दिवाली के बाद बच्चों के लिए जहरीली हुई हवा, अस्पतालों में बढ़े मरीज, डॉक्टर ने किया अलर्ट

Amresh Kushwaha | Nov 09, 2026, 16:46 IST
दिवाली के बाद खराब हुई हवा से बच्चों में खांसी और सांस लेने में परेशानी के मामले बढ़ रहे हैं।
Following Diwali, the deterioration in air quality has led to an increase in cases of coughing and breathing difficulties among children.
Air Pollution After Diwali:दिवाली के बाद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के कई शहरों की हवा खराब हो गई है। पटाखों के धुएं और बढ़ते प्रदूषण से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। इसका सबसे ज्यादा खतरा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को है। बच्चों में लगातार खांसी, सांस लेने में दिक्कत और छाती में इंफेक्शन जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं।

अस्पतालों की ओपीडी में भी सांस और फेफड़ों की परेशानी वाले बच्चे ज्यादा पहुंच रहे हैं। ऐसे में डॉक्टरों ने माता-पिता को बच्चों की सेहत का खास ध्यान रखने की सलाह दी है।



मध्य प्रदेश में इंदौर-भोपाल की हवा हुई खराब

दिवाली पर मध्य प्रदेश के कई शहरों में जमकर आतिशबाजी हुई। इसका असर हवा की गुणवत्ता पर दिखाई दिया दे रहा है। इंदौर में दिवाली की रात एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1708 तक पहुंच गया था। देर रात करीब 3 बजे यह आंकड़ा 1844 दर्ज किया गया था। शहर में धुएं की मोटी परत छा गई और कई जगहों पर 100 मीटर से भी कम दूरी तक दिखाई दे रहा था।



भोपाल में भी हालात खराब रहे। दिवाली की रात यहां AQI 1396 तक पहुंच गया था। सुबह 9 बजे भी यह 498 दर्ज किया गया था। AQI डॉट इन वेबसाइट की एक सूची में भोपाल दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में 14वें स्थान पर रहा। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए विशेषज्ञों ने बच्चों और सांस की बीमारी वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।



छत्तीसगढ़ के रायपुर में प्रदूषण के आंकड़ों पर सवाल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ी है। यहां प्रदूषण के सरकारी और निजी आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आया है।



केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के भाटागांव स्टेशन पर 9 नवंबर की सुबह AQI 111 दर्ज किया गया था। वहीं, निजी वेबसाइट पर यह आंकड़ा 1513 तक पहुंचने का दावा किया गया है। दिवाली की रात सरकारी वेबसाइट पर कई बार No Data भी दिखाई दिया था। ऐसे में रायपुर में प्रदूषण का वास्तविक स्तर कितना था, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।



राजस्थान में अलवर से अजमेर तक प्रदूषण का असर

राजस्थान में भी दिवाली के बाद कई शहरों की हवा बेहद खराब हो गई। अलवर में AQI 465, भीलवाड़ा में 430 और अजमेर में 416 दर्ज किया गया है। भरतपुर में यह 369 और चित्तौड़गढ़ में 340 तक पहुंच गया है।



इसके अलावा श्रीगंगानगर में सोमवार सुबह AQI 322 रिकॉर्ड किया गया है। जयपुर के अलग-अलग इलाकों में यह 211 से 286 के बीच रहा। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को धूल और धुएं से बचने की सलाह दी है।



अस्पतालों में बढ़ रहे मरीज, डॉक्टर ने दी चेतावनी

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गार्गी माथुर के मुताबिक, बढ़ते प्रदूषण के कारण बच्चों में सांस से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं। पिछले एक हफ्ते में लगातार खांसी, छाती में इंफेक्शन और सांस लेने में परेशानी वाले मामलों में बढ़ोतरी हुई है।



डॉक्टर ने बताया कि प्रदूषित हवा में मौजूद छोटे-छोटे कण सांस के जरिए बच्चों के फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। खासकर जिन बच्चों को पहले से एलर्जी या अस्थमा है, उन्हें ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।



बच्चों को प्रदूषण से कैसे बचाएं?

डॉ. माथुर ने बढ़ते प्रदूषण के बीच बच्चों को बाहर खेलने भेजने से बचने की सलाह दी है। यदि स्कूल या किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े, तो सही फिटिंग वाला N95 या N99 मास्क इस्तेमाल किया जा सकता है।



घर के अंदर भी हवा साफ रखना जरूरी है। इसके लिए कमरे के आकार के अनुसार Air Purifier का इस्तेमाल कर सकते हैं। घर में धूम्रपान, अगरबत्ती और कपूर का धुआं करने से बचें।



जिन बच्चों को पहले से अस्थमा या एलर्जी है, उनकी जरूरी दवाएं और इनहेलर घर में उपलब्ध रखें। डॉक्टर की सलाह के बिना दवाएं बंद न करें। बच्चे को सांस लेने में ज्यादा परेशानी हो या सीने में जकड़न महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।



खराब हवा से अभी राहत मिलना मुश्किल?

विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों में तापमान कम होने और हवा की रफ्तार घटने से प्रदूषण लंबे समय तक वातावरण में बना रह सकता है। पटाखों के अलावा वाहनों का धुआं, सड़क की धूल और निर्माण कार्य भी हवा को खराब करते हैं।



ऐसे में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लोगों को अपने शहर का Air Quality Index देखकर ही बच्चों को बाहर भेजना चाहिए। खासकर सुबह और शाम ज्यादा प्रदूषण होने पर बाहर निकलने से बचना बेहतर है।



FAQs

  1. दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता में खराबी का मुख्य कारण क्या है?
    दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता में खराबी का मुख्य कारण आतिशबाजी से उत्पन्न धुएं और बढ़ते प्रदूषण के स्तर हैं, जिससे लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है।
  2. बच्चों में प्रदूषण के कारण क्या स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं?
    बच्चों में प्रदूषण के कारण खांसी, सांस लेने में परेशानी और छाती में इंफेक्शन जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं।
  3. बच्चों को प्रदूषण से कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है?
    बच्चों को प्रदूषण से सुरक्षित रखने के लिए उन्हें बाहर खेलने से बचाना चाहिए, और अगर बाहर जाना आवश्यक हो तो N95 या N99 मास्क का उपयोग करें। इसके अलावा, घर के अंदर हवा को साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करना चाहिए।
Tags:
  • aqi
  • Air Pollution After Diwali
  • मध्य प्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • राजस्थान
  • एयर क्वालिटी इंडेक्स
  • बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गार्गी माथुर
  • Air Purifier
  • Air Quality Index