US में मौजूदा-पूर्व प्रेसिडेंट भारतीयता में रंगेंगे; बाइडेन व्हाइट हाउस में 24, ट्रम्प 21 अक्टूबर को रिजॉर्ट में दिवाली मनाएंगे

author-image
Pooja Kumari
एडिट
New Update
US में मौजूदा-पूर्व प्रेसिडेंट भारतीयता में रंगेंगे; बाइडेन व्हाइट हाउस में 24, ट्रम्प 21 अक्टूबर को रिजॉर्ट में दिवाली मनाएंगे

WASHINGTON. दीपावली आने में चंद दिन बचे हैं, इसके साथ ही भारत के साथ-साथ दुनियाभर में जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के रसूख का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अमेरिकी नेताओं ने भी आयोजनों से जुड़ी जानकारियां साझा करना शुरू कर दिया है। इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से लेकर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प तक दिवाली कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके अलावा कई और अमेरिकी राज्यों में भी डेमोक्रेट और रिपब्लिकन नेता अपने-अपने स्तर पर भारतवंशियों के साथ दिवाली के जश्न में शामिल होंगे। 





अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन अपने आधिकारिक घर व्हाइट हाउस में 24 अक्टूबर को दिवाली का जश्न मनाएंगे। कार्यक्रम में उनके साथ भारतीय-अमेरिकी समुदाय के एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर भी शामिल रहेंगे। बाइडन के साथ उनकी पत्नी जिल भी जश्न का हिस्सा होंगी। व्हाइट हाउस में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जारी हैं। 





4 घंटे का होगा ट्रम्प का कार्यक्रम





पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो रिजॉर्ट में 21 अक्टूबर को दिवाली मनाएंगे। रिपब्लिकन पार्टी के हिंदू विंग- रिपब्लिकन हिंदू कोएलिशन (RHC) ने कहा कि ट्रम्प के साथ भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता मार-ए-लागो रिजॉर्ट में मौजूद रहेंगे। आरएचसी के शलभ कुमार ने कहा कि ट्रंप का कार्यक्रम करीब चार घंटे का होगा। इस दौरान उनके रिजॉर्ट पर पटाखे छोड़ने की संभावनाओं को भी तलाशा जा रहा है। 





अमेरिका में 44 लाख से ज्यादा भारतीय मूल के लोग





अमेरिका में रहने वाले भारतीयों को भारतीय अमेरिकी (इंडियन अमेरिकन) कहा जाता है। 1980 में अमेरिकी जनगणना ब्यूरो ने स्वदेशी अमेरिकियों से अलग दिखाने के लिए एक अन्य शब्द गढ़ा- एशियाई भारतीय। अमेरिका की जनगणना 2010 के अनुसार, एशियाई भारतीयों की आबादी 44 लाख है, जो अमेरिका की 30 करोड़ 87 लाख 45 हजार 538 की कुल आबादी के लिहाज से 69.37% की दर से बढ़ रही है। यह संख्या एशियाई भारतीयों को उत्तर अमेरिका में सबसे तेजी से बढ़ता समुदाय बनाती है। 





एशियाई भारतीय अमेरिका में मेक्सिकन और चीनी लोगों के बाद तीसरे सबसे बड़े प्रवासी हैं। भारतीय प्रवासी अमेरिका में मुख्य रूप से छात्र प्रवेश कार्यक्रमों, एच-1 बी वीजा कार्यक्रम के लाभार्थियों, परिवार-आधारित वरीयता और अस्थायी श्रमिक वीजा कार्यक्रमों के माध्यम से फैले। मौजूदा वक्त में भारतीय प्रवासियों का एक बड़ा भाग साइंस-टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स क्षेत्रों में प्रतिष्ठित है। भारतीय स्टूडेंट्स अमेरिकी यू्निवर्सिटी में दूसरे सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय छात्र समूह हैं। अमेरिका में भारतीय मूल की आबादी की बात करें तो ज्यादातर भारतीय कैलिफोर्निया (20%), न्यूजर्सी (11%), टेक्सास (9%), न्यूयॉर्क (7%) और इलिनॉय (7%) में बसे हैं।





अमेरिकी संसद में दिवाली को ऐतिहासिक मान्यता देने पर प्रस्ताव लाया गया था





भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने नवंबर 2021 में दिवाली के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को मान्यता देने वाले एक प्रस्ताव को अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में पेश किया था। इस मौके पर कृष्णमूर्ति ने कहा था कि अमेरिका और दुनियाभर में बसे सिखों, जैनियों और हिंदुओं के लिए दिवाली आभार जताने के साथ अंधकार पर प्रकाश की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है।



Diwali Festival 2022 Diwali Fesival in US President Joe Biden Diwali Donald Trump Diwali दिवाली फेस्टिवल 2022 अमेरिका में दिवाली राष्ट्रपति जो बाइडन दिवाली डोनाल्ड ट्रम्प दिवाली दिवाली न्यूज