मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से 6 रुपए तक महंगा मिलेगा दूध

Amresh Kushwaha | Nov 11, 2026, 19:47 IST
मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी दूध की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है।
Following Mother Dairy, Amul has also announced an increase in milk prices.
महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। अमूल का दूध 2 से 6 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो जाएगा। वहीं, मदर डेयरी ने भी दूध के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं।

दोनों कंपनियों के नए रेट गुरुवार, 12 नवंबर 2026 से लागू होंगे। ऐसे में अब लोगों को रोजाना इस्तेमाल होने वाले दूध के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे।



अमूल का कौन सा दूध कितना महंगा होगा?

अमूल ने अलग-अलग तरह के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। सबसे ज्यादा बिकने वाला अमूल ताजा टोन्ड दूध 2 रुपए प्रति लीटर महंगा होगा। इसकी कीमत में करीब 3.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।



वहीं, 6 प्रतिशत फैट वाला अमूल गोल्ड दूध 4 रुपए प्रति लीटर महंगा होगा। इसकी कीमत में 5.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।



सबसे ज्यादा बढ़ोतरी फुल क्रीम भैंस के दूध में हुई है। इसमें 6.5 प्रतिशत फैट होता है। इसकी कीमत 80 रुपए से बढ़कर 86 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी। यानी ग्राहकों को एक लीटर दूध पर 6 रुपए ज्यादा देने होंगे।



मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम

अमूल से पहले मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया था। दिल्ली-NCR में कंपनी के नए Milk Price इस तरह होंगे।



  • टोंड दूध (बल्क वेंडिंग मशीन) 58 से बढ़कर 60 रुपए प्रति लीटर।
  • फुल क्रीम पैकेट दूध 72 से बढ़कर 76 रुपए प्रति लीटर।
  • पैकेट वाला टोंड दूध 60 से बढ़कर 62 रुपए प्रति लीटर।
  • डबल टोंड दूध 54 से बढ़कर 56 रुपए प्रति लीटर।
  • गाय का दूध 62 से बढ़कर 65 रुपए प्रति लीटर।

मदर डेयरी दिल्ली-NCR में दूध सप्लाई करने वाली बड़ी कंपनियों में शामिल है। कंपनी अलग-अलग बाजारों में रोजाना 50 लाख लीटर से ज्यादा दूध बेचती है।



आखिर क्यों महंगा हो रहा दूध?

दूध की कीमतें बढ़ने के पीछे उत्पादन और सप्लाई का खर्च बढ़ना बताया जा रहा है। इस साल पशुओं के हरे और सूखे चारे के साथ खली, मक्का और गुड़ की कीमतें बढ़ी हैं। दूध की पैकेजिंग और ईंधन पर भी ज्यादा खर्च हो रहा है।



इसके अलावा पिछले कुछ महीनों में दूध से मिलने वाले फैट की कीमतों में करीब 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इससे डेयरी कंपनियों की Production Cost बढ़ गई है।



आमतौर पर सर्दियों में दूध का उत्पादन बढ़ता है, लेकिन इस बार दूध की उपलब्धता को लेकर दबाव बना हुआ है।



अमूल ने बताया क्यों बढ़ानी पड़ी कीमत

अमूल ब्रांड से दूध और डेयरी प्रोडक्ट बेचने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के मुताबिक, गुजरात और देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण दूध उत्पादकों की मुश्किलें बढ़ी हैं।



कंपनी का कहना है कि किसानों को दूध का बेहतर दाम देने और बढ़ते खर्च से राहत दिलाने के लिए कीमतों में बदलाव किया गया है।



36 लाख दूध उत्पादकों को मिलेगा फायदा

अमूल के मुताबिक, पिछले एक साल में उसकी सदस्य यूनियनों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में 4 से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। कंपनी ने बताया कि उसके कोऑपरेटिव मॉडल में ग्राहकों से मिलने वाली कमाई का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा 36 लाख दूध उत्पादकों तक पहुंचता है।



दूध के दाम बढ़ने से मिलने वाली अतिरिक्त रकम का बड़ा हिस्सा भी किसानों को दिया जाएगा। इससे उन्हें दूध का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।



अब हर महीने दूध पर बढ़ेगा खर्च

अमूल और मदर डेयरी की नई कीमतें 12 नवंबर से लागू हो जाएंगी। ऐसे में रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों का Monthly Budget बढ़ सकता है। खासकर जिन घरों में दूध की खपत ज्यादा है, उन्हें हर महीने पहले के मुकाबले अधिक पैसे खर्च करने होंगे।

Tags:
  • मदर डेयरी
  • अमूल दूध
  • अमूल दूध की कीमत
  • Amul Milk Price
  • Amul Milk Price Hike
  • अमूल ब्रांड
  • गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन
  • GCMMF