एक बार फिर होगी नोटबंदी! 1000 और 2000 के बाद अब 500 का नोट बंद करने की उठी मांग
हालांकि, अभी यह सिर्फ एक मांग है। सरकार या भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से 500 रुपए का नोट बंद करने का कोई ऐलान नहीं हुआ है।
चंद्रबाबू नायडू ने क्यों उठाई 500 के नोट बंद करने की मांग?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को अमरावती में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़े नोटों को बंद करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को आगे भी उठाते रहेंगे।
नायडू के मुताबिक, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिजिटल करेंसी को लेकर सौंपी गई अपनी रिपोर्ट में भी बड़े नोटों को बंद करने का सुझाव दिया था।
उनका मानना है कि बड़े नोटों का इस्तेमाल कम करने और Digital Payment को बढ़ावा देने से भ्रष्टाचार को रोकने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही इस्तेमाल किया जाए तो देश में संपत्ति बढ़ाने और गरीबी कम करने में भी मदद मिल सकती है।
8 नवंबर 2016 को हुई थी पहली बड़ी नोटबंदी
चंद्रबाबू नायडू की यह मांग ऐसे समय सामने आई है, जब देश में नोटबंदी को 10 साल पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 की रात देश को संबोधित करते हुए 500 और 1000 रुपए के पुराने नोट बंद करने की घोषणा की थी।
उस समय इन दोनों नोटों को आधी रात से अमान्य कर दिया गया था। सरकार ने लोगों को पुराने नोट बैंकों और डाकघरों में जमा करने के लिए 10 नवंबर से 30 दिसंबर 2016 तक का समय दिया था।
इस फैसले के बाद देशभर में बैंकों के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं। लोगों को अपने पुराने नोट बदलवाने और खाते में जमा करने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ी थी।
नोटबंदी में 86 फीसदी करेंसी हुई थी अमान्य
साल 2016 में नोटबंदी के समय देश में चल रही कुल करेंसी का करीब 86 प्रतिशत हिस्सा एक झटके में अमान्य हो गया था। उस समय बाजार में करीब 15.44 लाख करोड़ रुपए की करेंसी मौजूद थी। इसमें पुराने 500 और 1000 रुपए के नोटों की कीमत लगभग 13.27 लाख करोड़ रुपए बताई गई थी।
भारतीय रिजर्व बैंक के अंतिम आंकड़ों के मुताबिक, बंद किए गए नोटों में से करीब 99.3 प्रतिशत रकम बैंकों में वापस आ गई थी। यानी नोटबंदी के बाद लगभग पूरी बंद की गई करेंसी बैंकिंग सिस्टम में लौट आई।
नोटबंदी के बाद 10 साल में क्या बदला?
पिछले 10 साल में देश के बैंकिंग और भुगतान के तरीकों में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। इस दौरान इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने वाले लोगों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई। वहीं, निवेश के तरीकों में भी बदलाव आया है। लोग अब नकदी रखने के साथ-साथ म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार और गोल्ड-सिल्वर ETF जैसे विकल्पों में निवेश कर रहे हैं।
खास बात यह है कि इस दौरान Cash in Circulation यानी बाजार में मौजूद नकदी की मात्रा भी बढ़ी है। इसकी एक बड़ी वजह देश की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ना है। इसके साथ ही डिजिटल लेनदेन का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ा है। अब बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा की खरीदारी और पैसे भेजने के लिए ऑनलाइन भुगतान का इस्तेमाल करते हैं।
क्या सच में बंद हो जाएगा 500 रुपए का नोट?
फिलहाल 500 रुपए का नोट बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। चंद्रबाबू नायडू ने बड़े नोटों को बंद करने का सुझाव दिया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सरकार दोबारा नोटबंदी करने जा रही है। 500 रुपए के नोट अभी चलन में हैं। इन्हें बंद करने के लिए सरकार या आरबीआई की ओर से आधिकारिक घोषणा जरूरी होगी।
ऐसे में लोगों को 500 रुपए के नोट बंद होने की खबरों से घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल यह मांग राजनीतिक स्तर पर उठी है और आगे इस पर सरकार क्या फैसला लेती है, यह देखना होगा।