अहमदाबाद में 1.66 करोड़ की ज्वेलरी चोरी : सेल्सगर्ल निकली चोर, ब्वॉयफ्रेंड के धोखे के बाद अरेस्ट
अहमदाबाद के निकोल इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक नामी ज्वेलरी शोरूम में काम करने वाली सेल्सगर्ल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लड़की पर अपने ही शोरूम से 1.66 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के गहने चुराने का गंभीर आरोप है।
यह पूरी वारदात बीते 11 मई 2026 की बताई जा रही है। सेल्सगर्ल पिछले 10 दिनों से पुलिस को लगातार चकमा दे रही थी। लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस की कड़ी पूछताछ में जो सच सामने आया, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
ब्वॉयफ्रेंड के प्यार में बनी चोर
पकड़ी गई आरोपी सेल्सगर्ल का नाम हर्षिदा शेट्टी बताया जा रहा है। हर्षिदा ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि यह पूरी साजिश उसने खुद नहीं रची थी। इस चोरी के पीछे उसका ब्वॉयफ्रेंड मयूर माली शामिल था। दोनों साथ में जिंदगी जीना चाहते थे। इसी चक्कर में दोनों ने चोरी का यह खतरनाक प्लान बनाया।
यह खबरें भी पढ़ें...
फर्जी दिव्यांग बनकर ली सरकारी नौकरी, मेडिकल जांच के लिए भेजा डमी अभ्यर्थी
पीएम मोदी के गिफ्ट से ट्रेंड हुई पारले मेलोडी, जानिए कैसे शुरू हुआ था मेलोडी टॉफी सफर
दिल्ली और उत्तर भारत में फरारी
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों तुरंत अहमदाबाद से भाग निकले। वे पुलिस से बचने के लिए सीधे देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे। दिल्ली के बाद दोनों उत्तर भारत के कई राज्यों में छिपे रहे। वे लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके।
नहाने गई प्रेमिका, माल लेकर फरार हुआ प्रेमी
हर्षिदा ने पुलिस को बताया कि वे दोनों एक होटल में रुके थे। तीन दिन पहले जब हर्षिदा होटल के बाथरूम में नहाने के लिए गई हुई थी, तब मयूर ने उसे धोखा दे दिया। वह बैग में रखे 1.66 करोड़ के सारे गहने लेकर रफूचक्कर हो गया।
मजबूरी में वापस लौटना पड़ा अहमदाबाद
जब हर्षिदा बाहर आई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मयूर उसका फोन और सारा कीमती सामान लेकर जा चुका था। हर्षिदा के पास सिर्फ वही गहने बचे थे जो उसने पहन रखे थे। जब फरारी काटने के सारे पैसे खत्म हो गए, तो वह मजबूरन अहमदाबाद लौट आई।
पुलिस ने बिछाया जाल, ऐसे हुई गिरफ्तारी
मंगलवार की शाम हर्षिदा बचे हुए गहने बेचने की फिराक में घूम रही थी। वह अहमदाबाद के एक लोकल बाजार में ग्राहक तलाश रही थी। इसी दौरान निकोल पुलिस के खुफिया तंत्र को इसकी भनक लग गई। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
अब निकोल पुलिस की टीमें फरार ब्वॉयफ्रेंड (boyfriend) मयूर माली की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मालिक गए लंच पर, पीछे से साफ किया हाथ
शोरूम के मालिक दर्शनभाई शाह कृष्णानगर इलाके के रहने वाले हैं। वह निकोल में अनमोल सर्कल के पास 'आभूषण' नाम का शोरूम चलाते हैं। उनके शोरूम में कुल 19 कर्मचारी काम करते हैं। हर्षिदा शेट्टी यहां पिछले 11 महीनों से सेल्सगर्ल की नौकरी कर रही थी।
11 मई को दोपहर के समय दर्शनभाई खाना खाने घर गए थे। शोरूम में सिर्फ मैनेजर और बाकी का स्टाफ मौजूद था। इसी सुस्त माहौल का फायदा उठाकर हर्षिदा ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला चोरी का राज
शाम को जब दर्शनभाई वापस आए तो एक ग्राहक शोरूम में आया। कर्मचारी कांजीभाई ने देखा कि एक सोने का सिक्का गायब है। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी दर्शनभाई को दी। जब हर्षिदा के बारे में पूछा गया तो स्टाफ ने कहा कि वह छुट्टी लेकर गई है।
यह खबरें भी पढ़ें...
हाईवे पर भाजपा नेता के साथ हनीट्रैप, बंधक बनाकर लूटा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित 7 गिरफ्तार
अभनपुर की पंचायतों में करोड़ों का गबन, पूर्व सरपंचों को जेल भेजने का आदेश
ब्लेजर में गहने छिपाते हुए आई नजर
दर्शनभाई को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखते ही सबके होश उड़ गए। हर्षिदा चुपके-चुपके कीमती गहने अपने ब्लेजर के अंदर छिपा रही थी। गिनती करने पर पता चला कि 1.66 करोड़ के मंगलसूत्र, चेन और अंगूठियां गायब थीं।