नई दिल्ली में विश्व धरोहर समिति के 46वें सत्र की शुरुआत, पीएम मोदी बोले भारत सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विश्व धरोहर समिति के 46वें सत्र का उद्घाटन किया। नई दिल्ली के भारत मंडपम में सत्र आयोजित किया जा रहा है। बता दें कि भारत पहली बार विश्व धरोहर समिति की बैठक की मेजबानी कर रहा है। इस समारोह में यूनेस्को की महानिदेशक आड्रे अजोले समेत कई हस्तियां मौजूद रही। इनके अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।
विश्व का नजरिया भारत के प्रति बदला: गजेंद्र सिंह शेखावत
इस दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विश्व धरोहर समिति की बैठक में आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। शेखावत ने कहा कि पीएम मोदी ने इस सम्मेलन में आकर समारोह की गरिमा को बनाए रखने का काम किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में बीते वर्ष जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसके बाद पूरी दुनिया का ध्यान भारत पर केंद्रित हो गया था।
दिल्ली में ऐतिहासिक विरासतें:पीएम मोदी
वहीं सत्र को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, हमने देखा है कि दुनिया में विरासत के अलग-अलग केंद्र हैं, लेकिन भारत इतना प्राचीन है कि वर्तमान का हर बिंदु किसी न किसी गौरवशाली अतीत की कहानी कहता है। दिल्ली का उदाहरण लीजिए। दुनिया दिल्ली को भारत की राजधानी के रूप में जानती है, लेकिन यहां से करीब 15 किलोमीटर दूर आपको ऐतिहासिक विरासतें देखने को मिलेंगी।
भारत में सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ेगा : मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा मुझे विश्वास है कि हर वैश्विक आयोजन की तरह यह आयोजन भी भारत में सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ेगा। अभी मैं विदेशों से वापस लाई गई प्राचीन धरोहरों की प्रदर्शनी भी देख रहा था। बीते वर्षों में हम भारत की 350 से अधिक प्राचीन धरोहरों को वापस लाए हैं। प्राचीन धरोहरों का वापस आना, ये वैश्विक उदारता और इतिहास के प्रति सम्मान के भाव को दिखाता है। जैसे जैसे तकनीक बढ़ेगी, इस क्षेत्र में शोध और पर्यटन की अपार संभावनाएं बनेंगी। विश्व धरोहर समिति का ये कार्यक्रम भारत के लिए एक गौरवशाली उपलब्धि से जुड़ा है।
thesootr links
- मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- रोचक वेब स्टोरीज देखने के लिए करें क्लिक