Zoom, CNN, HSBC समेत दुनिया की 178 बड़ी वेबसाइटों पर साइबर हमला, कहीं आप भी तो नहीं हुए शिकार?
कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें दुनिया की 178 बड़ी वेबसाइटों को निशाना बनाया गया है।
इस साइबर हमले की चपेट में Zoom, HSBC, CNN, Salesforce, IKEA और Equifax जैसी बड़ी कंपनियों की वेबसाइटें आई हैं। हैरानी की बात यह है कि हैकर्स का मकसद सिर्फ वेबसाइट को नुकसान पहुंचाना नहीं था, बल्कि उन पर आने वाले आम लोगों की जेब और निजी जानकारी तक पहुंच बनाना था।
कैसे हो रही थी लोगों का डेटा चुराने की कोशिश?
इस पूरे मामले में हैकर्स ने वेबसाइटों में इस्तेमाल होने वाले एक प्लेटफॉर्म Optimizely के जरिए खतरनाक JavaScript Code पहुंचाया। इस कोड की मदद से वेबसाइट पर आने वाले यूजर्स को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
हैकर्स की नजर खासतौर पर लोगों के क्रेडिट कार्ड नंबर और क्रिप्टोकरेंसी पर थी। अगर कोई व्यक्ति क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान करता, तो उसके पेमेंट एड्रेस को बदलकर हैकर्स अपने वॉलेट का पता डाल सकते थे। यानी पैसा जिस व्यक्ति या कंपनी के पास जाना चाहिए, उसकी जगह सीधे साइबर अपराधियों के खाते में पहुंच सकता था।
इतना ही नहीं, ऑनलाइन खरीदारी या पेमेंट करने वाले लोगों के कार्ड नंबर चुराने की भी कोशिश की गई। इसके अलावा यूजर्स की Cookies और स्क्रीनशॉट हासिल करने के साथ-साथ iPhone और दूसरे iOS डिवाइस में मैलवेयर डालने की कोशिश भी की गई।
178 वेबसाइटों पर कैसे पहुंचा खतरा?
साइबर सुरक्षा शोधकर्ता ने सोमवार को इस मामले का खुलासा किया। सुरक्षा फर्म Hudson Rock ने भी इन वेबसाइटों के जरिए विजिटर्स तक खतरनाक कोड पहुंचाए जाने के सबूत मिलने की पुष्टि की है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि हर वेबसाइट पर हैकर्स अपने इरादों में सफल हुए या नहीं। न्यूज एजेंसी Reuters भी फिलहाल यह पुष्टि नहीं कर पाई है कि इस हमले से कुल कितना आर्थिक नुकसान हुआ है।
Salesforce ने उठाया कदम, बाकी कंपनियों का जवाब नहीं
मामला सामने आने के बाद Salesforce ने बताया कि वह Optimizely की स्क्रिप्ट में किए गए अनधिकृत बदलावों की जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर संबंधित स्क्रिप्ट को बंद भी कर दिया गया है।
वहीं, Optimizely, Apple, Zoom, HSBC, Equifax, CNN और IKEA की ओर से Reuters के सवालों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
आम यूजर्स के लिए क्यों जरूरी है यह खबर?
इस घटना से साफ है कि इंटरनेट पर किसी बड़ी और मशहूर वेबसाइट का इस्तेमाल करना भी हर स्थिति में पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है। कई बार खतरा सीधे वेबसाइट से नहीं, बल्कि उसमें इस्तेमाल होने वाले किसी तीसरे पक्ष के टूल या कोड के जरिए आता है।
इसलिए ऑनलाइन पेमेंट करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। अनजान लिंक से बचें, वेबसाइट का पता जांचें और अपने बैंक या कार्ड से जुड़े मैसेज पर नजर रखें। खासकर क्रिप्टोकरेंसी से भुगतान करते समय वॉलेट एड्रेस को अच्छी तरह जांच लें।
क्योंकि इंटरनेट की दुनिया में एक छोटी सी लापरवाही भी आपकी निजी जानकारी और मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकती है।
FAQs
- यह साइबर हमला किस प्रकार की वेबसाइटों पर हुआ है?
यह साइबर हमला दुनिया की 178 बड़ी वेबसाइटों पर हुआ है, जिनमें Zoom, HSBC, CNN, Salesforce, IKEA और Equifax जैसी कंपनियाँ शामिल हैं। - साइबर हमलावरों का मुख्य उद्देश्य क्या था?
साइबर हमलावरों का मुख्य उद्देश्य वेबसाइट को नुकसान पहुँचाना नहीं, बल्कि उपयोगकर्ताओं की निजी जानकारी और पैसे चुराना था, विशेष रूप से क्रेडिट कार्ड नंबर और क्रिप्टोकरेंसी के भुगतान को निशाना बनाना। - इस साइबर हमले से आम उपयोगकर्ताओं को क्या सावधानी बरतने की आवश्यकता है?
आम उपयोगकर्ताओं को ऑनलाइन पेमेंट करते समय एहतियात बरतनी चाहिए, जैसे अनजान लिंक से बचना, वेबसाइट का पता जांचना और अपने बैंक या कार्ड से जुड़े मैसेज पर ध्यान देना। खासकर क्रिप्टोकरेंसी का भुगतान करते समय वॉलेट एड्रेस की जांच करना आवश्यक है।