क्या धमकियों के निशाने पर हैं बॉलीवुड सितारे? तुषार, टाइगर से लेकर अमिताभ तक धमकियों का साया, सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता
हालांकि, मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में आवाज का सैंपल मैच नहीं होने से कॉल के फर्जी होने का शक है। लेकिन मामला सिर्फ तुषार कपूर तक सीमित नहीं है। दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा पर हमले की चेतावनी और टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग जैसी घटनाओं के दावों ने बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या मुंबई में एक बार फिर 90 के दशक जैसा अंडरवर्ल्ड का खौफ लौट रहा है या धमकियों के जरिए डर और दहशत फैलाने की कोशिश हो रही है?
तुषार कपूर से फिरौती की कॉल
तुषार कपूर को फोन पर खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताने वाले व्यक्ति ने पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। तुषार ने मुंबई पुलिस को जानकारी दी। जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने कॉल की रिकॉर्डिंग की तुलना हैरी बॉक्सर के ऑफिसियल ऑडियो सैंपल से की। पुलिस के मुताबिक दोनों आवाजें मेल नहीं खातीं, इसलिए कॉल फर्जी होने का शक है। पुलिस अब धमकी भरी ऑडियो भेजने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है।
हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग का नाम
आपको बता दें कि हैरी बॉक्सर पर बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों को धमकी देने के आरोप हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उसने रणवीर सिंह के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी की जिम्मेदारी भी उसी ने ली थी। ये सभी आरोप पुलिस रिकॉर्ड में शामिल है।
दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट
खबरों के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ का कार्यक्रम 15 नवंबर को इंदौर के C-21 मैदान में होना है। लेकिन अभी हाल ही में दिलजीत को खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए। ईमेल में शो के दौरान ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है। ईमेल में भेजने वालों के नाम भी लिखे गए हैं। इसके साथ ही तीन स्कूलों को भी धमकी मेल मिले हैं, जिनमें बच्चों को कॉन्सर्ट में न भेजने को कहा गया। पुलिस ने ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
अमिताभ बच्चन का जलसा बंगला
23 अक्टूबर 2026 को मुंबई के एक स्कूल और BMC के दफ्तर में धमकी भरा ईमेल आया था। इसमें अमिताभ बच्चन के जुहू बंगले जलसा का नाम था। खबरों के मुताबिक, ईमेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच हमले की बात लिखी गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की और कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। उसी दिन जलसा के बाहर एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। लेकिन यह अभी साफ नहीं है कि धमकी में बंगले का भी जिक्र था या नहीं।
टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी
18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलीं। वे फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। राजस्थान की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और कोटा पुलिस ने 19 अक्टूबर को कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को पकड़ा।
खबरों के मुताबिक, इसके बाद हरियाणा से और आरोपी गिरफ्तार हुए और कुल संख्या 10 बताई गई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम पर जिम्मेदारी लेने वाले संदेश भी सामने आए। एक ऑडियो में सलमान खान से माफी मांगने की मांग भी थी। पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने यह भी कहा है कि टाइगर असली निशाना नहीं थे।
सेलिब्रिटी सुरक्षा पर बढ़ते सवाल
इन घटनाओं ने एक बड़ा सवाल उठाया है। असली धमकी और फर्जी धमकी में फर्क कैसे किया जाए। गैंग का नाम लेकर डर फैलाना भी एक तरीका बन गया है। ऐसे में पुलिस की तकनीकी जांच और सतर्कता दोनों जरूरी हैं।
आम लोगों को भी अफवाहों से बचना चाहिए और सिर्फ आधिकारिक बयान पर भरोसा करना चाहिए। आने वाले दिनों में पुलिस की जांच से साफ होगा कि ईमेल किसने भेजे और असली खतरा कितना है। इंदौर कॉन्सर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और आयोजक की घोषणा पर नजर रखना जरूरी है।
FAQs:
- तुषार कपूर को फिरौती की कॉल क्यों मिली?
तुषार कपूर को खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताने वाले व्यक्ति ने पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी, जिसे तुषार ने मुंबई पुलिस को सूचित किया। - दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को धमकी कैसे मिली?
दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए एक ईमेल में शो के दौरान बम ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है। - टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना की क्या जानकारी है?
18 अक्टूबर 2026 को टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियों की बौछार हुई, जिसमें पुलिस ने जांच शुरू की और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया।