बस ड्राइवर निकला अरबपति! घर से मिला 28 करोड़ कैश और 15 किलो सोना

Sandeep Kumar | Jul 30, 2026, 22:45 IST
बस ड्राइवर निकला करोड़पति
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में पुलिस छापेमारी में पूर्व बस ड्राइवर मिनार मंडल के घर से 28.5 करोड़ कैश और 15 किलो सोना बरामद हुआ। आरोपी गिरफ्तार, मामले में TMC के दोनों गुट आमने-सामने आ गए हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • बंगाल के बीरभूम में बड़ी नकदी बरामद हुई।
  • पूर्व बस ड्राइवर के घर छापेमारी हुई।
  • जांच में 28 करोड़ रुपए कैश मिला।
  • करीब 15 किलो सोना भी बरामद किया गया।
  • आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू हुई।

कैसे हुई छापेमारी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मिनार मंडल के घर में भारी मात्रा में नकदी छिपाई गई है। इसी सूचना पर बुधवार रात छापेमारी शुरू हुई। शुरुआत में करीब 20 करोड़ रुपए कैश मिला था।



पूरी रात चली गिनती के बाद यह रकम बढ़कर 28.5 करोड़ हो गई। कैश को लोहे के बक्सों में भरकर मोहम्मद बाजार थाने ले जाया गया। वहां से इसे बैंक में जमा कराया जाएगा।



घर से मिला सोना भी

पुलिस को घर से 14 गोल्ड बार भी मिले, जिनका वजन एक-एक किलो था। इसके अलावा 10 गोल्ड बिस्किट भी बरामद हुए, हर एक का वजन 100 ग्राम था। इन सबकी कुल कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।



आरोपी कौन है और किससे जुड़ा है

गिरफ्तार आरोपी मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था। बाद में वह स्टोन कारोबार से जुड़ गया। पूछताछ में उसने बताया कि यह कैश और सोना फरार कारोबारी तुलु मंडल का है। आरोपी तुलु मंडल का मैनेजर और रिश्तेदार बताया जा रहा है।



तुलु मंडल को पूर्व TMC नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है। उल्लेखनीय है कि तुलु मंडल ने 2024 में अपनी बेटी की करीब 100 करोड़ रुपए की शादी कराई थी, जो उस समय भी काफी चर्चा में रही थी। बताया जा रहा है कि नोट गिनते-गिनते 5 मशीनें खराब हो गई है।



तुलु मंडल पर पहले से लगे हैं आरोप

पुलिस को शक है कि यह नकदी पत्थर खदानों से वसूले गए सरकारी राजस्व का हिस्सा हो सकती है। आरोप है कि यह राशि सरकारी खजाने में जमा कराने के बजाय हड़प ली गई। तुलु मंडल पर 2016-17 के दौरान भी टैक्स वसूली में गड़बड़ी के आरोप लगे थे।



बता दें कि तुलु मंडल इससे पहले भी जांच एजेंसियों की नजर में रह चुका है। 2022 में एक तस्करी मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने उसके ठिकानों पर छापा मारा था। हालांकि इन आरोपों पर अब तक कोई अंतिम अदालती फैसला नहीं आया है।



मुख्यमंत्री ने की कार्रवाई की तारीफ

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर छापेमारी की तस्वीरें भी साझा कीं।



मुख्यमंत्री ने लिखा कि यह कार्रवाई माफिया सिंडिकेट के खिलाफ बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि जनता की संपत्ति लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



TMC में मचा सियासी घमासान

इस बरामदगी के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के दोनों गुट एक-दूसरे पर आरोपियों से जुड़े होने के आरोप लगा रहे हैं। TMC विधायक कुणाल घोष ने कहा कि जरूरत पड़ने पर संबंधित नेताओं से भी पूछताछ होनी चाहिए।



TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने भी इस मुद्दे पर टिप्पणी की और जांच की मांग दोहराई। वहीं दूसरे गुट के विधायक प्रसून बनर्जी ने पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया।



आगे की जांच जारी

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम आखिर कहां से आई। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।



FAQ

  1. बीरभूम छापेमारी में कितना कैश और सोना मिला?
    पुलिस को छापेमारी में 28.5 करोड़ रुपए कैश और 15 किलो सोना मिला। सोने की कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। कुल बरामदगी करीब 50 करोड़ रुपए की है।
  2. गिरफ्तार आरोपी कौन है?
    गिरफ्तार आरोपी का नाम मिनार मंडल है, जो पहले बस ड्राइवर था। पूछताछ में उसने बताया कि यह रकम कारोबारी तुलु मंडल की है। तुलु मंडल फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें...

भारतीय हॉकी टीम के भगवा जर्सी पर उठा विवाद, विपक्ष ने सरकार को घेरा



Top News: खबरें काम की... नेपाल कावड़ यात्रा में हिंसा; दो की मौत



MP में शुरू हुआ युवा डेटा बैंक मिशन! विकास की तैयारी या नई सियासी रणनीति?



राष्ट्रपति भवन के विशेष अतिथि बने बस्तर के मांझी-चालकी, राष्ट्रपति ने परोसा भोजन





Tags:
  • परिवहन विभाग
  • तृणमूल कांग्रेस
  • पश्चिम बंगाल
  • बीरभूम
  • शुभेंदु अधिकारी