1 नवंबर से मिलेगी आजीवन मुफ्त रेल यात्रा, जानें कौन-कौन कर सकता है अप्लाई...
केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा में तैनात जांबाज सैनिकों को एक बहुत बड़ा उपहार दिया है। इस बार दिवाली से ठीक पहले यानी 1 नवंबर से देश के वीर सैनिकों को आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सौगात मिलने जा रही है।
रक्षा मंत्रालय ने देश के लिए अपनी जान दांव पर लगाने वाले जवानों और उनके परिवारों के सम्मान में इस योजना को मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत थल सेना, नौसेना और भारतीय वायु सेना के उन सभी जांबाज जवानों को शामिल किया गया है जिन्हें वीरता के लिए सेना पदक, नौसेना पदक या वायु सेना पदक मिला है। अब ये वीर जवान बिना कोई किराया दिए देश भर में ट्रेन से सफर कर सकेंगे।
परिवार को भी मिलेगा पूरा लाभ
सरकार ने इस योजना को बनाते समय सैनिकों के साथ-साथ उनके परिवारों के त्याग का भी पूरा ध्यान रखा है। योजना के तहत अलग-अलग श्रेणी के लोगों को यह लाभ मिलेगा:
- वीरता पुरस्कार विजेता सैनिक: पदक विजेता जवानों को जीवन भर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
- सैनिक का जीवनसाथी: सैनिकों के पति या पत्नी को भी आजीवन यह लाभ दिया जाएगा। विधवा या विधुर होने की स्थिति में दोबारा शादी करने तक यह सुविधा जारी रहेगी।
- अविवाहित शहीदों के माता-पिता: अगर कोई सैनिक अविवाहित था और उसे मरणोपरांत वीरता पदक मिला है, तो उसके माता-पिता को यह आजीवन सुविधा दी जाएगी।
किन-किन कोच में कर सकेंगे मुफ्त यात्रा?
रक्षा मंत्रालय के नियमों के अनुसार, पात्र लाभार्थी भारतीय रेल की इन श्रेणियों में सफर कर सकते हैं।
- प्रथम श्रेणी (First Class)
- द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी (2nd AC)
- एसी चेयर कार (AC Chair Car)
घर बैठे ऑनलाइन बनेगा पास
सैनिकों और उनके परिजनों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए रेलवे ने पूरी व्यवस्था को डिजिटल और पेपरलेस बना दिया है।
कैसे मिलेगी यह सुविधा?
- ऑनलाइन पंजीकरण: सबसे पहले भारतीय रेलवे रियायत कार्ड पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा।
- सत्यापन और ई-पास: पोर्टल पर कागजात की जांच और प्रमाणीकरण पूरा होते ही सिस्टम से ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक यात्रा पास जारी हो जाएगा।
- टिकट बुकिंग: ई-पास बनने के बाद लाभार्थी 1 नवंबर 2026 से सीधे आईआरसीसीपी के वेब पोर्टल पर जाकर अपनी ट्रेन टिकट बुक कर सकेंगे।
ये खबरें भी पढ़िए...
MP से 5 राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेनों के फेरे नवंबर तक बढ़े, भीड़ से मिलेगी राहत
सिंहस्थ के लिए चलेंगी सौ से ज्यादा अतिरिक्त ट्रेनें, रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने बताई प्लानिंग
स्पेशल ट्रेन के नाम पर रेलवे का खेल, बिना सुविधा दिए वसूल रहा 25% ज्यादा किराया
ट्रेनों में खाने की जगह मिल रही बीमारी, भरी गंदगी के बीच पक रहा यात्रियों का भोजन