150 साल तक जिएगा इंसान? हार्वर्ड प्रोफेसर का दावा-22वीं सदी देखने वाला बच्चा भी पैदा हो चुका
समझें क्या है पूरा मामला...
- हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के प्रोफेसर डेविड सिंक्लेयर ने लंबी उम्र को लेकर नई बहस छेड़ी है।
- उनका मानना है कि 150 साल तक जीना संभव है।
- सिंक्लेयर के मुताबिक ऐसा व्यक्ति पैदा भी हो चुका है।
- उनका कहना है कि आज पैदा हुए बच्चे 22वीं सदी तक जिंदा रह सकते हैं।
- एआई और हेल्थकेयर में हो रहे बदलाव इसकी वजह बताए जा रहे हैं।
न्यूयॉर्क से आई इस रिपोर्ट ने दुनियाभर के वैज्ञानिकों के बीच चर्चा शुरू कर दी है। सिंक्लेयर लंबे समय से एजिंग रिसर्च से जुड़े रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले पांच साल में दुनिया बहुत बदली है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी टेक्नोलॉजी होंगी जिनकी आज कल्पना करना भी मुश्किल है।
एजिंग को रोकने की कोशिश
सिंक्लेयर के दावे के पीछे सिर्फ बेहतर इलाज की सोच नहीं है। वैज्ञानिक अब कैंसर, हार्ट डिजीज और अल्जाइमर जैसी बीमारियों से अलग-अलग लड़ने की जगह एक नया रास्ता अपना रहे हैं। वे बुढ़ापे की पूरी जैविक प्रक्रिया को ही निशाना बना रहे हैं। इसे जेरोसाइंस कहा जाता है।
इस दिशा में वैज्ञानिक शरीर की कोशिकाओं की सफाई पर काम कर रहे हैं। एआई (AI – Artificial Intelligence) से बनी दवाओं पर भी रिसर्च चल रहा है। शरीर की 'बायोलॉजिकल क्लॉक' को समझने की कोशिश भी जारी है।
चार बड़ी रिसर्च दिशाएं
पहली दिशा है एपिजेनेटिक रीप्रोग्रामिंग। इसमें कोशिका की बायोलॉजिकल मेमोरी बदलकर उसे फिर से जवान बनाने की कोशिश की जाती है।
दूसरी दिशा सेनोलिटिक्स कहलाती है। इसमें उम्र के साथ जमा होने वाली खराब कोशिकाओं को चुनकर हटाने वाली दवाओं पर काम हो रहा है।
तीसरी दिशा में कोशिकाओं के बूढ़े होने की रफ्तार घटाई जा रही है। डायबिटीज और किडनी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कुछ दवाओं का एंटी एजिंग असर जांचा जा रहा है। इम्यून सिस्टम को कंट्रोल करके उम्र बढ़ाने के कई प्रयोग जानवरों पर सफल भी रहे हैं।
चौथी दिशा एआई के इस्तेमाल से जुड़ी है। हाल ही में एक एआई-जनरेटेड दवा रेंटोसर्टिब का क्लिनिकल ट्रायल हुआ। इस दवा ने फेफड़ों की बीमारी ठीक करने के साथ मरीजों की बायोलॉजिकल उम्र भी घटाई।
अभी की सबसे लंबी उम्र
इंसान की अब तक दर्ज सबसे लंबी उम्र 122 साल 164 दिन है। यह रिकॉर्ड फ्रांस की जीन लुईस कैलमेंट के नाम है। वैज्ञानिक अब इस सीमा को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
हालांकि कुछ रिसर्चर इतने बड़े दावों से सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि 150 साल जीने की बात हकीकत बनने में अभी वक्त लगेगा।
न्यूरोसाइंटिस्ट जेनफर गिरोसन के मुताबिक मौजूदा हालात में इंसानी उम्र ज्यादा से ज्यादा 125 साल तक पहुंच सकती है। उनका कहना है कि 150 साल जीने की बात अभी सिर्फ एक थ्योरी है।
अरबपतियों का बड़ा निवेश
दुनिया के सबसे बड़े रईस भी लंबी उम्र पर बड़ा दांव लगा रहे हैं। इस तरह की रिसर्च पर भारी भरकम रकम खर्च हो रही है। सिलिकॉन वैली के अमीरों के अलावा बड़े एक्टर, एंटरप्रेन्योर और टेक गुरु भी इसमें पैसा लगा रहे हैं।
ट्रांसप्लांट, जीन थेरेपी और बायोलॉजिकल रिप्लेसमेंट जैसे प्रयोगों में भी निवेश हो रहा है। इस मुहिम से ब्रायन जॉनसन, जेफ बेजोस और सैम ऑल्टमैन जैसे दिग्गज जुड़े हैं। यह दिखाता है कि लंबी उम्र अब सिर्फ साइंस का नहीं, बड़े बिजनेस का भी विषय बन चुकी है।
ये खबरें भी पढ़िए...
भारतीयों में तेजी से बढ़ रहा नया ट्रैवल क्रेज, अब बिना प्लान के ट्रिप पर निकल रहे लोग
देश दुनिया न्यूज: प्लास्टिक कचरे से बनेगा पेट्रोल और डीजल,अमेरिकी वैज्ञानिकों की बड़ी खोज
AI और डॉग्स मिलकर करेंगे कैंसर की पहचान, मेडिकल साइंस में भारत की बड़ी खोज
सावधान! बाजार में आए 70 करोड़ के नकली सिक्के, रोजाना हो रही थी 12 हजार की सप्लाई