Gold Silver Price: सोना-चांदी के दाम में गिरावट, सोना 2911 और चांदी 5400 रुपए तक सस्ती, जानें आज के ताजा भाव
वायदा बाजार में चांदी 5,421 रुपए तक सस्ती हुई है। बाजार के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है।
24 कैरेट सोना 2,911 रुपए हुआ सस्ता
IBJA के अनुसार, गुरुवार को 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 40 हजार 603 रुपए से घटकर 1 लाख 37 हजार 692 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं, 22 कैरेट सोना 1 लाख 28 हजार 792 रुपए से गिरकर 1 लाख 26 हजार 126 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसी तरह 18 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 5 हजार 452 रुपए से कम होकर 1लाख 3 हजार 269 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट आई है। एक किलो चांदी का भाव 1 लाख 85 हजार 900 रुपए से घटकर 1 लाख 81 हजार 40 रुपए रह गया है।
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन गिरा सोने का भाव
दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत लगातार तीसरे कारोबारी दिन कम हुई। यहां 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,200 रुपए सस्ता होकर 1 लाख 43 हजार 400 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को इसकी कीमत 1 लाख 45 हजार 600 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। हालांकि, दिल्ली में चांदी का भाव 1 लाख 87 हजार 500 रुपए प्रति किलो पर स्थिर रहा। कारोबारियों के अनुसार, घरेलू बाजार में मांग कमजोर होने और विदेशी बाजारों में कीमतें गिरने से सोना सस्ता हो रहा है।
वायदा बाजार में चांदी 5,421 रुपए लुढ़की
भारतीय वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोने और चांदी में बड़ी गिरावट देखने को मिली। यहां सोना 2.15 प्रतिशत यानी करीब 3,000 रुपए गिरकर 1,36,716 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी 2.94 प्रतिशत यानी 5,421 रुपए सस्ती होकर 1,78,910 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में सोने की कीमत 2.25 प्रतिशत गिरकर 3,910 डॉलर प्रति औंस रह गई। चांदी में भी 2.90 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव 50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
क्यों सस्ता हो रहा है सोना और चांदी?
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिका में महंगाई बढ़ना बताया जा रहा है। अक्टूबर में अमेरिकी महंगाई उम्मीद से ज्यादा रहने के कारण दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना मजबूत हुई है। ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव पड़ता है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर मजबूत होने से भी कीमती धातुओं के भाव प्रभावित हो रहे हैं।
एक्सपर्ट ने बताई गिरावट की वजह
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना करीब 39.93 डॉलर यानी एक प्रतिशत गिरकर 3,950 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गया। इसकी प्रमुख वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। वहीं, चांदी भी 1.17 प्रतिशत गिरकर 51.06 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
क्या आगे और गिर सकते हैं सोने-चांदी के दाम?
मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह के अनुसार, अगर Dollar Index 103 के स्तर को मजबूती से पार करता है, तो यह 104.50 तक जा सकता है। ऐसी स्थिति में सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव और बढ़ सकता है। गुरुवार को डॉलर इंडेक्स 102.88 पर कारोबार कर रहा था। फिलहाल सोने-चांदी के Market में गिरावट का दौर जारी है। हालांकि, आगे कीमतें कितनी कम होंगी, यह अमेरिकी डॉलर, ब्याज दरों और अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगा।