भारत टैक्सी ऐप से मिलेगी मेट्रो टिकट बुक करने की सुविधा, किराया भी कम
देश की पहली सहकारी कैब टैक्सी सर्विस, भारत टैक्सी ऐप अब लॉन्च हो चुकी है। इसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में शुरू किया है। यह ऐप अब एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध है। कई लोग इसका इस्तेमाल भी कर रहे हैं।
शुरुआत में ही ये देखा गया है कि भारत टैक्सी ऐप में कैब, बाइक, टैक्सी, ऑटो के साथ-साथ मेट्रो बुकिंग की सुविधा भी है, जो इसे दूसरे कैब ऐप्स से अलग बनाता है।
खास बात ये है कि भारत टैक्सी एक सहकार मॉडल पर काम करता है, इसलिए ये ऐप लॉन्च से पहले ही चर्चा में आ गया था। इसमें कहा जा रहा है कि किराया बाकी प्लेटफॉर्म्स की तुलना में कम है और ड्राइवर से कोई कमीशन नहीं लिया जाता है।
इसका मतलब ये है कि पूरा किराया सीधे ड्राइवर के खाते में जाता है। ड्राइवर सिर्फ सर्विस प्रोवाइडर नहीं होते, बल्कि इस प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार भी होते हैं। तो अब हम आपको बताते हैं भारत टैक्सी ऐप के सभी फीचर्स।
हिंदी सहित कई भाषाओं में ऐप
भारत टैक्सी ऐप में यूजर्स की सुविधा के लिए हिंदी, इंग्लिश, गुजराती और मराठी जैसी भाषाओं का सपोर्ट दिया गया है। आप ऐप की सेटिंग्स में जाकर आसानी से अपनी पसंदीदा भाषा बदल सकते हैं। भविष्य में और भी भारतीय भाषाएं इस ऐप में जोड़ी जा सकती हैं।
ऐप में रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
भारत टैक्सी ऐप में रजिस्ट्रेशन करने के लिए सबसे पहले मोबाइल नंबर से लॉगिन करना पड़ता है। नंबर डालने के बाद ओटीपी से वेरिफिकेशन होता है। फिर अपना नाम डालकर रजिस्ट्रेशन पूरा करना होता है। इसके बाद आप ऐप की सभी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऐसा होगा भारत टैक्सी एप का इंटरफेस
भारत टैक्सी ऐप का इंटरफेस बहुत ही आसान और यूजर-फ्रेंडली है। ऐप खोलते ही स्क्रीन पर आपको कहां जाना चाहेंगे? लिखा दिखता है। राइड बुक करते वक्त आपको भारत बाइक, भारत ऑटो, कैब इकोनॉमी और कैब प्रायोरिटी जैसे कई ऑप्शन मिलते हैं।
ओला और उबर से सस्ती राइड
किराए की बात करें तो भारत टैक्सी के रेट्स ओला और उबर से सस्ते दिख रहे हैं। नोएडा जैसे इलाकों में टैक्सी बुक करते वक्त कम वेटिंग टाइम के साथ गाड़ियां आसानी से मिल जाती हैं। ऐप में सर्ज प्राइसिंग का सिस्टम भी नहीं है, यानी बारिश, ट्रैफिक या पीक आवर्स में किराया नहीं बढ़ेगा।
फेवरेट प्लेस का ऑप्शन
अब यूजर्स को ऐप में अपने घर या ऑफिस जैसे फेवरेट एड्रेस सेव करने का ऑप्शन मिलेगा। इसका मतलब यह है कि बार-बार एड्रेस डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी, और बस एक क्लिक में राइड बुक की जा सकेगी।
मेट्रो टिकट बुकिंग की मिलेगी सुविधा
भारत टैक्सी ऐप की एक खास बात ये है कि अब आप इसमें मेट्रो टिकट भी बुक कर सकते हैं। इसके लिए आपको सर्विस कैटेगरी में जाकर मेट्रो टिकट का ऑप्शन चुनना होता है। फिर स्टेशन सेलेक्ट करने के बाद यूपीआई के जरिए पेमेंट कर सकते हैं।
अभी दिल्ली एनसीआर में उपल्ब्ध है ये ऐप
यह ऐप अभी दिल्ली एनसीआर में उपलब्ध है। भारत टैक्सी का ट्रायल पहले दिल्ली और गुजरात के राजकोट में किया गया था, जो सफल रहा। अब इसे दिल्ली एनसीआर में लॉन्च कर दिया गया है। आगे इसे मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में भी लॉन्च करने की योजना है।
सेफ्टी के लिए फीचर
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐप में एक एसओएस बटन दिया गया है। इस बटन को दबाते ही एक मैसेज ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट तक भेज दिया जाता है। इससे मदद जल्दी मिल सकती है। साथ ही लाइव ट्रैकिंग और आसान यूजर इंटरफेस के साथ भारत टैक्सी खुद को एक सुरक्षित और सस्ता ऑप्शन बना रही है।
पूरी कमाई ड्राइवर की होगी
निजी कंपनियां जैसे ओला और उबर अपने ड्राइवरों से आमतौर पर 20% से 30% तक कमीशन लेती हैं। भारत टैक्सी ने इसके लिए एक नया तरीका अपनाया है। इसमें जीरो-कमीशन मॉडल है। इसका मतलब ये है कि ड्राइवर जो भी कमाई करेगा वो बिना किसी कटौती के पूरी की पूरी उसकी होगी।
इसके साथ ही ग्राहकों के लिए भी एक अच्छी खबर है। इसमें सर्ज-प्राइसिंग का सिस्टम नहीं होगा। यानी पीक टाइम्स में ज्यादा किराया नहीं लिया जाएगा। इससे यात्रियों को सही कीमत पर टैक्सी मिल सकेगी।
देश से हर राज्य में शुरू करने का टारगेट
भारत टैक्सी का उद्देश्य अगले दो साल में देश के हर राज्य और बड़े शहरों में अपनी सर्विस शुरू करना है। इसके लिए इसे सरकार के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के साथ जोड़ा जाएगा। दिल्ली के 7 बड़े जगहों पर ड्राइवरों के लिए सपोर्ट सेंटर भी बनाए गए हैं।
कौन चलाएगा भारत टैक्सी
भारत टैक्सी को अब सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड चलाएगा। यह एक सदस्यता आधारित मॉडल है। यह कंपनी जून में 300 करोड़ रुपए के निवेश के साथ शुरू हुई थी।
यह सेवा एप आधारित होगी और डिजिटल इंडिया का हिस्सा होगी। इसे चलाने के लिए एक संचालन परिषद बनाई जाएगी। इस परिषद के चेयरमैन होंगे अमूल के एमडी जयेन मेहता, और वाइस चेयरमैन एनसीडीसी के उप प्रबंधक निदेशक रोहित गुप्ता होंगे। इसके अलावा 8 और सदस्य भी होंगे, जो विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े हैं। इस बोर्ड की पहली बैठक 16 अक्टूबर को हो चुकी है।
2030 तक भारत टैक्सी सेवा कैसे बढ़ेगी?
भारत टैक्सी की सर्विस मार्च 2026 तक राजकोट, मुंबई और पुणे में शुरू होगी। इसमें 5 हजार ड्राइवर होंगे। फिर अप्रैल से दिसंबर 2026 तक लखनऊ, भोपाल और जयपुर में भी सर्विस शुरू होगी। ड्राइवरों की संख्या 15 हजार तक पहुंच जाएगी।
2027-28 तक भारत टैक्सी पैन इंडिया सर्विस में 20 शहरों में 50 हजार ड्राइवरों के साथ पहुंचेगी। 2028 से 2030 तक यह सेवा गांवों और जिला मुख्यालयों तक पहुंच जाएगी, जहां 1 लाख ड्राइवरों के साथ काम होगा।
भारत टैक्सी का इतना होगा किराया..
| श्रेणी | भारत टैक्सी | ओला (औसत) | उबर (औसत) |
| न्यूनतम किराया | 30 रुपए (4 किमी तक) | 40-50 रुपए (3-4 किमी तक) | 40-55 रुपए (3-4 किमी तक) |
| 4-12 किमी | 23 रुपए/किमी | 25 रुपए/किमी | 26 रुपए/किमी |
| 12 किमी से ऊपर | 18 रुपए/किमी | 20 रुपए/किमी | 22 रुपए/किमी |
| सर्ज प्राइसिंग | नहीं | हां (पीक ऑवर में) | हां (पीक ऑवर में) |
| ड्राइवर संख्या | 4 लाख | 15-20 लाख | 10-15 लाख |
| पंजीकृत यात्री | 10 लाख | 20-25 करोड़ | 15-20 करोड़ |
| भारच टैक्सी की विशेषता | विवरण |
| लॉन्चिंग की तारीख | 6 जून 2025 |
| कुल रजिस्टर्ड यूजर्स | 1 लाख से ज्यादा |
| कुल ड्राइवर्स की संख्या | 3 लाख से ज्यादा |
| महिला सशक्तिकरण | 150+ महिला ड्राइवर्स (बाइक दीदी) |
| डेली राइड्स | 10,000 रोजाना |
| ड्राइवर्स को किया गया पेमेंट | 10 करोड़ रुपए |
| सर्विस एरिया | दिल्ली-NCR और गुजरात |
FAQ
- भारत टैक्सी की सर्विस कैसे ले सकते हैं?
भारत टैक्सी का ऐप ओला और उबर की तरह होगा। ऐप हिंदी, गुजराती, मराठी और अंग्रेजी में होगा। - भारत टैक्सी में ड्राइवरों को क्या फायदा मिलेगा?
भारत टैक्सी में ड्राइवर को अपनी पूरी कमाई मिलेगी। ड्राइवर को केवल एक छोटा सा शुल्क देना होगा, जो दैनिक, साप्ताहिक या मासिक हो सकता है। - भारत टैक्सी में महिला ड्राइवर का क्या रोल होगा?
इसमें महिला ड्राइवरों के लिए खास योजना है। पहले चरण में 100 महिलाएं ड्राइवर के तौर पर जुड़ेंगी। 2030 तक इनकी संख्या 15 हजार तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए 15 नवंबर से फ्री ट्रेनिंग और बीमा की सुविधा भी दी जा
ये खबरें भी पढ़िए...
सरकार का बड़ा कदम : ओला-उबर ड्राइवर को राइड कैंसिल करने पर लगेगा 10% जुर्माना
एग्रीगेटर पॉलिसी: कैब कंपनियों पर सख्ती, अब सरकार तय करेगी टैक्सी का किराया
धार्मिक नगरी उज्जैन में पॉड टैक्सी: 1900 करोड़ रुपए से बदलेगा शहर का ट्रैफिक सिस्टम
रैपिडो ड्राइवर के खाते में आए 331 करोड़ रुपए, मनी लॉन्ड्रिंग का चौंकाने वाला खुलासा, VIP शादी में खर्च