अखिलेश यादव को चाय पिलाना पड़ा महंगा, दुकानदार को दुकान सील करने की दी धमकी
उत्तरप्रदेश फतेहपुर के अल्लीपुर बहेरा में एक चर्चित चाय होटल के मालिक के साथ शुक्रवार, 17 अप्रैल को मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। दुकानदार का कहना है कि जबसे उसने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को चाय पिलाई, तभी से उन्हें लगातार किसी न किसी तरीके से परेशान किया जा रहा है।
चाय पत्ती का सैंपल लेने पहुंची टीम
मारपीट की घटना होने से ठीक दो दिन पहले 15 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई हुई। विभागीयटीम दुकान पर सैंपल लेने पहुंची थी। टीम ने वहां से चाय पत्ती का नमूना लिया था। खास बात यह है कि जिले में पहली बार किसी छोटी सी चाय की दुकान पर इस तरह की कार्रवाई हुई है।
दुकानदार का कहना है कि अधिकारी उसे परेशान कर रहे हैं। उसका आरोप है कि अधिकारी एल्युमिनियम के बर्तनों में चाय बनाने को लेकर उसे डराते-धमकाते हैं। साथ ही उससे कहते हैं दुकान सील कर दी जाएगी।
चाय पत्ती में मिलावट की शिकायत
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर चाय पत्ती में मिलावट की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई थी। सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है।
उन्होंने धमकी देने के आरोपों को गलत बताया है। साथ ही प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने कहा कि पीड़ित के कहने पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
घटना के बाद से चाय की दुकान बंद
घटना के बाद से पीड़ित परिवार ने चाय की दुकान बंद कर दी है। दुकानदार शेषमणि ने बताया कि उनका परिवार डर के मारे है, इसलिए होटल बंद रखा गया है।
फोटो वायरल होने के बाद हुई चर्चा
बता दें कि बीती 20 फरवरी को अल्लीपुर चौकी चौराहे पर स्थित एक मशहूर चाय की दुकान पर अखिलेश यादव का काफिला रुका था। वहां उन्होंने न केवल चाय पी बल्कि दुकानदार के बेटे आर्यन यादव के काम की तारीफ भी की थी।
इसके बाद आर्यन ने अखिलेश यादव को चाय पिलाते हुए फोटो सोशल मीडिया पर डाल दी थी। फोटो के वायरल होते ही आर्यन और उसकी दुकान पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।
अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा
चाय पत्ती का सैंपल लिए जाने के मामले में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा कि पूरे प्रदेश के चाय विक्रेता पीडीए से जुड़ेंगे और एक नई चाय शुरू करेंगे जिसका नाम होगा ‘पीडीए टी’।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रिय चायवालों फतेहपुर में उन्होंने आत्मनिर्भर आर्यन की दुकान पर प्यार से चाय पी थी। इसके बाद दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा पड़ा। फिर यह कहकर धमकी दी कि तुम एल्युमीनियम के बर्तन में चाय बनाते हो दुकान सील कर देंगे।
सिलेंडर को लेकर कसा तंज
अखिलेश यादव ने सिलेंडर को लेकर तंज कसा। कहा कि अच्छा हुआ कि यह नहीं कहा गया कि लाल सिलेंडर पर चाय बनाते हो तो दुकान सील कर देंगे। वैसे यह कह भी नहीं सकते क्योंकि सिलेंडर ही मिल नहीं रहा है।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि यह धमकी उन सभी युवाओं को दी जा रही है, जो इस बेरोजगारी के दौर में छोटे कारोबार के जरिए आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने सरकारी विभाग पर लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कहा है कि इस व्यवस्था का नाम अब मिलावट विभाग होना चाहिए।
ये खबरें भी पढ़िए...
अखिलेश यादव का बड़ा बयान: 'रामभद्राचार्य पर मुकदमा वापस लेकर भूल कर दी
अखिलेश यादव का बीजेपी पर तंज, बोले जहां डबल इंजन सरकार वहां नशे की डबल सप्लाई
युवक ने फेका बादाम, हंगामा बढ़ा तो सालों से गायब फाइल चंद घंटों में मिली
ग्वालियर की महापौर पर जानलेवा हमला! बदमाशों ने रॉड से कार पर किया वार