Birsa Munda Jayanti: 24 साल की उम्र में अंग्रेजों को दी चुनौती, कैसे आदिवासियों के भगवान बने धरती आबा

Kaushiki | Published:
15 नवंबर को बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है। जानें कौन थे धरती आबा
Birsa Munda Jayanti 2026: Born on November 15, 1875, Birsa Munda was a tribal freedom fighter and social reformer who led the Ulgulan movement against British rule.
Birsa Munda Jayanti 2026: देशभर में 15 नवंबर को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है। साल 2026 में उनकी 151वीं जयंती मनाई जाएगी। बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया था। उन्होंने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।

उनके साहस और संघर्ष के कारण लोग उन्हें प्यार से धरती आबा यानी धरती का पिता कहते हैं। बिरसा मुंडा सिर्फ एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के बड़े जननायक और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने आदिवासियों को एकजुट किया और अंग्रेजी शासन के साथ शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन चलाया।



​बिरसा मुंडा जयंती​

कौन थे बिरसा मुंडा और कहां हुआ था जन्म

बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी के उलीहातू गांव में हुआ था। यह गांव आज झारखंड के खूंटी जिले में स्थित है। उनके पिता का नाम सुगना मुंडा और माता का नाम करमी हातू था। बिरसा मुंडा का परिवार मुंडा आदिवासी समुदाय से था।



बचपन से ही उन्होंने आदिवासी समाज की परेशानियों को करीब से देखा था। उस समय अंग्रेजों की नीतियों और स्थानीय शोषणकारी व्यवस्था के कारण कई आदिवासी परिवार अपनी जमीन और परंपरागत अधिकारों से वंचित हो रहे थे। इन परिस्थितियों ने बिरसा मुंडा को संघर्ष के लिए प्रेरित किया।



आखिर इतने प्रसिद्ध क्यों हुए बिरसा मुंडा

बिरसा मुंडा ने बहुत कम उम्र में आदिवासियों को उनके अधिकारों के लिए एकजुट करना शुरू कर दिया था। उन्होंने समाज में जागरूकता फैलाने के साथ लोगों को शोषण के खिलाफ खड़े होने का संदेश दिया। उन्होंने अंग्रेजों की जमीन और राजस्व से जुड़ी नीतियों का विरोध किया।



उनका उद्देश्य आदिवासी समुदाय की जमीन, संस्कृति और परंपरागत अधिकारों की रक्षा करना था। बिरसा मुंडा ने अपने आंदोलन के जरिए अंग्रेजी शासन को चुनौती दी। यही वजह है कि वे आदिवासी समाज में साहस, संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक बन गए।



​बिरसा मुंडा जयंती​

क्या था बिरसा मुंडा का उलगुलान आंदोलन

बिरसा मुंडा के नेतृत्व में चलाए गए आंदोलन को उलगुलान कहा जाता है। इसका अर्थ बड़ा विद्रोह या व्यापक हलचल है। साल 1899-1900 में यह आंदोलन अंग्रेजी शासन के खिलाफ तेज हुआ। इसमें आदिवासियों ने जमीन पर अपने अधिकारों और शोषण से मुक्ति की मांग उठाई।



इस Tribal Movement ने छोटानागपुर क्षेत्र में ब्रिटिश शासन को चुनौती दी। हालांकि, अंग्रेजों ने इस आंदोलन को दबा दिया, लेकिन बिरसा मुंडा का संघर्ष आदिवासी अधिकारों के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया।



सिर्फ 25 साल की उम्र से पहले हो गया निधन

बिरसा मुंडा का जीवन बहुत छोटा रहा, लेकिन उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण था। अंग्रेजों ने उन्हें साल 1900 में गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया।



उस समय उनकी उम्र सिर्फ 24 साल थी। इतनी कम उम्र में उन्होंने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और अंग्रेजी शासन के खिलाफ संगठित करने का काम किया।



उनके निधन के बाद भी आदिवासी जमीन के अधिकारों से जुड़े संघर्ष जारी रहे। आगे चलकर 1908 में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम लागू हुआ, जिसने आदिवासी भूमि अधिकारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



​बिरसा मुंडा जयंती​

मध्य प्रदेश से बिरसा मुंडा का क्या है नाता

बिरसा मुंडा का जन्म मध्य प्रदेश में नहीं, बल्कि वर्तमान झारखंड में हुआ था। उन्होंने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए अंग्रेजों से संघर्ष किया। उनका आंदोलन मुख्य रूप से छोटानागपुर क्षेत्र में चला, लेकिन वे मध्य प्रदेश के आदिवासी समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।



15 नवंबर 2021 को भोपाल में पहला जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। इसी दिन भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन करने के बाद उसका लोकार्पण हुआ। रानी कमलापति गोंड इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण शख्सियत थीं। साथ ही भोपाल में बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन किया गया था।



बिरसा मुंडा की जयंती पर एमपी में क्या-क्या होगा

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को मध्य प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। धार जिले के डही में मुख्य समारोह होगा। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।



सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण:



  • मुख्य समारोह के दौरान डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। इसी दिन आलीराजपुर जिले के जोबट में भी कार्यक्रम होगा। प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक आयोजन रखे गए हैं। जबलपुर में 14 नवंबर को कार्यक्रम के बाद 16 नवंबर को खंडवा और शहडोल के ब्यौहारी में राज्य स्तरीय समारोह होंगे।

जनजातीय विकास पर सरकार का जोर:



  • मुख्यमंत्री मोहन यादव के मुताबिक, जनजातीय कल्याण योजनाओं का बजट बढ़ाकर 47 हजार 295 करोड़ रुपए किया गया है। सरकार 51 जिलों के 11 हजार 377 गांवों में करीब 19 लाख आदिवासी परिवारों तक आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर काम कर रही है।

महिलाओं और परिवारों को मिल रहा लाभ:



  • बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति की महिला मुखियाओं को आहार अनुदान योजना के तहत हर महीने 1500 रुपए दिए जा रहे हैं। प्रदेश में 3.15 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें 1.60 लाख से ज्यादा बन चुके हैं। वहीं, 6396 गांवों में हर घर जल की सुविधा पहुंचाई गई है। पीएम जनमन अभियान में भी 1.89 लाख आवास मंजूर हुए हैं।

शिक्षा, रोजगार और संस्कृति पर विशेष ध्यान:



  • प्रदेश में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 2671 छात्रावास और 153 विशिष्ट आवासीय विद्यालय संचालित हैं। सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ जनजातीय भाषाओं और संस्कृति के संरक्षण पर भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आकांक्षा योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
​बिरसा मुंडा जयंती​

आज भी क्यों याद किए जाते हैं धरती आबा

भारत सरकार ने साल 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती यानी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस (Janjatiya Gaurav Diwas) के रूप में मनाने का फैसला लिया। इस दिन बिरसा मुंडा सहित देश के आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और योगदान को याद किया जाता है।



बिरसा मुंडा ने कम उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन चलाया और आदिवासियों को एकता, आत्मसम्मान और अपने अधिकारों के लिए लड़ने का संदेश दिया। उन्हें प्यार से धरती आबा कहा जाता है। खास बात यह है कि 15 नवंबर 2000 को ही झारखंड राज्य का भी गठन हुआ था।



FAQs:



  1. बिरसा मुंडा कौन थे और उनका जन्म कब हुआ था?
    बिरसा मुंडा एक महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक थे। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था।
  2. बिरसा मुंडा को धरती आबा क्यों कहा जाता है?
    बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को संगठित किया और जमीन, जंगल तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके अनुयायियों ने उन्हें विशेष सम्मान दिया और वे धरती आबा के नाम से प्रसिद्ध हुए।
  3. बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस क्यों मनाया जाता है?
    भारत सरकार ने 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। इसका उद्देश्य बिरसा मुंडा और देश के अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सम्मान देना है।
Tags:
  • Birsa Munda Jayanti 2026
  • बिरसा मुंडा जयंती
  • Birsa Munda History
  • धरती आबा
  • Janjatiya Gaurav Divas
  • Tribal Freedom Fighter
  • Ulgulan Movement
  • बिरसा मुंडा और एमपी
  • Madhya Pradesh Tribal History
  • Birsa Munda Biography