई जाती है। वहीं कांग्रेस ने अजय मिश्रा बाबा को अपना प्रत्याशी बनाया है, जो दिग्विजय सिंह के काफी करीबी बताए जाते हैं। जब से महापौर का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से हो रहा है, तब से यहां भाजपा ही जीतती आ रही है। इस बार आम आदमी पार्टी और शिवसेना भी मैदान में उतरीं हैं, नए दावेदार चुनाव को रोचक बना रहे हैं।  

सतना में बसपा भी चुनावी लड़ाई में 

सतना नगर निगम से सत्तासीन भाजपा के योगेश ताम्रकार, कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा और बसपा के सईद अहमद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला दिख रहा है। इसी तरह आम आदमी पार्टी से बसंत कुमार विश्वकर्मा, समाजवादी पार्टी से बृजेश यादव भी महापौर के रण में शामिल हैं। 

खंडवा में AIMIM मोर्चा संभाला

खंडवा महापौर पद के लिए 7 लोगों ने अपने नामांकन जमा किए थे। इन सात में से 2 प्रत्याशियों ने अपने नाम बुधवार को वापस ले लिए। अब मैदान में कुल 5 प्रत्याशी हैं। कांग्रेस की ओर से आशा मिश्रा विश्वकर्मा और बीजेपी की ओर से अमृता अमर यादव के बीच मुख्य मुकाबला देखा जा रहा है। हालांकि एआईएमआईएम के प्रत्याशी कनीज बी और आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना सोनी भी चुनावी मैदान में हैं। 

छिंदवाड़ा में 10 प्रत्याशी

छिंदवाड़ा नगर निगम के महापौर पद के लिए कुल प्रत्याशी 10 मैदान में हैं। बीजेपी के अनंत धुर्वे और कांग्रेस के विक्रम अहाके के बीच मुख्य मुकाबला होगा। छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ विधायक हैं। जाहिर है जीत के लिए वो पूरी ताकत झौंक ही देंगे।  

मुरैना में त्रिकोणीय मुकाबला

मध्य प्रदेश के मुरैना में महापौर पद के लिए कुल पांच उम्मीदवार हैं। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा की मीना जाटव, कांग्रेस की शारदा सोलंकी और बसपा की ममता मौर्य के बीच है। मुरैना नगर निगम केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र में आती है, और यहां पर बीजेपी ने अबकी बार एक जमीनी कार्यकर्ता को महापौर का टिकट दिया है। इस सीट पर भी मुकाबला दिलचस्प होगा। तोमर के गढ़ में जीत के तोमर जोर लगाएंगे। लेकिन असल खेल बसपा ही दिखाएगी। 

ग्वालियर में AAP भी लड़ाई में

ग्वालियर नगर निगम में महापौर पद के कुल सात उम्मीदवार हैं। यहां भाजपा की सुमन शर्मा और कांग्रेस की शोभा सतीश सिकरवार के बीच मुकाबला है। हालांकि आम आदमी पार्टी की रुचि राय ठाकुर भी चुनावी ताल ठोक रही हैं। मध्यप्रदेश में ग्वालियर सबसे बड़ा राजनीतिक गढ़ माना जाता है, और यही वजह है कि बीजेपी और कांग्रेस पार्टी का सबसे बड़ा ज्यादा फोकस ग्वालियर नगर निगम पर है। ग्वालियर नगर निगम पर पिछले 52 सालों से बीजेपी का कब्जा है। कांग्रेस उम्मीदवार के पास कार्यकर्ताओं की एक बड़ी टीम है, और यही वजह है कि इस बार बीजेपी को कांग्रेस कड़ी टक्कर देने वाली है। दूसरी ओर बीजेपी उम्मीदवार सुमन शर्मा को जिताने के लिए पूरी बीजेपी एकजुट हो गई है। अंचल में सिंधिया से लेकर तोमर सहित तमाम मंत्री एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं, तो वहीं कांग्रेस पार्टी से बगावत कर कांग्रेस की पूर्व महिला अध्यक्ष रुचि राय ठाकुर ने अबकी बार आप पार्टी का दामन थाम लिया है। 

शापित मानी जाती है रतलाम सीट

रतलाम नगर निगम की कुर्सी कथित तौर पर शापित मानी जाती है। पूर्व का इतिहास उठाकर देखें तो यहां महापौर रहने वाले व्यक्ति का राजनीतिक इतिहास खत्म हो जाता है। सन 1994 में निगम बनने के बाद से अब तक ऐसा ही होता आया है। रतलाम नगर निगम की सीट के लिए 13 उम्मीदवारों ने दावेदारी की थी, जिसमें से नाम वापसी के बाद अब 7 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा प्रत्याशी उम्मीदवार प्रहलाद पटेल हैं, तो वहीं कांग्रेस से मयंक जाट चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा आप पार्टी से अनवर खान, सपा से आफरीन बी, नेशनलिस्ट कांग्रेस से जहीरूद्दीन महापौर पद के लिए चुनाव मैदान में है। 

भोपाल में बीजेपी की तरफ से मालती हैं प्रत्याशी

भोपाल नगर निगम में मेयर का चुनाव इस बार काफी दिलचस्प होने वाला है। कांग्रेस की तरफ से विभा पटेल, आम आदमी पार्टी की तरफ से रईसा बेगम मलिक मैदान में है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी ने मालती राय को मेयर प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा बसपा, जय लोक पार्टी, जनता दल ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं. लेखा जायसवाल और सीमा नाथ निर्दलीय हैं। 

इंदौर में मेयर के लिए 19 प्रत्याशी

मेयर पद के लिए दिलचस्प मुकाबला इंदौर में भी देखने को मिल सकता है। यहां कुल 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। एक दिलचस्प बात यह भी है कि 17 बार चुनाव हार चुके परमानंद तोलानी भी एक बार फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। परमानंद तोलानी ने सबसे पहले अपना नामांकन पत्र भी जमा किया था। यहां से भारतीय जनता पार्टी ने पुष्यमित्र भार्गव को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की तरफ से संजय शुक्ला, आम आदमी पार्टी की तरफ से कमल कुमार गुप्ता और एनसीपी की तरफ से कुलदीप पवार तोल ठोक रहे हैं।

बुराहनपुर में महापौर के लिए 7 दावेदार मैदान में

बुराहनपुर में महापौर के लिए 7 दावेदार मैदान में हैं। जिसमें भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और AIMIM ने एक-एक उम्मीदवार उतारे हैं। जबकि 2 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। कांग्रेस ने शहनाज इस्माइल अंसारी को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने माधुरी अतुल पटेल को मैदान में उतारा है। बहुजन समाज पार्टी ने कविता प्रमोद गाढ़े, आम आदमी पार्टी ने प्रतिभा संतोष दीक्षित, एआईएमआईएम ने शाईस्ता सोहेल हाशमी को अपना पार्टी प्रत्याशी बनाया है. इसके अलावा सरोज प्रेमचंद नागराज और शबाना शेख मेहमूद रजा निर्दलीय किस्मत आजमा रही हैं।

सिंगरौली BJP, AAP और कांग्रेस ने उतारे दमदार प्रत्याशी

सिंगरौली नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस बार का चुनावी जंग इसलिए भी रोचक मानी जा रही है क्योंकि बीजेपी ने पूर्व नगर निगम स्पीकर चंद्र प्रताप विश्वकर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है तो वहीं कांग्रेस से अरबिंद सिंह चंदेल तो आप से रानी अग्रवाल चुनाव मैदान में है. ये तीनों ही प्रत्याशी बेहद दमदार हैं। मतदाताओं में भी इन तीनों की जबरदस्त पकड़ है। ऐसे में इस बार का मुकाबला बहुत ही रोचक होने वाला है। 

जबलपुर में 11 उम्मीदवार मैदान में

जबलपुर में 11 उम्मीदवार महापौर के लिए मैदान में हैं। इनमें कांग्रेस से जगत बहादुर सिंह, बहुजन समाज पार्टी से लखन अहिरवार और भाजपा से डॉक्टर जितेंद्र जामदार शामिल हैं। इसके अलावा यहां से कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं. यहां 4 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस भी ले लिए। जिनमें शिवसेना के ठानेश्वर महावर, आम आदमी पार्टी के रईस वली, बहुजन समाज पार्टी के राकेश समुंद्रे  और निर्दलीय नकुल गुप्ता शामिल हैं।

सागर में संगीता तिवारी भाजपा की प्रत्याशी

सागर में मेयर पद के लिए कुल 8 उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला होगा। भाजपा ने संगीता तिवारी तो कांग्रेस ने निधि जैन को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।