अरे, तेरी मति मारी गई, पाखंडी... भगवान कृष्ण पर दिए बयान को लेकर बाबा रामदेव का गुस्सा फूटा, धीरेंद्र शास्त्री पर साधा निशाना

Amresh Kushwaha | Published:
भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद के बीच योग गुरु बाबा रामदेव की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
Amid the controversy surrounding remarks made about Lord Krishna, yoga guru Baba Ramdev has issued a sharp response.
Baba Ramdev vs Dhirendra Shastri:भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए टेढ़े-मेढ़े वाले बयान पर बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब योग गुरु बाबा रामदेव ने भी इस बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। झारखंड के जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने मंच से यहां तक कह दिया कि अरे, तेरी मति मारी गई, पाखंडी। रामदेव ने साफ कहा कि देवी-देवताओं का मजाक उड़ाना या उनकी तुलना करना ठीक नहीं है। सनातन धर्म के नाम पर किसी को भी ऐसी बातें करने की छूट नहीं दी जा सकती।



पहले माफी मांगी, फिर वही बात दोहरा दी

दरअसल, पूरा विवाद भगवान राम और कृष्ण की तुलना से जुड़ा है। धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर पहले से ही नाराजगी जताई जा रही है। इसी बीच बाबा रामदेव ने जमशेदपुर में महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रम में यह मुद्दा उठा दिया।



रामदेव ने कहा कि यह सुन लो कि जो देवी-देवताओं की तुलना करे। राम महान हैं और कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं। फिर माफी मांग ले। फिर बांके-बिहारी मंदिर जाकर दर्शन करे और कहे कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं। अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी।



रामदेव का कहना था कि अगर किसी बात से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, तो माफी मांगने के बाद दोबारा उसी तरह की बात नहीं करनी चाहिए।



हम जानबूझकर बोल रहे हैं, इसलिए मंच से ठोका

कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने बेहद सख्त लहजे में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह जानबूझकर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, क्योंकि कुछ लोगों को समझाना जरूरी हो गया है। रामदेव ने कहा कि अगर कोई गलत बात करता है, तो पहले उसे समझाया जाता है। लेकिन जब वह नहीं समझता, तो मंच से बोलना पड़ता है।



उन्होंने कहा कि कल को कोई यह न बोले कि स्वामी रामदेव के रहते हुए कोई व्यक्ति पाखंड कर रहा था और स्वामी रामदेव ने नहीं टोका। इसलिए हमने मंच से ठोका है।



रामदेव के मुताबिक, सनातन के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। ऐसी बातें सुनकर उनके मन में पीड़ा होती है।



सनातन संस्कृति के नाम पर तनातनी क्यों?

बाबा रामदेव ने अपने भाषण में सनातन धर्म के नाम पर बढ़ते विवादों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सनातनी संस्कृति के नाम पर तनातनी संस्कृति देखने को मिल रही है। कुछ लोग समाज में फूट डालने और डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।



रामदेव ने सवाल उठाया कि पहले लोगों के मन में खतरे का डर पैदा करना और फिर खुद को हिंदुओं का रक्षक बताना कहां तक सही है? उनका कहना था कि धर्म का काम समाज को जोड़ना है, न कि लोगों को आपस में लड़ाना।



एक हाथ में माला, दूसरे में भाला की क्या जरूरत?

योग गुरु ने धर्म के नाम पर हथियार उठाने जैसी बातों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग एक हाथ में माला और दूसरे हाथ में भाला रखने की बात कर रहे हैं। अगर ऐसा ही करना है, तो फिर पुलिस का क्या काम रह जाएगा?



रामदेव ने कहा कि देश संविधान, कानून और लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है। लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कानून और प्रशासन की है। उनके मुताबिक, समाज को भड़काने के बजाय लोगों को योग, ज्ञान और अनुशासन की राह दिखानी चाहिए। उन्होंने आत्मानुशासन को सबसे जरूरी बताया।



वेद-पुराण पढ़े नहीं और धर्म पर ज्ञान देने लगे

अपने भाषण में बाबा रामदेव ने उन कथावाचकों पर भी निशाना साधा, जो उनके मुताबिक धर्म की सही जानकारी के बिना विवादित बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं और न पुराण, लेकिन मंच पर खड़े होकर कुछ भी बोलते रहते हैं।



रामदेव ने आरोप लगाया कि सनातन के नाम पर लोगों को भड़काने वाले कुछ कथाकार धार्मिक उन्माद फैलाकर उनका शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पाखंड का सबसे ज्यादा नुकसान महिलाओं को उठाना पड़ता है। इस दौरान उन्होंने लोगों, खासकर महिलाओं से अंधविश्वास से बचने की अपील भी की।



करवाचौथ को कमस चौथ कहने पर भी भड़के

बाबा रामदेव ने सिर्फ भगवान कृष्ण से जुड़े बयान पर ही नाराजगी नहीं जताई, बल्कि करवाचौथ को लेकर की गई टिप्पणी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि करवाचौथ को कमस चौथ कहना ठीक नहीं है। हमारे व्रत, त्योहार, माता-पिता, रिश्ते और धार्मिक परंपराएं सम्मान के प्रतीक हैं। इनका मजाक नहीं बनाया जाना चाहिए।



रामदेव ने कहा कि आजकल कुछ लोग रील और कॉमेडी के नाम पर किसी भी समाज या वर्ग का मजाक उड़ा देते हैं। लेकिन हंसी-मजाक की भी एक मर्यादा होनी चाहिए। उनका साफ कहना था कि किसी की धार्मिक आस्था या परंपरा का अपमान करना सही नहीं है।



कुछ दिन पहले ही धीरेंद्र शास्त्री से गले मिले थे रामदेव

इस पूरे मामले में दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिन पहले ही बाबा रामदेव और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक ही मंच पर दिखाई दिए थे। उत्तर प्रदेश के कुंडा में आयोजित राम कथा के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। उस समय दोनों के गले मिलने की तस्वीर भी सामने आई थी।



लेकिन अब भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान के बाद रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री की तीखी आलोचना की है।



बांके बिहारी मंदिर में नाक रगड़कर मांगी थी माफी

विवाद बढ़ने के बीच धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने भगवान के सामने नाक रगड़कर माफी मांगी थी। हालांकि, इसके बाद भी कृष्ण के 'टेढ़े' होने से जुड़ी टिप्पणी को लेकर विवाद बना रहा। इसी बात पर बाबा रामदेव ने नाराजगी जताई है।



उधर, यादव महासभा भी पहले से ही धीरेंद्र शास्त्री के बयान का विरोध कर रही है।



धार्मिक बयानबाजी पर क्यों बढ़ रहा विवाद?

बाबा रामदेव के इस बयान ने धार्मिक मंचों से इस्तेमाल होने वाली भाषा और उसकी मर्यादा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। रामदेव का कहना है कि भगवान राम, कृष्ण या किसी भी देवी-देवता की तुलना करके उन्हें छोटा-बड़ा दिखाना उचित नहीं है। उन्होंने शैव, वैष्णव और शाक्त परंपराओं के साथ साधु-संतों का सम्मान बनाए रखने की भी बात कही।



अब सवाल यह है कि जब धार्मिक मंचों से कही गई बात लाखों लोगों तक पहुंचती है, तो क्या बोलने वालों को अपने शब्दों की जिम्मेदारी नहीं लेनी चाहिए? बाबा रामदेव ने इसी मुद्दे को उठाते हुए साफ कर दिया है कि उनके मुताबिक धर्म के नाम पर विवादित बयानबाजी और लोगों की आस्था का मजाक किसी भी तरह स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Tags:
  • Baba Ramdev criticizes Dhirendra Shastri
  • बाबा रामदेव का धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना
  • भगवान कृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री का बयान
  • भगवान कृष्ण
  • पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री