अब तक पर्दे पर आ चुकी हैं रामायण पर आधारित 50 फिल्में, रामानंद सागर की रामायण में 'राम-सीता' को देखकर हाथ जोड़ लेते थे दर्शक

author-image
Vikram Jain
New Update
अब तक पर्दे पर आ चुकी हैं रामायण पर आधारित 50 फिल्में, रामानंद सागर की रामायण में 'राम-सीता' को देखकर हाथ जोड़ लेते थे दर्शक

BHOPAL. अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर के उद्घाटन और प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। अयोध्या में राममंदिर के उद्घाटन के लिए अनुष्ठान जारी है, 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले एक-एक करके शास्त्रोक्त विधियों से पूजा-पाठ संपन्न किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को नवनिर्मित मंदिर के गर्भगृह में श्रीराम लला के विग्रह को स्थापित कर दिया गया है। राम मंदिर के समारोह की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। भक्त इस भव्य प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, भगवान राम के भजन की मधुर आवाज हर ओर गूंज रही है। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक्स अकाउंट पर गायक जुबिन नौटियाल का राम भजन 'मेरे घर राम आए हैं' शेयर किया और इसे दिल छू लेने वाला भजन बताया। श्री राम के आदर्शों पर आधारित अब तक कई फिल्में और टीवी सीरियल बन चुके हैं। चलिए आपको आज ऐसे ही फिल्में और सीरियल बारे में बताते हैं, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया। इतना ही नहीं इनके पात्र दर्शकों की आंखों में बस गए।

अब तक 50 फिल्में और 20 से ज्यादा टीवी शोज

श्रीराम और रामायण पर आधारित अब तक 50 फिल्में और 20 से ज्यादा टीवी शोज बन चुके हैं, जिसमें हिंदी भाषा में 17 फिल्में और तेलुगू में 18 फिल्में शामिल है। जिसमें कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई भी की थी। माइथोलॉजिकल फिल्मों और टीवी सीरियल ने दर्शकों को ऐसा आकर्षित किया कि दर्शक भगवान बने पात्रों में अपने आराध्य को देखने लगे। इसके साथ ही श्रीराम, हनुमान और रामायण पर एनिमेटड फिल्में को दर्शक खासकर बच्चों ने बेहद पसंद किया। आइए जानते देश में भगवान राम पर आधारित फिल्में और टीवी शोज का इतिहास जानते है।

देश में 106 साल पहले शुरु हुआ था पौराणिक फिल्मों के बनने का चलन

धार्मिक और पौराणिक विषयों पर फिल्में बनने का चलन भारत में 106 साल पहले 1917 के आसपास शुरू हुआ। 1917 में आई फिल्म लंका दहन हिंदी सिनेमा में रामायण पर बनी पहली फिल्म थी। फिल्म की खास बात ये थी कि इसमें राम और सीता की भूमिका एक ही एक्टर ने निभाई थी जिनका नाम अन्ना सालुंके था। उस दौर में महिलाएं फिल्मों में काम करने से कतराती थीं इसलिए अन्ना सालुंके ने फिल्म में दो किरदार निभाए।

Get in Touch - 2024-01-19T173829.221.png

लंका दहन ने की थी 10 दिनों में 35 हजार की कमाई

1917 में यानी 106 साल पहले आई लंका दहन ने 10 दिनों में ही 35 हजार रुपए की कमाई कर ली थी। इसकी कमाई बैलगाड़ियों में भरकर प्रोड्यूसर तक पहुंचाई जाती थी, क्योंकि टिकट बिक्री में ज्यादातर सिक्के ही आते थे। इस फिल्म के अलावा रामायण, राम राज्य, संपूर्ण रामायण, भरत मिलाप, बजरंगबली, और राम बाण फिल्में शामिल हैं, जो रामायण पर बनी हुई है।

मुस्लिम एक्टर खलील बने राम

1920 का दौर आते-आते माइथोलॉजिकल फिल्मों का चलन बढ़ता गया। यही वजह रही कि कई बड़े निर्माता-निर्देशक रामायण, महाभारत के प्रसंगों पर फिल्म बनाने लगे। इन्हीं फिल्मों से खलील साइलेंट और बोलती फिल्मों के पहले सुपरस्टार बने। उन्होंने 1920 से 1940 के दौर में कई पौराणिक फिल्मों में काम किया। खलील मुस्लिम थे, लेकिन उन्होंने कई फिल्मों में हिंदू देवताओं के किरदार निभाए। खासकर राम और कृष्ण के रोल में बेहद लोकप्रिय हुए। मुस्लिम होकर हिंदू देवताओं के किरदार निभाने के चलते खलील को आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा था।

Get in Touch - 2024-01-19T173845.043.png

8 फिल्मों में राम बने प्रेम अदीब

1940 के आसपास बोलती फिल्मों में एक और एक्टर ने सिल्वर स्क्रीन पर राम के किरदार से काफी पॉपुलैरिटी पाई। ये थे प्रेम अदीब। उनका नाम उस दौर के टॉप फिल्म स्टार्स जैसे पहाड़ी सान्याल, अशोक कुमार, पीसी बरुआ, मास्टर विनायक के साथ लिया जाता था। प्रेम ने 25 साल के करियर में तकरीबन 60 फिल्मों में काम किया। इनमें से 8 फिल्मों जैसे भरत मिलाप, राम राज्य, राम बाण, राम विवाह, राम नवमी, राम हनुमान युद्ध, राम लक्ष्मण, राम भक्त विभीषण में उन्होंने राम की भूमिका निभाई।

Get in Touch - 2024-01-19T174202.979.png

गांधी जी ने देखी फिल्म राम राज्य

फिल्मकार विजय भट्ट की फिल्म राम राज्य 1943 में रिलीज हुई थी, इसे बेहद लोकप्रियता मिली थी। इस फिल्म में भगवान राम का युग ब्लैक एंड व्हाइट स्क्रीन पर दिखाया गया था, उस वक्त एक्टर प्रेम अदीब ने भगवान राम का रोल किया था और सीता बनी थीं शोभना समर्थ, इंडियन हेरिटेज फाउंडेशन के मुताबिक स्वंय महात्मा गांधी ने भी ये फिल्म देखी थी। पांच लाख के बजट में बनी राम राज्य ने 60 लाख रुपए का बिजनेस किया था। खलील और प्रेम अदीब के अलावा शाहू मोदक भी 1940 से लेकर 50 के दशक तक हिंदू माइथोलॉजिकल कैरेक्टर निभाने के लिए फेमस थे। उन्होंने हिंदी और मराठी की तकरीबन 29 फिल्मों में श्री कृष्ण की भूमिका अदा की थी।

संपूर्ण रामायण

1961 में संपूर्ण रामायण फिल्म रिलीज हुई थी, इस फिल्म को बाबूभाई मिस्त्री ने बनाया था, जिसमें महिपाल ने राम की भूमिका निभाई थी, अनीता गुहा सीता बनी थीं, भगवान राम की छवि से सामना करवाने वाली ये फिल्म लोगों को इतना पसंद आई कि फिल्म का प्रदर्शन पूरे 25 सप्ताह तक जारी रहा।

लव कुश

1997 में भारतीय हिंदू पौराणिक फिल्म लव कुश आई थी, इसकी कहानी लंका विजय के बाद की है, इस फिल्म में राम जितेंद्र बने थे, और जया प्रदा सीता बनी थीं। हनुमान की दारा सिंह और वाल्मिकी की भूमिका अभिनेता प्राण ने निभाई थी। देव्यांक आर्ट्स बैनर के तहत दिलीप कनिकरिया ने फिल्म लव कुश निर्माण किया था। वी. मधुसूदन राव ने इसका निर्देशन किया था। यह भारतीय महाकाव्य रामायण से वाल्मिकी की उत्तर रामायण पर आधारित है। फिल्म का संगीत रामलक्ष्मण ने तैयार किया था।

Get in Touch - 2024-01-19T174021.972.png

राम सेतु और आदिपुरुष

बदलते वक्त के साथ फिल्मों का स्वरूप भी बदलता रहा, नए नए कलेवर में पर्दे आई धार्मिक फिल्मों का रूप देख दर्शक खुश दिखने लगे। इसके साथ ही फिल्मे कार्टून और एनिमेटेड फिल्में बनने लगी। 2023 में अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु में पर्दे पर आई, इसमें रामायण की झलक देखने को मिली थी। जून 2023 में आई आदिपुरुष में मर्यादा पुरुषोत्तम की एक तस्वीर पेश की गई थी, यह फिल्म संवाद और कहानी से छेड़छाड़ के कारण विवादों में रही। इसकी कहानी रामायण पर आधारित है जिसमें एक्शन और स्पेशल इफेक्ट्स से भरपूर इस फिल्म में प्रभास भगवान राम, कृति सीता और सैफ रावण बने हैं। मौजूदा दौर में पौराणिक विषयों पर फिल्म बनाना भले ही कम हो गया है। रामायण पर फिल्म बनाने का फॉर्मूला हमेशा सुपरहिट साबित हुआ है।

भारत के अलावा इस देश में भी बनी है फिल्म

आपको जानकर हैरानी होगी कि सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि जापान में भी रामायण पर आधारित फिल्म बन चुकी है। जिसका नाम रामायण: द लीजेंड ऑफ प्रिंस रामा (Ramayana: The Legend of Prince Rama) था यह एक एनिमेटेड फिल्म थी।

रामायण पर 20 से ज्यादा टीवी सीरियल

1987 में ऑनएयर हुआ था रामायण टीवी धारावाहिक

फिल्मों के बाद अगर टीवी शो कि बात करें तो रामायण पर आधारित पहला टीवी शो दूरदर्शन पर 25 जनवरी, 1987 को ऑनएयर हुआ था। इसने टीवी इंडस्ट्री में इतिहास बना दिया, 'रामायण' उन चुनिंदा सीरियल्स में से था, जिसे देखने के लिए परिवार तो क्या मोहल्ला-पड़ोस तक इकट्ठा हो जाता था,. 'राम-सीता' के किरदार स्क्रीन पर आते ही लोग श्रद्धापूर्वक हाथ जोड़ लेते थे, इसे धारावाहिक को देखने को देखने के लिए दर्शन अपना काम तक छोड़ देते थे। कहा जाता है कि इस धारावाहिक के प्रसारण के दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था।

Get in Touch - 2024-01-19T174110.841.png

प्राचीन भारतीय संस्कृत महाकाव्य रामायण पर आधारित हिंदी भाषा की महाकाव्य टेलीविजन श्रृंखला का निर्माण, लेखन और निर्देशन रामानंद सागर ने किया था। इस टीवी शो में अरुण गोविल ने श्रीराम और दीपिका चिखलिया ने सीता की भूमिका निभाई थी जबकि सुनील लहरी ने लक्ष्मण, अरविंद त्रिवेदी ने रावण और दारा सिंह ने हनुमान का रोल प्ले किया था। रामानंद सागर द्वारा निर्देशित टीवी धारावाहिक 'रामायण' अब तक की सबसे लोकप्रिय रामायण धारावाहिक है, जिसके भजन लोगों को आज भी मंत्रमुग्ध कर देते हैं। रामायण ने दर्शकों पर इतना गहरा असर छोड़ा कि आज भी इस शो के सितारे जहां भी जाते हैं लोग उनका आशीर्वाद लेने के लिए उमड़ पड़ते हैं।

अपने प्रदर्शन के दौरान यह शो दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाला टीवी शो बन गया। इसकी दर्शकों की संख्या 82 प्रतिशत थी। दोबारा प्रसारण सभी पांच महाद्वीपों के 17 देशों में 20 अलग-अलग चैनलों पर अलग-अलग समय पर प्रसारित किया गया। श्रृंखला की सफलता को मीडिया द्वारा अच्छी तरह से प्रलेखित किया गया। बीबीसी के मुताबिक, इस सीरियल को 650 मिलियन से ज्यादा दर्शकों ने देखा है। प्रत्येक एपिसोड ने कथित तौर पर डीडी नेशनल को 40 लाख रुपए की कमाई की।

Get in Touch - 2024-01-19T174534.300.png

इस धारावाहिक में 'सीता राम दरस रस बरसे जैसे सावन की झड़ी' भजन को आज भी भक्त सुनकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। इसे दिग्गज गायक रविंद्र जैन और येशुदास ने अपने साथियों के साथ गाया था। इसके अलावा इस धारावाहिक में 'दर्शन दो भगवान' और 'राम भक्त ले चला रे राम की निशानी' भी है। भजन के अलावा इस धारावाहिक के बैकग्राउंड म्यूजिक को भी लोगों ने खूब पसंद किया था, जो आज भी धार्मिक कार्यक्रमों में सुनने को जरूर मिलता है। रामायण (1987) के बाद रामानंद सागर ने टीवी के लिए लव कुश (1988), श्री कृष्णा (1993) और जय गंगा मैया (1998) जैसे सीरियल्स का निर्माण भी किया।

रामायण (बी आर चोपड़ा)- 2001

फिल्म निर्देशक बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' का हर किरदार आज भी लोगों को बखूबी याद है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रामानंद सागर के अलावा बी आर चोपड़ा भी 'रामायण' लेकर आए थे, जिसका प्रसारण जीटीवी पर होता था। रवि चोपड़ा द्वारा निर्देशित इस पौराणिक शो की कहानी महर्षि वाल्मीकि की रामायण, तुलसीदास की रामचरित मानस और कालिदास की रघुवंशम महाकाव्य से एडेप्ट की गयी थी।

Get in Touch - 2024-01-19T174709.429.png

रामायण (रामानंद सागर )- 2008

साल 2008 में एक बार फिर से 'रामायण' की कहानी को पर्दे पर लेकर हाजिर हुए रामानंद सागर। हालांकि, इसके निर्देशन की कमान आनंद सागर ने संभाली थी। इस शो में भगवान राम और माता सीता के 14 वर्षों का वनवास की कहानी को निर्देशक ने बड़ी ही खूबसूरती के साथ छोटी स्क्रीन पर उतारा था। शो में गुरमीत चौधरी ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम और देबिना बनर्जी ने माता सीता का किरदार निभाया था। इस शो की खास बात ये थी कि इसमें राम और सीता सहित लक्ष्मण से लेकर लंकापति रावण और हर किरदार की पूरी डिटेल्स दिखाई गई थी।

रामायण: सबके जीवन का आधार 2012 (मुकेश सिंह)

'रामायण' में अलग-अलग टैग लाइंस के साथ भगवान राम के जीवन की कहानी को छोटे पर्दे पर कई मेकर्स ने उतारा। साल 2008 में रामानंद सागर की रामायण के बाद साल 2012 में भी रामायण आई, जिसमें श्री राम की कहानी को नए चेहरों के साथ दिखाया गया। हालांकि, जीटीवी पर प्रसारित ये शो कुछ खास कमाल नहीं कर सकता और लोगों ने भी इस रामायण को बहुत ज्यादा याद नहीं रखा।

Get in Touch - 2024-01-19T174736.684.png

श्रीमद रामायण- 2024

साल 2024 में सोनी टीवी ने एक बार फिर से श्रीराम और माता सीता की कहानी को पर्दे पर उतारा है। खास बात ये है कि ये शो 22 जनवरी 'राम लला प्राण प्रतिष्ठा' से कुछ दिनों पहले ही टेलीविजन पर प्रसारित हुआ है। इस शो सुजय रेऊ श्रीराम का किरदार अदा कर रहे हैं, तो वहीं एक्ट्रेस प्राची बंसल माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी। इस पौराणिक शो में अयोध्या नगरी की कहानी को दर्शाया जाएगा।

Ram Mandir News राम मंदिर अयोध्या Ram Mandir Ayodhya रामानंद रामायण टीवी सीरियल रामायण पर आधारित धारावाहिक रामायण पर आधारित फिल्में Ramanand Ramayana TV Serial Serials based on Ramayana राम मंदिर न्यूज Movies based on Ramayana