EPFO New Facility: अब अपनी मर्जी से पीएफ खाते में जमा कर सकेंगे अतिरिक्त पैसा, जानें क्या है ईपीएफओ की नई तैयारी
ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की 240वीं बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, अभी इसे अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है।
अभी पीएफ खाते में कैसे जमा होता है अतिरिक्त पैसा
वर्तमान व्यवस्था के तहत कर्मचारी अपने तय पीएफ अंशदान (Contribution) से ज्यादा पैसा भी पीएफ खाते में जमा कर सकते हैं। इसके लिए स्वैच्छिक भविष्य निधि यानी Voluntary Provident Fund (VPF) की सुविधा उपलब्ध है।
हालांकि, अतिरिक्त राशि जमा करने के लिए कर्मचारियों को अपनी कंपनी की मदद लेनी पड़ती है। ईपीएफ स्कीम 2026 के पैराग्राफ 19 में इसकी अनुमति दी गई है। नियोक्ता को यह रकम इलेक्ट्रॉनिक चालान कम रिटर्न (ECR) के जरिए ईपीएफओ के पास भेजनी होती है।
कंपनी पर खत्म हो सकती है निर्भरता
ईपीएफओ के नए प्रस्ताव का उद्देश्य अतिरिक्त पैसा जमा करने के लिए कर्मचारियों की कंपनी पर निर्भरता खत्म करना है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद पीएफ सदस्य अपनी बचत का अतिरिक्त पैसा सीधे UAN से जुड़े पीएफ खाते में जमा कर सकेंगे। श्रम मंत्रालय के नोटिफिकेशन के मुताबिक, अतिरिक्त राशि जमा करने की यह व्यवस्था कंपनी के पेरोल सिस्टम से अलग होगी। इससे कर्मचारियों को अपनी बचत बढ़ाने का एक और विकल्प मिल सकता है।
नौकरीपेशा लोगों को क्या होगा फायदा
नई व्यवस्था लागू होने पर नौकरीपेशा लोग अपनी अतिरिक्त बचत को सीधे पीएफ खाते में जमा कर सकेंगे। इससे उन्हें रिटायरमेंट के लिए अधिक पैसा जुटाने में मदद मिल सकती है। अतिरिक्त पैसा जमा करने के लिए कंपनी या पेरोल विभाग (payroll department) के साथ तालमेल बैठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फाइनेंसियल ईयर 2025-26 के लिए ईपीएफ की ब्याज दर 8.25% थी। हालांकि, नई व्यवस्था में जमा होने वाली राशि से जुड़े अंतिम नियम अभी तय होना बाकी हैं।
गिग वर्कर्स और फ्रीलांसर्स को भी मिल सकती है सुविधा
ईपीएफओ के प्रस्ताव में गिग वर्कर्स (Gig Workers) और फ्रीलांसर्स को भी ध्यान में रखा गया है। प्रस्तावित थर्ड पार्टी माइक्रो कंट्रीब्यूशन व्यवस्था के तहत ग्राहकों से मिलने वाली टिप या अन्य छोटी रकम उनके यूएएन से जुड़े खाते में जमा हो सकती है। इससे छोटी-छोटी रकम के जरिए भी रिटायरमेंट के लिए बचत करने में मदद मिल सकती है।
क्या अतिरिक्त पैसे पर मिलेगी टैक्स छूट
फिलहाल इस प्रस्ताव को श्रम मंत्रालय की मंजूरी मिलना बाकी है। सीधे पीएफ खाते में कितनी रकम जमा की जा सकेगी, इसकी कोई सीमा होगी या नहीं और थर्ड पार्टी पेमेंट पर कोई शुल्क लगेगा या नहीं, जैसे सवालों पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इसके अलावा टैक्स छूट को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। श्रम मंत्रालय के मुताबिक, इनकम टैक्स एक्ट में बदलाव का मुद्दा वित्त मंत्रालय के साथ उठाया जा रहा है।
दिसंबर 2026 तक आ सकती है यूपीआई से पीएफ निकासी की सुविधा
ईपीएफओ 3.0 के तहत यूपीआई और एटीएम से पीएफ निकासी की सुविधा देने की भी योजना है। रिपोर्ट के मुताबिक, UPI से पीएफ विथड्रावल की सुविधा दिसंबर 2026 तक आ सकती है। इसे शुरू करने से पहले भीम ऐप पर सौ लोगों के साथ अंतिम ट्रायल चल रहा है। इस ट्रायल की सफलता पर योजना का आगे बढ़ना निर्भर करेगा। फिलहाल पीएफ खाताधारकों को नई व्यवस्था के अंतिम नियम जारी होने का इंतजार करना चाहिए। अतिरिक्त पैसा जमा करने, ब्याज और टैक्स छूट से जुड़े नियमों की पूरी जानकारी आधिकारिक मंजूरी के बाद ही सामने आएगी।
FAQs:
- ईपीएफओ किस नई सुविधा की तैयारी कर रहा है?
ईपीएफओ ऐसी सुविधा शुरू करने पर विचार कर रहा है, जिससे सदस्य कंपनी की मदद के बिना सीधे अपने पीएफ खाते में अतिरिक्त पैसा जमा कर सकेंगे। - क्या पीएफ खाते में सीधे पैसा जमा करने की सुविधा शुरू हो गई है?
नहीं, अभी यह प्रस्ताव है। इसे श्रम मंत्रालय की मंजूरी मिलना बाकी है। - क्या पीएफ खाते में अतिरिक्त पैसा जमा करने पर टैक्स छूट मिलेगी?
अतिरिक्त राशि पर टैक्स छूट को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।