46 साल का रिकॉर्ड: जब-जब 30% टूटा सोना और आधी हुई चांदी, सालभर में ही दोगुने तक उछले भाव, हर बड़ी गिरावट के बाद आई है तेजी
चलिए जरा पीछे चलते हैं। साल 1980 से लेकर अब तक का इतिहास कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। इतिहास गवाह है कि जब जब सोने-चांदी के भाव गिरे हैं, उसके बाद बाजार में ऐसी रिकवरी आई है जिसने सबको चौंका दिया है। आइए बेहद आसान भाषा में समझते हैं कि पूरा गणित क्या है और आपको अब क्या करना चाहिए।
1980 से अब तक की 12 बड़ी गिरावटें और रिकवरी
बाजार के आंकड़े बताते हैं कि 1980 से लेकर अब तक सोने और चांदी में 12-12 बार बहुत बड़ी गिरावटें देखी गईं। हर बार निचले स्तर पर पहुंचने के बाद सोने में कम से कम 20% और चांदी में भारी उछाल आया है।
हालांकि कुछ मामलों में पुराना रिकॉर्ड वापस पाने में वक्त भी लगा है। उदाहरण के लिए 2011 के ऊंचे स्तर के बाद सोने को अपना पुराना भाव वापस पाने में 2020 तक इंतजार करना पड़ा था। साथ ही चांदी को 2025 तक का लंबा इंतजार करना पड़ा था।
सोना जब 30% से ज्यादा गिरा: इतिहास में जब भी सोने (gold prices) के भाव में 30% से ज्यादा की गिरावट आई है, तो सभी 6 बार सालभर के भीतर इसमें औसतन 24.8% या उससे ज्यादा की छलांग देखी गई। जैसे जनवरी 1980 में 43.9% गिरने के बाद यह 1 साल में 54.4% चढ़ा। वहीं फरवरी 1996 में 39.2% गिरने के बाद एक साल में 29.3% की रिकवरी हुई।
चांदी जब 50% से ज्यादा टूटी: जब भी चांदी (silver price) 50% से ज्यादा नीचे गिरी तो सभी 8 बार सालभर के अंदर इसका भाव लगभग दोगुना हो गया। मार्च 1980 में 52.3% की भारी गिरावट के बाद यह सिर्फ 3 दिनों में 118.5% चढ़ गई थी। वहीं सितंबर 1981 में 58.1% गिरने के बाद सालभर में 202.3% की जोरदार रिकवरी हुई थी।
अभी बाजार की स्थिति क्या है?
जनवरी 2026 में एमसीएक्स (MCX) वायदा बाजार में सोना 1 लाख 80 हजार 779 रुपए प्रति 10 ग्राम था। वहीं चांदी 4 लाख 20 हजार 48 रुपए प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी।
अब 25 नवंबर को सोना गिरकर 1 लाख 17 हजार 906 रुपए और चांदी 1 लाख 36 हजार 712 रुपए पर आ गई। इसके बाद 27 नवंबर को थोड़ी रिकवरी के साथ सोना 1 लाख 25 हजार 350 और चांदी 1 लाख 52 हजार 843 रुपए पर बंद हुई।
घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोने का औसत भाव 1 लाख 26 हजार 299 प्रति 10 ग्राम चल रहा है, जो कि जनवरी के ऊंचे स्तर से करीब 28% नीचे है। मौजूदा भाव से पुरानी ऊंचाई को फिर से छूना है, तो सोने को यहां से 44% और चांदी को 175% की बहुत बड़ी तेजी दिखानी होगी। कोटक सिक्योरिटीज के अनुसार शेयर बाजार के संभलने और डॉलर के नरम पड़ने से फिलहाल इन कीमती धातुओं पर दबाव कम हुआ है।
कब और कैसे बढ़ेंगे सोने-चांदी के दाम?
केडिया एडवाइजरी (Kedia Advisory) के संचालक अजय केडिया के अनुसार बाजार की अगली चाल को समझने के लिए हमें कुछ मुख्य बातों पर ध्यान देना होगा...
1. क्या सोने की गिरावट अब थम गई है?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने को 3 हजार 450 डॉलर प्रति औंस के आसपास मजबूत सहारा मिल सकता है। शुरुआती महीनों की भारी बिकवाली का असर अब भावों पर दिख चुका है। इसलिए मुमकिन है कि दाम कुछ समय तक एक तय दायरे में ही घूमते रहें।
2. अगली तेजी का इशारा कहां से मिलेगा?
दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक होने वाली है। दिसंबर में ब्याज दरों में 0.25% की संभावित बढ़ोतरी का असर बाजार पहले ही झेल चुका है। अगर जनवरी-फरवरी 2027 में महंगाई कम होने और आगे ब्याज दरें न बढ़ने के संकेत मिलते हैं, तो सोने के भावों को फिर से बढ़ सकते हैं।
3. क्या सोने की यह तेजी टिक पाएगी?
जनवरी से सितंबर 2026 के बीच दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने 675 टन शुद्ध सोना खरीदा है। इसके अलावा सालभर गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF) में भी 211 टन सोना जुड़ा है। यह लगातार हो रही खरीदारी सोने के भावों को टूटने से बचाएगी। हालांकि अमेरिकी बॉन्ड पर मिलने वाला ऊंचा ब्याज निवेशकों को सोने से थोड़ा दूर भी खींच सकता है।
4. चांदी की तेजी को लेकर क्या नजरिया?
2026 में चांदी की औद्योगिक मांग औसतन 3.5 करोड़ औंस से अधिक रहने का अनुमान है। जबकि इसकी औद्योगिक खपत 3% तक घट सकती है। अगर कच्चा तेल सस्ता होता है, तो फैक्ट्रियों में उत्पादन लागत कम होगी। इससे औद्योगिक मांग को सहारा मिलेगा।
5. सोने के मुकाबले चांदी कितनी सस्ती?
फिलहाल सोने के मुकाबले चांदी बहुत सस्ती मिल रही है। अभी एक औंस सोने के बदले 86 से 87 औंस चांदी मिल रही है। इससे चांदी में आगे बड़ी उछाल की अच्छी गुंजाइश दिखती है। हालांकि तेजी पकड़ने से पहले कुछ समय तक यह भी एक सीमित दायरे में रह सकती है।