केरल में प्रार्थना सभा के दौरान 3 धमाके, एक महिला की मौत, 36 घायल, एनआईए करेगी जांच, एनएसजी कमांडो पहुंच रहे

Pratibha Rana | Oct 29, 2023, 24:00 IST
केरल में प्रार्थना सभा के दौरान 3 धमाके, एक महिला की मौत, 36 घायल, एनआईए करेगी जांच, एनएसजी कमांडो पहुंच रहे
केरल के एर्नाकुलम में रविवार (29 अक्टूबर) कलामसेरी स्थित एक कन्वेंशन सेंटर में तीन जबरदस्त धमाके हुए हैं।

Ernakulam. केरल के एर्नाकुलम में रविवार (29 अक्टूबर) को एक कन्वेंशन सेंटर में हुए तीन धमाके में एक महिला की मौत हो गई। घटना में 36 लोगों के घायल होने की खबर है। कलामासेरी में स्थित इस कन्वेंशन सेंटर में सुबह साढ़े 9 बजे के करीब 2 हजार लोग प्रार्थना कर रहे थे, उसी दौरान 5 मिनट के अंदर लगातार तीन धमाके हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मामले में केरल के सीएम से चर्चा कर जानकारी ली है। मौके पर जांच के लिए एनआईए रवाना हो गई है। एनएसजी कमांडों की तैनाती भी की जा रही है। धमाकों में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 36 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें दो लोगों का शरीर पूरी तरह जल चुका है। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने केरल सीएम से केरल धमाके के मुद्दे पर बात की है।



एनएसजी की टीम भी केरल होगी रवाना



मामले में केंद्र सरकार अलर्ट हो गई है। धमाके बाद एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स) कमांडों की टीम भी केरल जाएगी। केरल प्रशासन ने अस्पतालों को पूरी तरह से तैयार रहने को कहा है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, धमाका हॉल के बीच में हुआ। मैंने विस्फोट की तीन आवाजें सुनीं। मैं पीछे की तरफ था, वहां बहुत धुआं था। मैंने सुना की एक महिला की मौत भी हो गई है।



केरल के सीएम बोले- एर्नाकुलम में सभी शीर्ष अधिकारी मौजूद



मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। एर्नाकुलम में सभी शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं। डीजीपी घटनास्थल पर जा रहे हैं। हम इसे बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। डीजीपी से बात कर हर जानकारी पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल एक की मौत होने और दो लोगों की हालत गंभीर होने की जानकारी मिली है। अस्पताल में भर्ती घायलों का विवरण लिया जा रहा है।



जांच करने एनआईए की टीम रवाना



जांच करने के लिए एनआईए की 4 सदस्यीय टीम घटना स्थल पर रवाना की गई है। कोच्चि ब्रांच ऑफिस से रवाना हुई एनआईए टीम के साथ में स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर जाकर जांच करेगी। कन्वेंशन सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का आज आखिरी दिन था। धमाका कैसे हुआ और इसके क्या कारण रहे, यह अभी पता नहीं चल सका है। जिस हॉल में यह धमाका हुआ उसकी क्षमता 2 हजार लोगों की हैं और धमाके के समय यहां 100-150 अधिक लोग मौजूद थे। धमाके को लेकर पुलिस की तरफ से अभी कोई बयान जारी नहीं हुआ है।



विस्फोट के बाद कन्वेंशन सेंटर के बाहर जुटे सैकड़ों लोग



एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे विस्फोट हुआ और पुलिस सहायता मांगने के लिए कॉल आया। घटना के बाद के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें बचाव और राहतकर्मी तथा पुलिस कर्मी घायलों को घटनास्थल से बाहर निकाल रहे हैं। विस्फोट के बाद कन्वेंशन सेंटर के बाहर सैकड़ों लोग देखे गए।



केरल के मंत्री का बयान



एर्नाकुलम में हुई धमाके कई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए केरल के उद्योग मंत्री और कलामासेरी से विधायक पी राजीव ने कहा, मैंने सभी अधिकारियों से बात की है। सभी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कारण सामने आएगा।



कांग्रेस सांसद थरूर ने की निंदा



केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'केरल में एक धार्मिक सभा पर बम हमले की खबर से स्तब्ध और निराश हूं। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं और त्वरित पुलिस कार्रवाई की मांग करता हूं, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। अपने राज्य को हत्या और विनाश की मानसिकता का शिकार होते देखना दुखद है। मैं सभी धार्मिक नेताओं से इस तरह की बर्बरता की निंदा करने का आग्रह करता हूं।



क्या हैं यहोवा के साक्षी?



आपको बता दें, यहोवा के साक्षी ईसाई धर्म का एक संप्रदाय है, जिसकी धार्मिक मान्यताएं मुख्यधारा ईसाईयत से अलग होती हैं। वैश्विक स्तर पर इसके कई कार्यक्रम समय समय पर आयोजित किए जाते हैं। यहोवा के साक्षियों के सिद्धांत उनके शासी निकाय द्वारा तय होते हैं।



Tags:
  • Blasts in Kerala
  • attack on Christian prayer meeting
  • NIA will go to Kerala
  • NSG commandos will investigate in Kerala
  • केरल में धमाके
  • ईसाइयों की प्रार्थना सभा पर हमला
  • केरल जाएगी एनआईए
  • एनएसजी कमांडो केरल में करेगी जांच