कहीं मैडम का कैलकुलेटर, कहीं मंत्री का मीटर गर्म… खाकी में सलाम का सेंसेक्स हाई!

Harish Divekar | Published:
वरिष्ठ पत्रकार हरीश दिवेकर का लोकप्रिय कॉलम बोल हरि बोल।
bol-hari-bol-journalist-harish-divekar-bhopal
सत्ता के गलियारों में इन दिनों गजब का मौसम है। कहीं साहब की कुर्सी पर मैडम का रिमोट चलने की चर्चा है, तो कहीं मंत्रीजी और सेक्रेटरी के बीच हिसाब-किताब की कथित गड़बड़ी ने रिश्तों का गणित बिगाड़ दिया है। जंगल में बाघों के दीदार के लिए मशहूर बांधवगढ़ अब अफसरों के कथित प्रॉपर्टी प्रेम की कानाफूसी से भी गुलजार है।

उधर खाकी के मुख्यालय में कुर्सी खाली होने से पहले ही नमस्ते का सेंसेक्स रिकॉर्ड ऊंचाई छू रहा है। मंत्रालय में ओएसडी बिरादरी का हाल भी पतला है। किसी की कुंडली में हनी का ग्रह भारी है तो किसी पर मनी की महादशा मंडरा रही है। कुल मिलाकर सत्ता के बाजार में कहीं भाव चढ़ रहे हैं, कहीं रिश्ते टूट रहे हैं और कहीं कुर्सी बचाने के लिए ग्रह-नक्षत्र सुधारे जा रहे हैं। तो आइए, इस हफ्ते भी उठाते हैं सियासत और अफसरशाही के पर्दे से कुछ चटपटे किस्सों का पर्दा…



मैडम के हाथ में कैलकुलेटर, साहब बने यस मैन!

सूबे की अफसरशाही में इन दिनों कमिश्नर साहब से ज्यादा उनकी मैडम के चर्चे हैं। साहब लंबे समय तक लूप लाइन की धूल फांकने के बाद जैसे ही मुख्यधारा में लौटे, मैडम ने भी मोर्चा संभाल लिया। गलियारों में चर्चा है कि साहब की कुर्सी भले सरकारी है, लेकिन उसका रिमोट मैडम के हाथ में है।



अब साहब से काम कराने वालों ने भी रास्ता बदल लिया है। फाइल लेकर साहब के दरबार में माथा टेकने से बेहतर मैडम तक संदेश पहुंचाना समझ रहे हैं। कानाफूसी तो यहां तक है कि साहब के सारे हिसाब-किताब की कथित कमान मैडम ने संभाल रखी है। साहब का काम बस मुस्कुराना और हां में हां मिलाना रह गया है।



अब कौन समझाए कि कमिश्नरी चलाने और गृहस्थी चलाने में थोड़ा तो फर्क होना चाहिए! वैसे भी जब घर में ही वित्त मंत्रालय खुल जाए तो साहब को कैलकुलेटर उठाने की क्या जरूरत? बोल हरि बोल, कुर्सी साहब की और कंट्रोल मैडम का!



बांधवगढ़ में भी शिखर मॉडल की गूंज!

राजस्थान कैडर के आईएएस शिखर अग्रवाल से जुड़ी विला खरीद की खबरों ने इन दिनों नौकरशाही के गलियारों में खूब हलचल मचा रखी है। चर्चा 40 विला की खरीद को लेकर है। लेकिन मध्य प्रदेश की अफसरशाही में कानाफूसी है कि रियल एस्टेट में निवेश का यह कथित मॉडल यहां भी नया नहीं है। जंगल, बाघ और सैर-सपाटे के लिए मशहूर बांधवगढ़ को लेकर भी कुछ ऐसी ही चर्चाएं तैर रही हैं।



कहा जा रहा है कि कुछ अफसरों ने रिसॉर्ट में कॉटेज खरीदकर उन्हें संचालन के लिए वापस रिसॉर्ट प्रबंधन को ही सौंप रखा है। चर्चाओं में खासकर उन अफसरों का जिक्र है जो कभी बांधवगढ़ के आसपास के जिलों या संभाग में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। हालांकि किसके नाम कितनी संपत्ति है और किस निवेश की क्या हकीकत है, इसकी पुष्टि होना बाकी है।



फिलहाल जंगल सफारी के साथ प्रॉपर्टी सफारी की चर्चा भी खूब है। बोल हरि बोल, जंगल में बाघ दिखे न दिखे, निवेश की कहानियां जरूर सुनाई दे रही हैं!



मामा का जलवा बरकरार...

मामा अब भले ही सूबे के सुपर सूरमा नहीं हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता और राजनीतिक पकड़ की झलक एक बार फिर देखने को मिली है। भोपाल में उनकी मां की त्रयोदशी के मौके पर जुटी भीड़ ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। विदिशा-रायसेन लोकसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में नेता और कार्यकर्ताओं ने भोपाल पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।



वहीं, श्रद्धांजलि देने वालों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल रहे। विपक्षी दलों के नेताओं ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वीआईपी मूवमेंट ऐसा रहा कि कुछ समय के लिए भोपाल की रफ्तार भी थम गई। अब इतने बड़े जमावड़े की चर्चा तो होनी ही थी। राजनीतिक हलकों में कोई इसे मामा के व्यक्तिगत संबंधों की ताकत बता रहा है, तो कोई उनकी लोकप्रियता का प्रमाण मान रहा है।



नकुल का दीपावली मिलन या फ्लॉप शो?

भोपाल में कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने दीपावली मिलन के बहाने अपनी राजनीतिक सक्रियता और ताकत दिखाने की कोशिश तो की, पर आयोजन के बाद चर्चा कुछ और ही शुरू हो गई है। भीड़ अच्छी-खासी थी, बड़े नेता भी पहुंचे। हालांकि राजनीतिक गलियारों में चुटकी ली जा रही है कि इनमें से कई नेता नकुल के बुलावे पर कम और कमलनाथ का लिहाज रखने ज्यादा आए थे।



यानी दीपावली की मिठाई बंटी, मुलाकातें हुईं, तस्वीरें भी खिंचीं, लेकिन नकुल के खाते में अपनी अलग राजनीतिक पहचान का कोई खास संदेश नहीं जुड़ पाया है।



आयोजन की एक और दिलचस्प तस्वीर यह रही कि कार्यकर्ताओं की भीड़ में मीडिया ही गुम हो गया। जिस कार्यक्रम से नकुल की सियासी छवि चमकनी थी, वहां उनकी अपनी ब्रांडिंग ही पीछे छूट गई। अब सवाल उठ रहा है कि इतने बड़े आयोजन के बाद भी नकुल अपनी अलग छाप क्यों नहीं छोड़ पाए?

Tags:
  • बोल हरि बोल
  • आईएएस शिखर अग्रवाल
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
  • बांधवगढ़
  • Bol Hari Bol
  • वरिष्ठ पत्रकार हरीश दिवेकर