सीएम के नाम के ऐलान के बाद आतिशी की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, BJP पर जमकर साधा निशाना

Raj Singh | Sept 17, 2024, 13:40 IST
THE STOOR
दिल्ली की अगली सीएम आतिशी मार्लेना होंगी। उन्हें अरविंद केजरीवाल का बेहद करीबी माना जाता है। सीएम के नाम के ऐलान के बाद आतिशी मीडिया से मुखातिब हुईं। इस दौरान उन्होंने आप सुप्रीमो का आभार जताया।

दिल्ली की कमान अब आतिशी मार्लेना के हाथ में होगा। 15 सितंबर को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी के दफ्तर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ऐलान किया था कि वह दो दिन बाद सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे। इसी के मद्देनजर आज आप विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में आप विधायकों ने आतिशी को विधायक दल का नेता चुना। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आतिशी ने मीडिया को संबोधित किया और अरविंद केजरीवाल का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा।



'दिल्ली का एक ही सीएम वो अरविंद केजरीवाल'

दिल्ली AAP विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद आतिशी ने कहा कि सबसे पहले मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करना चाहती हूं, जो मेरे गुरु हैं। जिन्होंने मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी, मुझ पर भरोसा जताया। ये सिर्फ AAP में हो सकता है जहां फर्स्ट टाइम पॉलिटिशियन एक राज्य की मुख्यमंत्री बनी। मैं एक सामान्य परिवार से आती हूं। अगर किसी और पार्टी में होती तो शायद चुनाव की टिकट भी नहीं मिलती।



दिल्ली सीएम की कमान संभालने जा रही आतिशी ने आगे कहा कि जितना सुख आज मेरे मन में है उससे ज्यादा दुख भी मेरे मन में है क्योंकि अरविंद केजरीवाल आज इस्तीफा दे रहे हैं। दिल्ली की 2 करोड़ जनता की तरफ से मैं जरूर कहना चाहती हूं कि दिल्ली का एक ही मुख्यमंत्री है और उसका नाम अरविंद केजरीवाल है।



BJP के प्रयास हुए असफल- गोपाल राय

केजरीवाल सरकार में मंत्री गोपाल राय ने भी जमकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि BJP ने तमाम प्रयास किए कि अरविंद केजरीवाल जी इस्तीफा दे दें, लेकिन उन्होंने दिल्ली के लोगों के हित के लिए जेल में रहते हुए इस्तीफा नहीं दिया और जेल से सरकार चलाई। जेल से आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने जनता की अदालत में अग्नि परीक्षा देने का फैसला लिया और इस्तीफा देने का ऐलान करने के साथ कहा कि अब जब तक दिल्ली की जनता उन्हें वोट देकर मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, तब तक वह CM की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे।



शाम 4.30 बजे सीएम पद से देंगे इस्तीफा

इसके अलावा गोपाल राय ने बताया कि शाम 4.30 बजे दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल अपना इस्तीफा देने के लिए उपराज्यपाल के पास जाएंगे। इसके बाद नई सरकार बनाने की दावेदारी विधायक दल की तरफ से पेश की जाएगी।



मनोज झा ने क्या कहा?

आरजेडी नेता मनोज झा ने आतिशी के दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वह दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा देकर चुनाव का सामना करेंगे। मैं आतिशी को शुभकामनाएं देता हूं।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • अरविंद केजरीवाल
  • AAP
  • Arvind Kejariwal
  • AAP Aadmi Party
  • दिल्ली सीएम
  • आतिशी
  • सीएम आतिशी
  • CM Atishi
  • आतिशी मार्लेना
  • New CM Atishi