कांग्रेस बोली- ओवैसी की शेरवानी के नीचे खाकी निक्कर, ओवैसी का पलटवार-कांग्रेस के तेलंगाना अध्यक्ष का रिमोट मोहन भागवत के पास

Chandresh Sharma | Nov 14, 2023, 24:00 IST
कांग्रेस बोली- ओवैसी की शेरवानी के नीचे खाकी निक्कर, ओवैसी का पलटवार-कांग्रेस के तेलंगाना अध्यक्ष का रिमोट मोहन भागवत के पास
कांग्रेस और आवैसी एक-दूसरे को RSS का समर्थक बता रहे हैं। तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने ओवैसी के कपड़ों पर कमेंट कर एक सभा में कहा था कि ओवैसी शेरवानी के नीचे खाकी निक्कर पहनते हैं।

HYDERABAD. तेलंगाना के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आवैसी एक-दूसरे को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का समर्थक बता रहे हैं। तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने ओवैसी के कपड़ों पर कमेंट कर एक सभा में कहा था कि ओवैसी शेरवानी के नीचे खाकी निक्कर पहनते हैं। रेड्डी ने आरोप लगाया कि ओवैसी और भाजपा मिले हुए हैं। हमें राज्य से दोनों को हटाना है। दूसरी ओर, एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने इसका जवाब देते हुए तल्खी जाहिर की। उन्होंने कहा- कांग्रेस की हमारी दाढ़ी और कपड़ों पर कमेंट करने की आदत है। रेड्डी खुद आरएसएस से आए हैं। उनका रिमोट कंट्रोल मोहन भागवत के पास है।



ओवैसी बोले- ये कुत्ते की सीटी वाली पॉलिटिक्स



ओवैसी हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा- रेड्डी के पास हमारे खिलाफ आलोचना करने के लिए कुछ भी नहीं है। फिर वो कपड़ों और दाढ़ी पर चले जाते हैं। इसे डॉग विशल पॉलिटिक्स (कुत्ते की सीटी) वाली राजनीति कहते हैं। ओवैसी ने आगे रेड्डी को आरएसएस की कठपुतली बताया और कहा- भाजपा और कांग्रेस के बीच कोई अंतर नहीं है।



रेड्डी आरएसएस से जुड़े रहे, फिर एबीवीपी में गए, अब कांग्रेस के साथ



रेड्डी को लेकर ओवैसी ने आगे कहा- तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख ने निक्कर पहनकर आरएसएस सदस्य के रूप में शुरुआत की और फिर एबीवीपी में चले गए, फिर तेलुगु देशम में शामिल हो गए और अब कांग्रेस में आ गए। किसी ने सही कहा है कि कांग्रेस के गांधी भवन पर मोहन भागवत का कब्जा है और वे जैसे चाहें कांग्रेस चलाएं।



आरोप : मोदी की भाषा बोलते हैं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष



सीएए (नागरिकता संशोधन अधिनियम) विरोध प्रदर्शन को याद करते हुए, ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि प्रदर्शनकारियों को उनके पहनावे से पहचाना जा सकता है। यही बात रेवंत रेड्डी करते हैं जब वो मेरी शेरवानी के बारे में बोलते हैं। मालूम हो, तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग होगी और 3 दिसंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा।



हैदराबाद में 39 साल से ओवैसी परिवार का कब्जा



संसद के अंदर और बाहर भाजपा पर सबसे तीखा हमला करने वाले असदुद्दीन ओवैसी तेलंगाना में चुनाव प्रचार करते हैं तो उनके निशाने पर कांग्रेस ज्यादा रहती है, लेकिन आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि पूरे देश में चुनाव लड़ने वाले ओवैसी अपने गृह राज्य तेलंगाना की 119 सीटों में सिर्फ 9 पर चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 7 सीटें उनके गढ़ हैदराबाद की हैं। हैदराबाद लोकसभा सीट पर 39 साल से ओवैसी परिवार का कब्जा है।



Tags:
  • Telangana elections
  • तेलंगाना चुनाव
  • Congress and Owaisi clash
  • Asaduddin Owaisi attacks Congress in RSS in Hyderabad
  • कांग्रेस और औवेसी भिड़े
  • असदुद्दीन ओवैसी आरएसएस में
  • हैदराबाद में कांग्रेस पर हमला