भारत में फिर कोरोना की दस्तक, 20 दिन में मिले 13 नए मरीज, चार की मौत

Aman Vaishnav | Jul 17, 2026, 14:51 IST
भारत में कोरोना की दस्तक
भारत में कोरोना की एक बार फिर दस्तक हो गई है। पिछले 20 दिनों में कोरोना के 13 नए मरीज सामने आए हैं और 4 की मौत हो चुकी है। कोरोना के संपर्क में आने से पहले बचाव के आसान तरीके...

समझें क्या है पूरा मामला...

  • इंडिया में कोरोना के केस एक बार फिर बढ़ने लगे हैं।
  • बीते 20 दिनों में कोरोना के 13 नए केस दर्ज हुए हैं।
  • वहीं अब तक चार मरीजों की मौत हो चुकी है।
  • मामले बढ़ने के बाद सरकार और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गए हैं।

कडप्पा में सबसे ज्यादा मामले

कोविड-19 को लेकर देशभर में लोग भले ही निश्चिंत हो गए हों, लेकिन यह वायरस अभी पूरी तरह गया नहीं है। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं।



यहां अब तक 8 केस दर्ज किए जा चुके हैं। इसके अलावा गुंटूर में तीन, विशाखापट्टनम में एक और काकीनाडा में एक कोरोना पॉजिटिव कामामला सामने आया है।



राज्य में अब तक कोरोना वायरससे चार लोगों की मौत हो चुकी है। कई संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनमें ज्यादातर मरीज हल्के लक्षणों के साथ घर पर ही ठीक हो रहे हैं। स्थिति फिलहाल पूरी तरह काबू में बताई जा रही है।COVID19 Cases



अस्पतालों में इलाज जारी

बता दें कि अभी दो कोविड मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। कृष्णा जिले की एक महिला भी कोरोना से संक्रमित पाई गई है। उसका इलाज एम्स में किया जा रहा है।



वहीं संक्रमित मरीजों के सैंपल जांच के लिए पुणे की एक लैब भेजे गए हैं। यहां जीनोम सीक्वेंसिंग के जरिए वायरस के स्वरूप की पहचान की जाएगी। इससे यह पता चल सकेगा कि नया वैरिएंट कितना खतरनाक है।



सरकार अलर्ट, टेस्टिंग तेज

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सरकार सक्रिय हो गई है। अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अस्पतालों में टेस्टिंग बढ़ाने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार मुख्यमंत्री जल्द ही इस मुद्दे पर समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं।



अधिकारियों ने आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से मास्क पहनने और भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने को कहा गया है। सरकार ने बचाव के उपायों पर खास ध्यान देने के निर्देश जारी किए हैं। कडप्पा के आरआईएमएस अस्पताल में एक अलग कोविड वॉर्ड भी बनाया गया है।



डॉक्टरों के मुताबिक जिन चार मरीजों की मौत हुई, वे पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। यानी कोरोना के साथ पहले से मौजूद बीमारियां भी मौत की एक वजह बनीं। सरकार ने बताया कि राज्य में इस साल का पहला कोविड केस जून में सामने आया था।



corona-cases-india-rise-alert


मामलों की टाइमलाइन

जानकारी के अनुसार 1 जुलाई से राज्य में मामले बढ़ने शुरू हुए थे। 16 जुलाई तक कुल 11 नए केस दर्ज किए जा चुके थे। यह बढ़ोतरी लगातार जारी है, जिसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में मामलों की संख्या और बढ़ सकती है।



ओडिशा में भी सतर्कता

आंध्र प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ने से पड़ोसी राज्य ओडिशा भी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देशभर में कोविड-19 की स्थिति पर पैनी नजर रख रही है।



महालिंग ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे देश के हालात की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। ओडिशा का स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार बताया जा रहा है।



कोरोना से बचने के आसान तरीके

हाथों की सफाई रखें :अपने हाथों को समय-समय पर साबुन और पानी से कम से कम 20–30 सेकंड तक अच्छी तरह धोएं। अगर साबुन-पानी न हो, तो हैंड सैनिटाइज़र का इस्तेमाल करें।



बार-बार चेहरा न छुएं: बिना हाथ धोए अपनी आंख, नाक और मुंह को छूने से बचें। इससे वायरस शरीर में जा सकता है।



भीड़ से थोड़ा बचकर रहें: जहां ज्यादा भीड़ हो, वहां जाने से बचें। अगर जाना जरूरी हो, तो लोगों से थोड़ी दूरी बनाकर रखें।



जरूरत पड़ने पर मास्क पहनें: अगर आप भीड़-भाड़ वाली जगह पर हैं या ऐसी जगह हैं जहां हवा का आना-जाना कम है, तो अच्छी तरह फिट होने वाला मास्क जरूर पहनें।



अच्छा खाना खाएं, शरीर की ताकत बढ़ाएं: रोज ताजे फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक खाना खाएं। ज्यादा तला-भुना और जंक फूड कम खाएं।



गुनगुना पानी और घरेलू चीजों का इस्तेमाल करें: गुनगुना पानी पीने की आदत डालें। चाहें तो गिलोय, तुलसी, आंवला और नींबू जैसी चीजों का भी सेवन कर सकते हैं। ये शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।



घर और आसपास साफ रखें: दरवाजों के हैंडल, मोबाइल, टेबल जैसी चीजों को समय-समय पर साफ और सैनिटाइज करते रहें।



अगर बुखार, खांसी या सांस लेने में दिक्कत हो: ऐसे लक्षण दिखें तो दूसरों से थोड़ी दूरी रखें, आराम करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लें।



ये खबरें भी पढ़िए...

एमपी में बढ़ा खसरा का खतरा! टीकाकरण के बाद भी बढ़ रहे मरीज, घर-घर जाकर चलेगा अभियान



चॉकलेट-चिप्स बच्चों के लिए खतरा, एमपी में 35 लाख से ज्यादा बच्चे एनीमिया पीड़ित



एमपी में बढ़ रहे बीपी के पेशेंट, हर चौथा व्यक्ति हाई बीपी का शिकार, हार्ट पर पड़ रहा असर



एमपी में गर्मी से गाढ़ा हो रहा खून! ब्रेन स्ट्रोक और किडनी डैमेज के बढ़ रहे मरीज



Tags:
  • कोरोना
  • कोरोना वायरस
  • Covid
  • कोरोना पॉजिटिव
  • COVID19 Cases
  • इंडिया में कोरोना के केस