महंगे होने वाले हैं AC, इन 3 कारणों से बढ़ेगा आपकी जेब पर बोझ
भीषण गर्मी दस्तक देने को तैयार है, लेकिन इस बार ठंडी हवा खाना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। अगर आप इस सीजन में नया एयर कंडीशनर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है।
मार्केट एक्सपर्ट्स और रिपोर्ट्स की मानें तो Voltas, LG, Daikin और Blue Star जैसी दिग्गज कंपनियां अपने AC मॉडल्स की कीमतों में 5% से लेकर 15% तक की भारी बढ़ोत्तरी करने जा रही हैं। अगर आप बजट बिगड़ने से बचाना चाहते हैं, तो खरीदारी में देरी करना घाटे का सौदा साबित हो सकता है।
क्यों लग रहा है कीमतों को करंट?
कंपनियों का कहना है कि वे अपनी मर्जी से नहीं बल्कि मजबूरी में दाम बढ़ा रही हैं। इसके पीछे तीन बड़े कारण जिम्मेदार हैं-
- कच्चे माल की बढ़ती लागत: AC बनाने में कॉपर का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है और फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉपर (copper) की कीमतें आसमान छू रही हैं। इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने से बाहर से आने वाले कलपुर्जे महंगे हो गए हैं।
- महंगी हुई माल ढुलाई: वैश्विक उथल-पुथल (Global Turmoil) के कारण जहाजों और ट्रकों के जरिए माल भेजने का खर्च बढ़ चुका है, जिसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।
- नए एनर्जी-एफिशिएंसी नियम: ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के नए नियम 1 जनवरी 2026 से लागू हो गए हैं। नए मानकों के तहत AC बनाना अब कंपनियों के लिए थोड़ा खर्चीला हो गया है।
जानिए किस ब्रैंड ने कितनी बढ़ाई कीमत?
अलग-अलग कंपनियों ने कीमतों में इजाफे का अलग-अलग चार्ट तैयार किया है। आइए जानते हैं कौन सा ब्रैंड कितना महंगा हो रहा है-
- Daikin: कंपनी अप्रैल से अपने AC की कीमतों में करीब 12% की बढ़ोत्तरी कर सकती है।
- LG Electronics: इन्होंने अपने 3-स्टार मॉडल्स में 7% और 5-स्टार मॉडल्स में 9-10% की वृद्धि की है।
- Blue Star: इस कंपनी ने तो फरवरी में ही अपने दाम 8-10% तक बढ़ा दिए थे।
- Haier: मार्च महीने से ही हायर के AC 5% से 15% तक महंगे हो चुके हैं।
1 जनवरी 2026 से लागू हुए नए नियम
BEE के नए स्टैंडर्ड के प्रभावी होने से शुरुआती कीमत तो बढ़ गई है, लेकिन इसका एक फायदा भी है। नए नियमों के तहत बने 5-स्टार एसी पुराने मॉडल्स की तुलना में लगभग 10-11% कम बिजली की खपत करेंगे। यानी आप शुरुआत में जो ज्यादा पैसे देंगे, उसकी भरपाई आने वाले समय में बिजली बिल की बचत के जरिए हो जाएगी।
स्मार्ट खरीदार कैसे बनें?
अगर आप पुराना AC (एयर कंडीशनर के इस्तेमाल) बदल रहे हैं या नया लगा रहे हैं, तो सेल का इंतजार न करें। एक्सपर्ट्स की सलाह है कि मार्च के आखिरी हफ्ते या अप्रैल की शुरुआत तक खरीदारी निपटा लें। जैसे-जैसे गर्मी और मांग बढ़ेगी, कंपनियां बढ़ी हुई कीमतें पूरी तरह लागू कर देंगी। जल्द खरीदारी करने पर आप न केवल बढ़ी हुई कीमतों से बचेंगे, बल्कि पुराने स्टॉक पर मिलने वाले डिस्काउंट का फायदा भी उठा सकते हैं।
ये खबरें भी पढ़ें...
इलेक्ट्रिसिटी बिल से मिलेगा छुटकारा! इस स्मार्ट टेक्नीक से आप खुद तय करेंगे अपना बिजली बिल
शहर छोड़ने के बाद भी नहीं बच पाएंगे बिजली बिल बकायेदार, बैंक खाते होंगे फ्रीज
एमपी में बिजली उपभोक्ताओं को झटका, स्मार्ट मीटर का खर्च आपकी जेब से वसूलेगी कंपनी
बिजली कंपनी सहायक ग्रेड 3 के चयनितों को नियुक्ति के लिए ऐसे खुलेगा रास्ता, 500 से ज्यादा युवा इंतजार में