ANALYSIS: एक जंग 5 महीने से जारी, चीन-ताइवान में तनाव, पश्चिम एशिया के देश भी लड़ रहे; 3rd वर्ल्ड वॉर की तरफ बढ़ रही दुनिया?

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
ANALYSIS: एक जंग 5 महीने से जारी, चीन-ताइवान में तनाव, पश्चिम एशिया के देश भी लड़ रहे; 3rd वर्ल्ड वॉर की तरफ बढ़ रही दुनिया?

BHOPAL. पूरी दुनिया में उथल-पुथल मची है। कहीं सिविल वॉर जैसे हालात बन चुके हैं तो कई देशों में जंग की स्थिति है। रूस-यूक्रेन के बीच फरवरी में शुरू हुआ युद्ध अब तक जारी है। उधर, चीन और ताइवान में भी जंग की आहट दिख रही है। इजराइल और ईरान पहले से ही भिड़े हुए हैं। अब सवाल उठने लगा है कि क्या दुनिया तीसरे वर्ल्ड वॉर की तरफ बढ़ रही है? जानिए, अगर अब वर्ल्ड वॉर हुआ तो कैसे होगा और इसका असर क्या पड़ेगा? 





पहले उन 4 घटनाओं के बारे में जानिए, जो तीसरे थर्ड वर्ल्ड वॉर की तरफ इशारा कर रही हैं





1. रूस-यूक्रेन जंग 





इस साल 24 फरवरी को रूस ने अपने पड़ोसी मुल्क यूक्रेन पर हमला बोल दिया था। दोनों देशों के बीच ये जंग अब तक जारी है। कई बार परमाणु हमले की बात भी आई। यूक्रेन पूरी तरह से तबाह हो चुका है। यूक्रेन के कई शहर अब रूस के कब्जे में आ चुके हैं। 



इस बीच, यूक्रेन में जपोरेजिया एटॉमिक एनर्जी संयंत्र पर गोलाबारी की खबर भी आई। रूसी रॉकेट से दो राउंड फायरिंग में रिएक्टर का पॉवर ग्रिड ब्लास्ट कर गया। दक्षिणी यूक्रेन में यह यूरोप का सबसे बड़ा संयंत्र रहा है। 





जपोरेजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में रेडियोधर्मी कचरे का भंडारण होता है। इसलिए इस पर हुए हमले से हाइड्रोजन रिसाव और रेडियोधर्मी कणों के फैलाव का खतरा है। इससे आग फैलने का खतरा भी जताया गया है। ऐसी स्थिति में हालात और भयावह हो सकते हैं। हालांकि, अभी यूक्रेन का कहना है कि किसी तरह का हाइड्रोजन रिसाव अभी तक नहीं हो रहा है। इस युद्ध से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है। यूक्रेन को अमेरिका, फ्रांस जैसे कई देशों का साथ मिला हुआ है। 





2. चीन-ताइवान के बीच तनाव 





अमेरिका के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की अध्यक्ष नेंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से चीन बौखलाया हुआ है। चीन ने ताइवान को पूरी तरह से घेरकर समुद्र में मिलिट्री ड्रिल शुरू कर दी है। ताइवान के बिल्कुल नजदीक समुद्र में ब्लास्ट किया जा रहा है। ताइवान के हवाई क्षेत्र में चीन लगातार घुसपैठ कर रहा है। ताइवान ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है। 





ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीन का सैन्य अभ्यास हम पर हमले की तरह लग रहा है, क्योंकि चीन के कई युद्धपोतों और लड़ाकू विमानों ने ताइवान स्ट्रेट (जलडमरूमध्)य की मध्य रेखा को पार किया है। ताइवान ने अपनी सेनाओं को भी अलर्ट रहने को कहा है। द्वीप के आसपास हवाई और नौसैन्य गश्ती दलों को भेजा गया है। युद्ध की स्थिति से निपटने के लिए जमीन से मार करने वाली मिसाइल प्रणालियों को भी तैयार रखा गया है। 





ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने भी ट्वीट किया, 'हमारी सरकार और सेना चीन के सैन्य अभ्यास पर करीबी नजर रख रही है। जरूरत के अनुसार प्रतिक्रिया देने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। मैं इंटरनेशनल कम्युनिटी से ताइवान का समर्थन करने और क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति में तनाव बढ़ने से रोकने की अपील करती हूं।'





3. इजराइल और फिलिस्तीन के बीच भी जंग जारी





ऐसा नहीं है कि युद्ध केवल रूस और यूक्रेन में चल रहा है। कुछ युद्ध जैसे हालात इजराइल और फिलिस्तीन में भी है। यहां दोनों देश एक दूसरे पर रॉकेट बरसा रहे हैं। इजराइली रॉकेटों ने गाजा के रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। इजराइल के गाजा पर हमले के बाद ईरान ने भी चेतावनी दी है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रमुख ने कहा कि फिलिस्तीनी इजरायल के खिलाफ लड़ाई में अकेले नहीं है। हम उनके साथ हैं और यरुशलम को आजाद कराने का काम कर रहे हैं। मतलब इजराइल और फिलिस्तीन की लड़ाई में भी आसपास के कई देश बंट जाएंगे। इसका असर भी पूरी दुनिया पर पड़ेगा।





4. आर्मेनिया और अजरबैजान में फिर युद्ध जैसे हालात





आर्मेनिया और अजरबैजान के बीच विवादित क्षेत्र नागोर्नो-कारबाख को लेकर एक बार फिर से युद्ध जैसे हालात हो गए हैं। 3 अगस्त को अजरबैजान ने कारबाख में बम बरसा दिए जिसमें तीन सैनिकों की मौत हो गई। आर्मेनिया ने कहा कि अजरबैजान ने इस क्षेत्र के कई इलाकों पर भी कब्जा कर लिया है। इसे लेकर रूस ने भी अजरबैजान पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया है। हालांकि, अजरबैजान ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। सेना ने कहा- आर्मेनिया ने पहले हमला किया और हमारे एक जवान को मार दिया। हमने जवाबी कार्रवाई की।





ये पहली बार नहीं है जब दोनों देश आमने-सामने हुए हैं। इसके पहले 2020 में लगातार 6 महीने तक दोनों देशों के बीच जंग छिड़ी हुई थी। नवंबर 2020 में रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने आर्मेनिया-अजरबैजान के बीच एक शांति समझौता करवाया था। 2020 में दोनों देशों के बीच लगभग छह महीने तक खूनी संघर्ष चला था। इस दौरान 6,500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद रूस के कहने पर दोनों देशों ने शांति समझौते पर साइन किए थे। ऐसे में अगर फिर से दोनों देशों के बीच युद्ध होता है तो फिर से इसमें कई अन्य देश भी शामिल हो सकते हैं। 





क्या वाकई तीसरे विश्व युद्ध की तरफ बढ़ रही दुनिया? 





डिफेंस एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 'सही है कि पूरी दुनिया में उथल-पुथल मची हुई है। कई देशों के बीच का आपसी विवाद अब युद्ध की तरफ बढ़ने लगा है। सबसे घातक युद्ध चीन और ताइवान का हो सकता है। अगर चीन ताइवान पर हमला करता है तो अमेरिका चुप नहीं बैठेगा। अमेरिका भी इस लड़ाई में शामिल होगा। ऐसी स्थिति में जब दुनिया की दो बड़ी शक्तियां आपस में टकराएंगी तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा। ऐसी स्थिति में थर्ड वर्ल्ड वॉर की संभावना भी बन सकती है।'



 



युद्ध का क्या असर पड़ेगा? 





इकोनॉमिक मामलों के एक्सपर्ट्स का कहना है, 'एक सामान्य सा युद्ध भी देश की अर्थव्यवस्था को बुरी तरह से प्रभावित कर देता है। अगर तृतीय विश्व युद्ध होगा तो पूरी दुनिया संकट में आ जाएगी। अभी रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध से दुनिया के कई देशों में मंदी की स्थिति आ गई है। महंगाई तेजी से बढ़ने लगी है। लोगों की नौकरियों जाने का खतरा बढ़ गया है। कहा जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में मंदी दस्तक दे देगी। जब एक युद्ध से ऐसे हालात हो सकते हैं तो तीसरे वर्ल्ड वॉर की स्थिति में तो पूरी दुनिया में तबाही मच जाएगी।'



Israel इजराइल Russia-Ukraine war US Taiwam Tension Palestine Iran Third World War Apprehension रूस यूक्रेन जंग अमेरिका ताइवान तनाव फिलिस्तीन ईरान वर्ल्ड वॉर