ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड कप में पहली जीत, श्रीलंका को 5 विकेट से हराया, मार्श-इंग्लिस की हाफ सेंचुरी, जम्पा ने 4 विकेट झटके

BP Shrivastava | Oct 16, 2023, 24:00 IST
ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड कप में पहली जीत, श्रीलंका को 5 विकेट से हराया, मार्श-इंग्लिस की हाफ सेंचुरी, जम्पा ने 4 विकेट झटके
ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप 2023 में पहली जीत हासिल कर ली है। टीम ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराया। मार्कस स्टोयनिस ने छक्के के साथ टीम को जीत दिलाई।

स्पोर्ट्स डेस्क. पांच बार की वर्ल्ड कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप 2023 में पहली जीत मिली है। ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार, 16 अक्टूबर को श्रीलंका को 5 विकेट से हराया। मार्कस स्टोयनिस ने छक्के से टीम को जीत दिलाई।



लखनऊ के इकाना स्टेडियम में श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 43.3 ओवर में 209 रन पर पूरी टीम ऑलआउट हो गई। 210 रन का टारगेट ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 35.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। ओपनर मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने हाफ सेंचुरी जमाई, जबकि एडम जम्पा ने 4 बल्लेबाजों का शिकार बनाया।



वर्ल्ड कप में 17 अक्टूबर को नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला धर्मशाला में दोपहर दो बजे से खेला जाएगा।



इंग्लिस ने जमाई दूसरी हाफ सेंचुरी



कंगारु टीम के जोश इंग्लिस ने वनडे करियर की दूसरी हाफ सेंचुरी जमाई। यह उनका पहला वर्ल्ड कप अर्धशतक है। उन्होंने 59 गेंदों पर 58 रन बनाए। इंग्लिस की पारी में 5 चौके और एक छक्का शामिल रहा।



लाबुशेन-इंग्लिस की फिफ्टी पार्टनरशिप



मिचेल मार्श के आउट होने के बाद मार्नस लाबुशेन ने जोश इंग्लिस के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों ने 86 गेंद पर 77 रन की पार्टनरशिप की। इस पार्टनरशिप को दिलशान ने लाबुशेन को आउट करके तोड़ा।



मार्श ने 39 गेंद में फिफ्टी जमाई



मिचेल मार्श ने वनडे वर्ल्ड कप में पहली फिफ्टी जमाई है। यह उनके वनडे करियर की 18वीं हाफ सेंचुरी भी है। मार्श ने 39 गेंद पर फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 51 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे।



मार्श-लाबुशेन ने संभाली कंगारू पारी



24 रन पर वॉर्नर और स्मिथ के विकेट गंवाने के बाद मिचेल मार्श ने लाबुशेन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला। दोनों ने 62 गेंद पर 56 रन की पार्टनरशिप की। यह पार्टनरशिप मार्श के रनआउट से टूटी।



निसांका-परेरा ने दिलाई श्रीलंका को शानदार शुरुआत



ओपनर पथुम निसांका और कुसल परेरा ने श्रीलंकाई टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 130 गेंद पर 125 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। इस पार्टनरशिप को पैट कमिंस ने तोड़ा। उन्होंने निसांका को वॉर्नर के हाथों कैच कराया। पावरप्ले में श्रीलंकाई टीम ने बैलेंस स्टार्ट किया। टीम के ओपनर्स ने शुरुआती 10 ओवर में 51 रन बनाए और टीम ने कोई विकेट नहीं गंवाया। पथुम निसांका ने 61 और कुसल परेरा ने 78 रन बनाए। इन दोनों के अलावा, चरिथ असलंका ने 25 रन का योगदान दिया। शेष बैटर्स स्कोर में खास इजाफा नहीं कर सके।



परेरा और निसांका ने जमाई हाफ सेंचुरी



कुसल परेरा ने 78 रनों की पारी खेली। उन्होंने वनडे करियर की 16वीं हाफ सेंचुरी पूरी की। 82 गेंद की पारी में निसांका ने 12 चौकों के सहारे 95.12 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। वहीं श्रीलंकाई ओपनर पथुम निसांका ने वनडे करियर की 11वीं फिफ्टी जमाई। वे 61 रन बनाकर कैच आउट हुए। उन्हें कप्तान पैट कमिंस ने डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराया।



मिडिल ओवर्स में जम्पा की शानदार गेंदबाजी



श्रीलंकाई पारी के मिडिल ओवर्स में स्पिनर एडम जम्पा ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चार विकेट लेकर श्रीलंकाई टीम के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। कप्तान पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क को दो-दो विकेट मिले। ग्लेन मैक्सवेल को भी एक सफलता मिली।



बारिश के कारण रुका खेल



शाम 4:42 बजे श्रीलंकाई पारी में 32.1 ओवर्स डले थे कि बारिश आ गई और खेल रोकना पड़ा। करीब आधे घंटे के इंतजार के बाद शाम 5:10 पर खेल दोबारा शुरू हुआ, हालांकि ओवर्स में कटौती नहीं की गई।



Tags:
  • Cricket News
  • क्रिकेट न्यूज
  • World Cup 2023
  • वर्ल्ड कप 2023
  • ICC
  • आईसीसी
  • Australia's first win
  • Australia beats Sri Lanka
  • ऑस्ट्रेलिया की पहली जीत
  • ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को हराया