Gold Silver Price Crash : सोना 1,556 और चांदी 4,984 तक सस्ती, शादी के सीजन में खरीदारों को राहत, निवेशकों को झटका

Sandeep Kumar | Published:
सोना गिरा तो गोल्ड लोन कंपनियों की बढ़ी चिंता
Gold Silver Price Crash: Gold Down Rs 1556, Silver Down Rs 4984
शादी के लिए गहने खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है, लेकिन सोने-चांदी में पैसा लगाने वाले निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। एक दिन पहले कीमती धातुओं में आई तेजी मंगलवार को टिक नहीं सकी। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी बिकवाली के चलते सोने और चांदी के भाव तेजी से नीचे आ गए।

मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में शाम का कारोबार शुरू होते ही सोना 1556 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 4984 रुपए प्रति किलो तक सस्ती हो गई। इस गिरावट ने निवेशकों के साथ गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों की चिंता भी बढ़ा दी है।



विदेशी बाजार में भी सोना-चांदी की चमक फीकी

अंतरराष्ट्रीय बाजार COMEX में चांदी 3.35 फीसदी की गिरावट के साथ 41.740 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। इससे पहले इसका स्तर 43.810 डॉलर था। वहीं, सोना 0.82 फीसदी की गिरावट के साथ 3,621.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इसका पिछला स्तर 3676.70 डॉलर बताया गया है। दूसरी कीमती धातुओं में भी भारी बिकवाली देखने को मिली है।



भारत में कितने रह गए सोने-चांदी के भाव?

गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के चलते मंगलवार को एमसीएक्स में सुबह का कारोबारी सत्र बंद रहा। शाम 5 बजे बाजार खुलते ही Selling Pressure देखने को मिला। खबर लिखे जाने तक सोना 1,25,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान इसका ऊपरी स्तर 1,25,549 रुपए रहा, जबकि पिछले कारोबारी दिन सोना 1 लाख 25 हजार 996 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं, शाम 5:30 बजे तक चांदी 3248 रुपए सस्ती होकर 1,50,969 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। कारोबारी सत्र में चांदी का न्यूनतम स्तर 1 लाख 49 हजार 233 रुपए और अधिकतम स्तर 1 लाख 51,150 रुपए रहा। पिछले दिन चांदी 1 लाख 54,217 रुपए पर बंद हुई थी।



सर्राफा बाजार में क्या हैं सोने के रेट?

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के 23 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक सोने और चांदी की कीमतें इस प्रकार थीं।



सोना-चांदीकीमत

  • 24 कैरेट सोना₹1,25,123 प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना₹1,14,613 प्रति 10 ग्राम
  • 18 कैरेट सोना₹93,842 प्रति 10 ग्राम
  • चांदी₹1,52,941 प्रति किलो

आखिर क्यों नहीं टिक पाई सोने की तेजी?

ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव और केडिया रिसर्च एंड लर्निंग हब के रिसर्च एनालिस्ट नितिन केडिया ने जागरण बिजनेस को बताया कि तुर्की के केंद्रीय बैंक के गवर्नर फातिह कराहान के बयान पर बाजार की नजर है। कराहान ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए केंद्रीय बैंक गोल्ड स्वैप का इस्तेमाल कर सकता है। आसान भाषा में समझें तो बैंक सोने के बदले कुछ समय के लिए डॉलर जुटा सकता है। हालांकि, 23 नवंबर के बयान में सोने की नई बिक्री की घोषणा नहीं की गई थी। ऐसे में निवेशकों की नजर इस बात पर है कि तुर्की का केंद्रीय बैंक आगे क्या कदम उठाता है। केडिया के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 3,609 डॉलर प्रति औंस पहला Support Level है। इसके नीचे भाव टिकने पर सोना 3,580 डॉलर तक जा सकता है। वहीं, तेजी लौटने पर 3,655 और 3,682 डॉलर के स्तर अहम होंगे।



चांदी में अभी और गिरावट की आशंका?

नितिन केडिया के अनुसार, डॉलर इंडेक्स में ज्यादा बदलाव नहीं होने के बावजूद चांदी में सोने के मुकाबले अधिक गिरावट देखने को मिली है। चांदी के लिए 41.50 डॉलर प्रति औंस का स्तर महत्वपूर्ण है। यदि भाव इसके नीचे टिकता है तो कीमत 39.70 डॉलर तक जा सकती है। वहीं, तेजी आने पर 43.80 और 44.50 डॉलर के स्तर अहम रहेंगे।



सोना गिरवी रखकर कर्ज लेने वालों पर क्या होगा असर?

मुश्किल समय में कई परिवार घर के गहने गिरवी रखकर अपनी जरूरतें पूरी करते हैं। लेकिन सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आने से गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के सामने कर्ज वसूली का संकट खड़ा हो सकता है। सोने की कीमतों में करीब 30 फीसदी गिरावट के चलते कई पुराने कर्जों की बकाया रकम गिरवी रखे सोने की कीमत के मुकाबले आरबीआई की निर्धारित 85 फीसदी सीमा से ऊपर पहुंच गई है। ऐसे में यदि ग्राहक कर्ज नहीं चुकाता है और गिरवी रखे सोने की कीमत बकाया कर्ज से कम हो जाती है, तो उसे बेचकर भी कंपनी अपना पूरा पैसा नहीं वसूल पाएगी।



छह महीने में करीब दोगुने हुए गोल्ड लोन डिफॉल्ट

क्रेडिट ब्यूरो ट्रांसयूनियन सिबिल की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 के अंत में गोल्ड लोन डिफॉल्ट का हिस्सा 0.16 फीसदी था। अगस्त के अंत तक यह बढ़कर 0.30 फीसदी हो गया। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि एक से ज्यादा गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों में भुगतान में देरी के मामले अधिक हैं।



हर महीने ब्याज चुकाने से बढ़ी परेशानी

जानकारों के मुताबिक, कर्ज चुकाने के नियमों में बदलाव भी डिफॉल्ट बढ़ने की एक वजह हो सकता है। आरबीआई के निर्देश के अनुसार, एक साल से अधिक अवधि वाले गोल्ड लोन पर कंपनियों को हर महीने ब्याज वसूलना है। पहले बुलेट पेमेंट व्यवस्था में ग्राहक कर्ज की अवधि पूरी होने पर मूलधन और ब्याज एक साथ चुका सकते थे। अब हर महीने ब्याज देने की व्यवस्था के साथ तालमेल बैठाने में कुछ ग्राहकों को परेशानी हो रही है।



कर्ज बांटने में जल्दबाजी न करें कंपनियां: RBI

आरबीआई ने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों यानी NBFC को सलाह दी है कि वे कारोबार बढ़ाने की होड़ में बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल के कर्ज न बांटें। इसके अलावा Cyber Security को लेकर भी सख्ती बरतने को कहा गया है। नई टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ काम शुरू करने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है, ताकि ग्राहकों का पैसा और निजी जानकारी सुरक्षित रहे। आरबीआई की बैठक में गोल्ड लोन, होम लोन और छोटे कर्ज देने वाली 24 से ज्यादा कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सा-धन, MFIN और FIDC के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इसके अलावा चुनिंदा शहरी सहकारी बैंकों के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।

Tags:
  • Gold Silver Price Crash
  • Gold Price Crash
  • सोना चांदी भाव क्रैश
  • Silver Price Drop
  • सोने चांदी की कीमतों में गिरावट
  • Gold Loan Default
  • ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ
  • Selling Pressure