एक-दो नहीं, करीब 20 महिला कांस्टेबलों से लड़ाया इश्क! प्यार के नाम पर 23 साल के लड़के ने ऐंठे 24 लाख
बताया जा रहा है कि उसने करीब 24 लाख रुपए की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के बुराड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
फिल्मी लेडीज वर्सेस रिकी बहल जैसा ठगी
साल 2011 में रणवीर सिंह की फिल्म 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' आई थी। फिल्म में रणवीर ने रिकी बहल का किरदार निभाया था। वह अलग-अलग नामों से महिलाओं के करीब जाता था। पहले प्यार का भरोसा दिलाता था। फिर पैसे लेकर गायब हो जाता था।
अब दिल्ली में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। पुलिस ने 23 साल के विक्रांत तोमर को गिरफ्तार किया है। उस पर महिला पुलिस कांस्टेबलों को शादी का झांसा देकर ठगने का आरोप है। जांचकर्ताओं को शक है कि उसने करीब 20 महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। इन महिलाओं से लगभग 24 लाख रुपए ठगने की बात सामने आई है।
इंस्टाग्राम पर दिखाता था अपनी अमीरी
पुलिस के मुताबिक विक्रांत तोमर इंस्टाग्राम पर महिलाओं से दोस्ती करता था। वह खुद को बड़ा बिजनेसमैन बताता था। अपने अकाउंट पर महंगी गाड़ियों के वीडियो डालता था। इसके जरिए वह अपनी आलीशान जिंदगी दिखाने की कोशिश करता था।
जांचकर्ताओं का कहना है कि वह महिलाओं को अपनी अमीरी का भरोसा दिलाता था। इसके बाद उनसे बातचीत बढ़ाता था और शादी का वादा करता था। पुलिस को शक है कि महिलाओं का भरोसा जीतने के बाद वह उनसे पैसे मांगता था।
आठ घंटे किराये पर लेता था लग्जरी कार
पुलिस जांच में विक्रांत तोमर की दिखावटी जिंदगी से जुड़ी एक और बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक वह खुद को अमीर दिखाने के लिए महंगी कारें किराये पर लेता था। इन कारों को करीब आठ घंटे के लिए बुक करता था। फिर महिलाओं को इन्हीं गाड़ियों में घुमाने ले जाता था। इससे महिलाओं को लगता था कि विक्रांत बड़ा कारोबारी है और उसके पास खूब पैसा है। पुलिस का कहना है कि वह लग्जरी लाइफ दिखाकर महिलाओं को प्रभावित करता था। आरोप है कि इसी तरह उसने कई महिलाओं का भरोसा जीता।
शादी और निवेश का झांसा देकर पैसे ऐंठने का आरोप
पुलिस जांच में पता चला है कि विक्रांत महिलाओं को शादी का भरोसा दिलाता था। इसके बाद कभी अपनी जरूरत बताकर तो कभी किसी परेशानी का बहाना बनाकर पैसे मांगता था। कुछ महिला कांस्टेबलों को निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच भी दिया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इसी तरह महिलाओं से पैसे लिए। आशंका है कि करीब 20 महिला कांस्टेबल उसके झांसे में आई हैं। हालांकि अभी सभी महिला कांस्टेबलों ने पुलिस में शिकायत नहीं की है। यही वजह है कि आरोपी ने किस महिला से कितने पैसे लिए हैं, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
महिला कांस्टेबल की शिकायत से सामने आया मामला
इस पूरे मामले का खुलासा दिल्ली की एक महिला कांस्टेबल की शिकायत के बाद हुआ है। महिला करोल बाग थाने में तैनात है। उसने आरोप लगाया कि विक्रांत तोमर ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पता चला कि दूसरी महिला कांस्टेबलों के साथ भी ऐसे मामले सामने आए हैं। पुलिस को शक है कि विक्रांत ने कई महिलाओं को इसी तरह अपने जाल में फंसाया है। इसके बाद पुलिस ने उसे दिल्ली के बुराड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
महिला कांस्टेबलों तक कैसे पहुंचा आरोपी?
जांच में विक्रांत के निजी संबंधों को लेकर भी खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह दिल्ली पुलिस की एक महिला कांस्टेबल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बताया जा रहा है कि महिला उसी बैच की थी जिसकी दूसरी कांस्टेबलों को आरोपी ने निशाना बनाया है। पुलिस को शक है कि विक्रांत ने अपनी पार्टनर के जरिए उसकी साथी कांस्टेबलों की जानकारी जुटाई होगी। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विक्रांत दूसरी महिला कांस्टेबलों के संपर्क में कैसे आया।
विक्रांत तोमर के खिलाफ पांच FIR दर्ज
रिपोर्ट के मुताबिक विक्रांत तोमर के खिलाफ पहले से पांच FIR दर्ज हैं। वह एक पुराने मामले में जमानत पर बाहर आ चुका है। अब उस पर धोखाधड़ी के नए आरोप भी लगे हैं। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है। अदालत ने अभी आरोपों पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है।
सोशल मीडिया पर क्यों कहा जा रहा रिकी बहल?
यह मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की गई है। पोस्ट में 20 महिला कांस्टेबलों से 24 लाख रुपए ठगने का दावा किया गया है। इसके बाद लोग आरोपी की तुलना फिल्म के किरदार रिकी बहल से करने लगे हैं। एक यूजर ने उसे असल जिंदगी का रिकी बहल बताया है। दूसरे ने ठगी की रकम और महिलाओं की संख्या पर हैरानी जताई है। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि एक ही पुलिस बैच की इतनी महिलाएं धोखाधड़ी का शिकार कैसे हो गईं। आरोपी के कथित ठगी के तरीके पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उसे 'जेन Z का रिकी बहल' कहा जाने लगा है।