12 साल से लगातार तप रही धरती! 2027 में अल-नीनो बढ़ा सकता है गर्मी, WMO ने दी चेतावनी

Amresh Kushwaha | Nov 11, 2026, 20:26 IST
विश्व मौसम विज्ञान संगठन की रिपोर्ट में बढ़ते वैश्विक तापमान को लेकर चिंता जताई गई है।
A report by the World Meteorological Organization has expressed concern regarding rising global temperatures.
दुनिया में गर्मी लगातार बढ़ रही है। पिछले 12 साल दुनिया के सबसे गर्म साल रहे हैं। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की नई रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 से 2026 के बीच के चार साल सबसे ज्यादा गर्म रहे हैं। अब वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि 2027 में अल-नीनो के कारण गर्मी और बढ़ सकती है।

इससे लू, सूखा, बाढ़ और तेज तूफान जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।



सामान्य से 1.47 डिग्री ज्यादा हुआ तापमान

तुर्किये के अंताल्या में 9 नवंबर से शुरू हुए COP-31 जलवायु सम्मेलन के दौरान WMO ने यह रिपोर्ट जारी की है।



इसके मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच धरती का औसत तापमान औद्योगिक क्रांति से पहले के मुकाबले करीब 1.47 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। लगातार बढ़ता तापमान अब लोगों की सेहत, खेती और पानी की उपलब्धता पर असर डाल रहा है।



2027 में अल-नीनो बढ़ा सकता है परेशानी

वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रशांत महासागर में अल-नीनो सिस्टम बन रहा है। दिसंबर तक इसके काफी ताकतवर होने की आशंका है। इसका असर 2027 तक दिखाई दे सकता है।



अल-नीनो के कारण मौसम में बदलाव होता है। इससे कहीं ज्यादा गर्मी पड़ सकती है तो कहीं बारिश कम या ज्यादा हो सकती है। इसका सीधा असर खेती पर पड़ने की आशंका है। वहीं, शहरों में पानी और बिजली की मांग भी बढ़ सकती है।



समुद्र हो रहे गर्म, तेजी से पिघल रहे ग्लेशियर

WMO की रिपोर्ट के मुताबिक, धरती की अतिरिक्त गर्मी का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा समुद्र सोख रहे हैं। इससे समुद्र का तापमान लगातार बढ़ रहा है। साल 2026 समुद्र की गर्मी का लगातार दसवां रिकॉर्ड साल बन सकता है।



वहीं, 2025 में दुनिया के ग्लेशियरों से 400 अरब टन से ज्यादा बर्फ पिघल गई। समुद्र का जलस्तर भी 2026 में नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। इससे समुद्र किनारे और पहाड़ी इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है।



भारत में 14.65 करोड़ लोग गर्मी से प्रभावित

रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2026 में भारत में भीषण गर्मी से करीब 14.65 करोड़ लोग प्रभावित हुए। इसका सबसे ज्यादा असर मजदूरों, किसानों और गरीब परिवारों पर पड़ा।



वहीं, अगस्त के आखिर में नेपाल में ग्लेशियर और चट्टान खिसकने से आई बाढ़ में 1300 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। यूरोप में गर्मी, सूखे और जंगलों की आग के कारण 30 हजार से ज्यादा अतिरिक्त मौतें दर्ज की गईं।



खेती और सेहत पर बढ़ सकता है खतरा

बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम का असर किसानों पर भी पड़ सकता है। बारिश समय पर नहीं होने से फसलें खराब हो सकती हैं। इससे अनाज की कीमतें बढ़ने का खतरा है।



इसके अलावा Heat Wave से लू लगने, सांस की बीमारी और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में पानी का भंडार भी 2014 से लगातार घट रहा है।



136 देशों में शुरू हुई चेतावनी देने की व्यवस्था

रिपोर्ट में एक राहत की बात भी सामने आई है। बाढ़, तूफान और गर्मी जैसी आपदाओं की पहले से चेतावनी देने वाले देशों की संख्या बढ़ी है। साल 2015 में ऐसे 56 देश थे, जो 2025 में बढ़कर 136 हो गए।



संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने कहा कि Climate Change का सबसे ज्यादा असर उन गरीब देशों पर पड़ रहा है, जिनका इसे बढ़ाने में सबसे कम योगदान है। उन्होंने अमीर देशों से प्रदूषण कम करने और गरीब देशों की मदद करने की अपील की है।



WMO की रिपोर्ट में बढ़ती गर्मी से निपटने के लिए साफ ऊर्जा अपनाने, जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया गया है।

Tags:
  • अल नीनो 2027
  • ग्लोबल वार्मिंग
  • विश्व मौसम विज्ञान संगठन
  • WMO
  • प्रशांत महासागर
  • WMO जलवायु रिपोर्ट 2026
  • 2027 में भीषण गर्मी का खतरा
  • El Nino 2027
  • WMO Climate Report 2026
  • India Heatwave Alert