Live Blog
<b>Anti CEC CJP Protest: ध्रुव राठी का लंदन में प्रदर्शन का ऐलान, बोले- ‘वोट चोर’ को बेनकाब करने का वक्त</b>

Synopsis: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। Cockroach Janta Party (CJP) और All India Students' Association (AISA) ने आज 16 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और SIR प्रक्रिया का विरोध करेंगे।

CEC के खिलाफ प्रदर्शन से जुड़ी अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग पर बने रहें।
Oct 17, 2026, 15:12 IST
ध्रुव राठी का लंदन में प्रदर्शन का ऐलान, बोले- ‘वोट चोर’ को बेनकाब करने का वक्त

यूट्यूबर ध्रुव राठी ने लंदन में प्रदर्शन का ऐलान किया है। उन्होंने लोगों से रविवार दोपहर 12 बजे पार्लियामेंट स्क्वायर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के बाहर जुटने की अपील की है।
राठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अब ‘वोट चोर और लोकतंत्र के हत्यारों’ की सच्चाई दुनिया के सामने लाने का समय है। उन्होंने पोस्ट में “इंटरनेशनल डंका बजाने का टाइम आ गया है” लिखते हुए ‘जय हिंद’ के साथ संदेश समाप्त किया।

Oct 17, 2026, 12:47 IST
ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी, 2018 के मानहानि मामले से जुड़ा है केस

यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ दिल्ली की एक अदालत ने 2018 के मानहानि मामले में जमानती वारंट जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला मई 2018 में प्रकाशित उनके एक वीडियो से जुड़ा है।
आरोप है कि वीडियो में ध्रुव राठी ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की IT सेल ने उन्हें बदनाम करने के लिए एक व्यक्ति को रिश्वत देने की कोशिश की थी। मामला इसी कथित दावे को लेकर दर्ज किया गया था।

Oct 16, 2026, 16:58 IST
अभिजीत दीपके हिरासत में, कनॉट प्लेस पर प्रदर्शन से पहले पुलिस की कार्रवाई

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार शाम हिरासत में ले लिया। दीपके ने CJP सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि, प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

Oct 16, 2026, 15:00 IST
अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस का नोटिस, तिरंगा मार्च निकालने पर रोक

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को नोटिस जारी किया। पुलिस टीम झंडेवालान स्थित उस घर पर पहुंची, जहां दीपके ठहरे हुए हैं। उन्हें कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च नहीं निकालने का नोटिस दिया गया।

Oct 16, 2026, 14:01 IST
CJP Protest Today: कनॉट प्लेस में लहरा दो तिरंगा मार्च आज, सेंट्रल पार्क सील, 28 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आज 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन प्रस्तावित है। चुनाव सुधारों की मांग और दो नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में हजारों युवाओं के जुटने की संभावना है।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने धारा 144 लागू कर सेंट्रल पार्क को बंद कर दिया है और चेतावनी दी है कि बिना अनुमति प्रदर्शन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। सीजेपी (CJP) संस्थापक अभिजीत दिपके का कहना है कि पुलिस द्वारा रास्ते बंद करने के बावजूद वे पीछे नहीं हटेंगे और जेल जाने को भी तैयार हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यहां 28 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।

Oct 11, 2026, 16:02 IST
CJP का देशभर में प्रदर्शन का ऐलान

CJP नेताओं ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन देशभर में फैलाने का ऐलान किया। पार्टी ने केंद्र सरकार पर ट्रेनें रद्द करने, प्रदर्शन पर पाबंदियां लगाने और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के जरिए ‘आपातकाल जैसे हालात’ बनाने का आरोप लगाया।

Oct 11, 2026, 13:09 IST
सुप्रीम कोर्ट का आदेश- दिल्ली में बैरिकेडिंग हटाएं, मेट्रो और इंटरनेट सेवाएं हों सामान्य

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पुलिस लोगों को दिल्ली आने-जाने से नहीं रोक सकती। कोर्ट ने अंतरिम आदेश में कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ी चुनौती नहीं होने पर मेट्रो का संचालन सामान्य रूप से होना चाहिए।
कोर्ट ने इंटरनेट सेवाएं बहाल करने और वकीलों के कामकाज में बाधा नहीं डालने का भी निर्देश दिया। साथ ही दिल्ली पुलिस को पूरे शहर में बैरिकेडिंग हटाने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

Oct 11, 2026, 13:09 IST
CJP का देशभर में प्रदर्शन का ऐलान, सरकार पर ‘आपातकाल जैसे हालात’ बनाने का आरोप

CJP नेताओं ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन देशभर में फैलाने का ऐलान किया। पार्टी ने केंद्र सरकार पर ट्रेनें रद्द करने, प्रदर्शन पर पाबंदियां लगाने और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के जरिए ‘आपातकाल जैसे हालात’ बनाने का आरोप लगाया।

Oct 11, 2026, 11:13 IST
अभिजीत दीपके समेत 3 नेता को एक साल तक शांति भंग नहीं करने का आदेश


नई दिल्ली: CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को अदालत से रिहाई मिल गई है। CJP के वकील के मुताबिक, रिहाई की शर्तों में एक साल तक शांति भंग नहीं करना शामिल है। तीनों को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से हिरासत में लिया गया था।

Oct 11, 2026, 11:12 IST
अभिजीत दीपके समेत 3 CJP नेता कोर्ट से रिहा, शनिवार को विमान से हिरासत में लिया था

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली की अदालत ने रिहा कर दिया है। तीनों को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान उतरने के बाद हिरासत में लिया गया था।
रविवार सुबह दिल्ली कैंट स्थित कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत से उन्हें रिहाई मिली। तीनों की एहतियातन गिरफ्तारी CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान हुई थी।

Oct 10, 2026, 17:57 IST
मुंबई में अभिनेता इमरान खान हिरासत में, अगस्त क्रांति मैदान से पुलिस ने पकड़ा

CJP के प्रदर्शन के समर्थन में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के बीच अभिनेता इमरान खान को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान से हिरासत में ले लिया गया। यह मैदान प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया था।

Oct 10, 2026, 17:47 IST
सोमवार को INDIA गठबंधन का बड़ा प्रदर्शन, ममता बनर्जी भी होंगी शामिल

CJP प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में INDIA गठबंधन सोमवार को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करेगा। इसकी योजना सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकालने की है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हिरासत की कार्रवाई के बाद दिल्ली में ही रुकेंगी और प्रदर्शन में शामिल होंगी। वहीं, TMC सांसद अभिषेक बनर्जी भी प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता से दिल्ली आएंगे।

Oct 10, 2026, 16:28 IST
द्वारका नॉर्थ थाने में ममता बनर्जी का धरना, बोलीं- आज कोलकाता नहीं लौटूंगी

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 5 अन्य सांसदों के साथ द्वारका नॉर्थ पुलिस स्टेशन में धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि उन्हें अगवा कर दो घंटे तक पुलिस वैन में घुमाया गया।
ममता बनर्जी ने कहा, “मैं आज रात कोलकाता वापस नहीं लौटूंगी।” उन्होंने यह भी बताया कि वह सोमवार को INDIA गठबंधन के मार्च में शामिल होंगी।

Oct 10, 2026, 15:41 IST
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल समेत AAP के कई नेता हिरासत में

जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और दुर्गेश पाठक को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सख्ती और तनाव बढ़ने के बीच हुई।

Oct 10, 2026, 14:55 IST
दिल्ली में ममता बनर्जी हिरासत में, साउथ एवेन्यू पर दे रही थीं धरना

तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह साउथ एवेन्यू में पार्टी के अन्य नेताओं के साथ धरने पर बैठी थीं। यह कार्रवाई CJP के प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी विरोध के बीच हुई है।

Oct 10, 2026, 14:23 IST
नेहा बोरा समर्थकों के साथ जंतर-मंतर की ओर बढ़ीं

CJP के प्रदर्शन के बीच नेहा बोरा प्रदर्शनकारियों के साथ दिल्ली हाट से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रही हैं। उनके साथ प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव और दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई अन्य प्रदर्शनकारी भी मार्च कर रहे हैं।

Oct 10, 2026, 14:07 IST
दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन से पहले प्रदर्शनकारी हिरासत में

CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली के कनॉट प्लेस में सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

Oct 10, 2026, 14:00 IST
CJP प्रोटेस्ट के बीच अभिजीत दीपके की दादी का निधन, दिल्ली पुलिस की हिरासत में दीपके

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी का महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पैतृक गांव संतुक पिंपरी में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। फिलहाल अभिजीत दीपके दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।

Oct 10, 2026, 13:29 IST
अभिजीत दीपके की हिरासत के बाद अजिंक्य शिंदे संभालेंगे प्रदर्शन की कमान, 30 मिनट में मार्च

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की हिरासत के बाद अब अजिंक्य शिंदे प्रदर्शन की कमान संभालेंगे। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में विरोध मार्च 30 मिनट में शुरू होने वाला है।

Oct 10, 2026, 13:29 IST
मुंबई में तुषार गांधी हिरासत में, अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन का ऐलान

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में भी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया। इसी बीच महात्मा गांधी के परपोते और ‘हम भारत के लोग’ संगठन के अध्यक्ष तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें बांद्रा इलाके से हिरासत में लेकर डीएन नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।

Oct 10, 2026, 13:03 IST
राहुल गांधी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार जाएंगे, यह सरकार भी जाएगी’

CJP के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “ज्ञानेश कुमार जाएंगे। यह सरकार जाएगी। इसके बाद लोकतंत्र की मरम्मत शुरू होगी।” राहुल गांधी के इस बयान को SIR विवाद और चुनाव आयोग के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।

Oct 10, 2026, 12:53 IST
अभिजीत दीपके समेत 3 नेता अलग-अलग हिरासत में, अब तक 400 प्रदर्शनकारी पकड़े गए

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में अलग-अलग रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, तीनों नेताओं को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है।
इस बीच, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई जारी है। अब तक करीब 400 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली इलाके में फिलहाल शांति है, लेकिन सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है।

Oct 10, 2026, 12:52 IST
अभिजीत दीपके की मां बोलीं- ‘सरकार गलत कर रही है’

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की हिरासत के बाद उनकी मां ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मुझे बहुत बुरा लग रहा है। वह युवा देश के लिए अच्छा काम कर रहा है। सरकार गलत कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि आंबेडकरवादी लोग सरकार को सबक सिखाएंगे और उसे उसके कामों का परिणाम दिखाएंगे।

Oct 10, 2026, 12:32 IST
चंडीगढ़ में मनीष सिसोदिया और AAP कार्यकर्ता हिरासत में

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शनिवार को पंजाब AAP के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने सिसोदिया समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

Oct 10, 2026, 12:13 IST
केजरीवाल बोले- ‘ज्ञानेश कुमार ही नहीं, मोदी भी जाएं’, हिरासत पर उठाए सवाल

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के अन्य सदस्यों की हिरासत पर आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को फ्लाइट से उतरते ही हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को लेकर कहा कि यह “डर का अभूतपूर्व स्तर” दिखाता है।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जाना चाहिए, लेकिन मोदी को भी जाना चाहिए। उन्होंने मौजूदा स्थिति की तुलना आपातकाल से करते हुए आरोप लगाया, “यह आपातकाल से भी बदतर है। हम मोदी के नेतृत्व वाली पूर्ण तानाशाही में रह रहे हैं।”

Oct 10, 2026, 11:26 IST
दिल्ली एयरपोर्ट पर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके हिरासत में लिए गए

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनकी फ्लाइट उतरने के कुछ मिनट बाद दिल्ली पुलिस के जवान विमान के अंदर पहुंचे।
इस दौरान दीपके ने पुलिस से कहा, “मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए।” इस पर पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया, “नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। कृपया सहयोग करें।”

Oct 10, 2026, 10:59 IST
दिल्ली पहुंचे CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, IGI एयरपोर्ट पर IB-CISF और पुलिस तैनात

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच गए हैं। उनके पहुंचने के दौरान IGI एयरपोर्ट पर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), CISF और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहे।

Oct 10, 2026, 09:59 IST
CJP के प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी हिरासत में

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज यानी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुलाया गया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बाद से ही राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने की खबर भी सामने आई है। CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस तैनात है। दिल्ली की सीमाओं पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली आने-जाने वाली 150 से ज्यादा ट्रेनें रद्द की गई हैं। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन भी बंद किए गए हैं। कई सड़कों पर आवाजाही को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। दिल्ली आने वाले लोगों और वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर है।

Oct 09, 2026, 17:41 IST
दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP प्रदर्शन के चलते कई इलाकों में बंद रहेगा इंटरनेट

10 अक्टूबर को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। हालांकि, पूरे दिल्ली में इंटरनेट पूरी तरह बंद नहीं रहेगा। सुरक्षा कारणों से जंतर-मंतर और केंद्रीय दिल्ली के कुछ संवेदनशील इलाकों में मोबाइल इंटरनेट पर अस्थायी पाबंदी लगाई जा सकती है।

Oct 09, 2026, 14:12 IST
‘मुझे गिरफ्तार करिए’, मेट्रो-ट्रेन बंद होने पर बोले अभिजीत दीपके

CJP के अभिजीत दीपके ने मेट्रो और ट्रेनों के बंद होने को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “मुझे गिरफ्तार करिए। आधिकारिक तौर पर इमरजेंसी लागू है, आंदोलन होकर रहेगा।” यह बयान SIR के विरोध में 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले आया है।

Oct 09, 2026, 11:04 IST
मध्यप्रदेश के इटारसी में हिरासत में ली गईं AISF की 22 छात्राएं

पुणे से दिल्ली जा रही ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) से जुड़ी करीब 22 छात्राओं को मध्यप्रदेश पुलिस ने इटारसी में हिरासत में ले लिया। छात्राओं को एक होटल में ले जाया गया। हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

Oct 09, 2026, 09:20 IST
CEC ज्ञानेश कुमार की Z+ सुरक्षा बढ़ाई गई

SIR को लेकर विपक्षी दलों के विरोध के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की Z+ सुरक्षा और मजबूत की गई है। दिल्ली स्थित उनके आवास, चुनाव आयोग कार्यालय और उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

Oct 09, 2026, 00:36 IST
ध्रुव राठी बोले- ‘रिजीम चेंज कराने नहीं आया हूं’

फ्रीडम पार्क में चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए ‘जनता न्यायालय’ प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी शामिल हुए। उन्होंने SIR को लेकर सवाल उठाए और खुद पर लगे राजनीतिक फंडिंग के आरोपों को खारिज किया। राठी ने कहा, “मैं रिजीम चेंज या सरकार बदलने नहीं आया हूं। न एलन मस्क ने और न जॉर्ज सोरोस ने मुझे फंड किया है। मैं अपने पैसों से यहां आया हूं।”
उन्होंने बताया कि यह उनका पहला प्रदर्शन और बेंगलुरु का पहला दौरा है।

Oct 08, 2026, 21:12 IST
राजस्थान में पार्टी नेता दीपक बालियान हिरासत में लिए गए, CJP का दावा

CJP ने दावा किया है कि पार्टी के संगठन सह-प्रभारी दीपक बालियान को राजस्थान स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया है। पार्टी के मुताबिक, यह कार्रवाई 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन से पहले की गई है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ प्रस्तावित है।

Oct 08, 2026, 21:11 IST
बेंगलुरु में ध्रुव राठी की मौजूदगी पर युवाओं ने लगाए जोरदार नारे

SIR के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में YouTuber ध्रुव राठी की मौजूदगी युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रही। उनके पहुंचते ही वहां मौजूद युवाओं ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया

Oct 08, 2026, 16:04 IST
दीपके ने पीएम मोदी और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने SIR के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं के नाम हटाकर विरोधी वोटरों को मतदान से वंचित किया जा रहा है। दीपके ने कहा कि CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

Oct 08, 2026, 12:35 IST
बिहार में SIR के खिलाफ प्रदर्शन, तेजस्वी यादव हिरासत में

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन ने पटना में प्रदर्शन किया। राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हुए विरोध के दौरान पुलिस ने तेजस्वी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया।

Oct 08, 2026, 12:08 IST
फ्रीडम पार्क में जुटने लगी भीड़

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में लोग जुटने लगे हैं। प्रदर्शनकारी CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, यूट्यूबर ध्रुव राठी और अभिनेता प्रकाश राज के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

Oct 06, 2026, 12:44 IST
INDIA ब्लॉक के 140 से ज्यादा सांसदों ने SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ संसद से सड़क तक जोरदार मार्च निकाला है। संसद भवन से निर्वाचन सदन की तरफ बढ़ते इन नेताओं को रास्ते में ही रोक दिया गया। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव, TMC सांसद अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन समेत कई बड़े नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, राहुल गांधी जब आकाशवाणी भवन के रास्ते चुनाव आयोग के दफ्तर जाने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्हें भी मेन गेट पर ही रोक दिया गया है।

Oct 06, 2026, 10:33 IST
दिल्ली में होने वाले इस मार्च में राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अभिषेक बनर्जी समेत करीब 150 से ज्यादा विपक्षी सांसद शामिल होंगे। सभी सांसद संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक पैदल जाएंगे। यह मार्च करीब तीन किलोमीटर लंबा होगा।

Oct 06, 2026, 10:32 IST
दिल्ली में आज, 06 अक्टूबर को SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में INDIA गठबंधन मार्च निकालेगा। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, तृणमूल कांग्रेस समेत 19 दल इसमें शामिल होंगे। इस मार्च को सेव डेमोक्रेसी मार्च नाम दिया गया है।

Oct 05, 2026, 12:51 IST
ACP पर आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार फिर हिरासत में

ACP विवेक भगत पर यौन उत्पीड़न और बदसलूकी का आरोप लगाने वाली महिला पत्रकार को सोमवार सुबह फिर हिरासत में लिया गया। उन्हें दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इस बीच स्वतंत्र पत्रकार और एक्टिविस्ट लगातार दूसरी रात संसद मार्ग थाने के बाहर ACP के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे।

Oct 03, 2026, 15:36 IST
कोलकाता के पास SFI-BJYM समर्थकों में झड़प

कोलकाता के बाहरी इलाके बिराती में CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर निकाली गई रैली के दौरान SFI और BJYM समर्थकों में झड़प हो गई। पुलिस ने घटना के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। SFI ने आरोप लगाया कि BJYM कार्यकर्ताओं ने उनके सदस्यों पर हमला किया और सभा रोकने की कोशिश की।

Oct 03, 2026, 15:36 IST
ममता बनर्जी ने CJP आंदोलन का किया समर्थन

ममता बनर्जी ने CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर चल रहे CJP आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह युवाओं और छात्रों के इस आंदोलन के साथ हैं और कथित ज्यादतियों को रोकने की अपील की।

Oct 03, 2026, 13:44 IST
CEC के खिलाफ INDIA ब्लॉक 6 अक्टूबर को कर सकती है प्रदर्शन

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध आगे भी जारी रहेगा। INDIA ब्लॉक 6 अक्टूबर को एक कार्यक्रम और 1 नवंबर को दिल्ली में रैली की तैयारी कर रहा है। विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन जारी रखने की योजना बना रहा है।

Oct 03, 2026, 11:46 IST
10 अक्टूबर को फिर दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान

  • CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर नए प्रदर्शन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर से समर्थक दिल्ली पहुंचेंगे। यह घोषणा मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के बाद की गई।

Oct 02, 2026, 15:40 IST
जंतर-मंतर पहुंचे CJP के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया

जंतर-मंतर पहुंचे CJP के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को रोका जा रहा है। उन्होंने इसे कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज और वोट के अधिकार से जुड़ा मामला बताया।

Oct 02, 2026, 15:40 IST
ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी, बोले फडणवीस

मुंबई में CJP के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि चुनाव आयुक्तों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पूरा मामला सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद उसी नैरेटिव को आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है। फडणवीस ने कहा कि ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी।

Oct 02, 2026, 13:56 IST
जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवा बंद

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी प्रदर्शन के बीच पुलिस ने प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं।

Oct 02, 2026, 13:38 IST
आतिशी-संजय सिंह समेत 500 से ज्यादा लोग हिरासत में

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने AAP नेता आतिशी, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और संजीव झा समेत 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।

Oct 02, 2026, 13:16 IST
मुंबई में जेल भरो आंदोलन पर स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति

मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को CJP के जेल भरो आंदोलन को लेकर स्थानीय निवासियों ने आपत्ति जताई है। करीब 10 से 12 लोगों ने प्रदर्शन की तैयारी कर रहे कार्यकर्ताओं और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कार्यक्रम कैसे आयोजित किया जा रहा है।

Oct 02, 2026, 12:20 IST
सौरभ भारद्वाज हिरासत में

AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज जंतर-मंतर पहुंचे थे। यहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। भारद्वाज ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। उनके साथ पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

Oct 02, 2026, 12:06 IST
जंतर-मंतर पर पुलिस का कड़ी नजर

इस प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के मद्देनजर जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। नई दिल्ली जिले में BNSS की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं।

Oct 02, 2026, 12:05 IST
11 मेट्रो स्टेशन के एंट्री-एग्जिट बंद

सुरक्षा व्यवस्था के चलते दिल्ली मेट्रो ने 11 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए हैं। इनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। कुछ स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी है।

Oct 02, 2026, 12:05 IST
जंतर-मंतर में ट्रैफिक पर भी असर

जंतर-मंतर, टॉल्स्टॉय मार्ग, संसद मार्ग, अशोक रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक को नियंत्रित और डायवर्ट किया जा रहा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से इन रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

Oct 02, 2026, 12:03 IST
CEC के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान

जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन का आयोजन AISA, राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण समेत अन्य संगठन की ओर से किया गया है। प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR व चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों को मुद्दा बनाया गया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई है।