Gold-Silver Price Crash: शादी से पहले सोना-चांदी खरीदने वालों की मौज, कीमतों में बड़ी गिरावट

Sandeep Kumar | Published:
शादी का सीजन शुरू होने से पहले सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
Big Relief Before Wedding Season - Gold Down By Rs 10K, Silver By Rs 36K, Silver 2.43 Lakh Down From Record High
Gold Silver Rate Today: घर में शादी है और सोने-चांदी के गहने खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। शादी का सीजन शुरू होने से पहले सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। जिन गहनों को खरीदने के लिए कुछ दिन पहले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे थे, अब वही गहने कम कीमत पर मिल सकते हैं।

पिछले एक महीने में सोना करीब 10 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 36 हजार रुपए प्रति किलो सस्ती हुई है। ऐसे में सराफा बाजार में खरीदारी करने वालों की दिलचस्पी बढ़ रही है। हालांकि, ग्राहक अभी पूरा पैसा एक साथ खर्च करने के बजाय थोड़ा-थोड़ा सोना खरीद रहे हैं।



चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट

चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने सभी को चौंका दिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली चांदी बीते शुक्रवार को 1 लाख 76 हजार 543 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई। जबकि 6 नवंबर को इसका भाव 1 लाख 84 हजार 787 रुपए था। इस तरह महज एक सप्ताह में चांदी 8244 रुपए प्रति किलो सस्ती हो गई।



चांदी के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर की बात करें तो जनवरी में इसका भाव 4 लाख 20 हजार 48 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया था। इस हिसाब से चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से 2 लाख 43 लाख 505 रुपए प्रति किलो नीचे आ चुकी है।



Gold Rate में भी गिरावट, एक सप्ताह में 5,417 रुपए सस्ता

चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला सोना 6 नवंबर को 1 लाख 42 हजार 167 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं बीते शुक्रवार को इसका भाव घटकर 1 लाख 36 हजार 750 रुपए रह गया। यानी एक सप्ताह में सोना 5417 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है।



स्थानीय सराफा बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, 15 अक्टूबर को सोने की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो 15 नवंबर तक घटकर लगभग 1.40 लाख रुपए रह गई। इसी दौरान चांदी 2.20 लाख रुपए से गिरकर 1.84 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई।



घरेलू बाजार में भी राहत, जानिए 10 ग्राम सोने का भाव

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में चार कारोबारी दिनों के दौरान 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 41 हजार 452 रुपए से घटकर 1 लाख 35 हजार 809 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। यानी सोना 5643 रुपए सस्ता हुआ। वहीं चांदी का भाव 1 लाख 82 हजार 868 रुपए से घटकर 1 लाख 78 हजार रुपए प्रति किलो पहुंच गया। इस दौरान चांदी की कीमत में 4868 रुपए की कमी आई।



अलग-अलग कैरेट के सोने की कीमत (प्रति 10 ग्राम)

सोने की शुद्धताकीमत
24 कैरेट1 लाख 35 हजार 809
22 कैरेट1 लाख 32 हजार 550
20 कैरेट1 लाख 20 हजार 870
18 कैरेट1लाख 10 हजार 010
14 कैरेट87 हजार 600

नोट: ये कीमतें जीएसटी और मेकिंग चार्ज के बिना हैं। गहने खरीदते समय 3 प्रतिशत जीएसटी और मेकिंग चार्ज अलग से देना होगा।



शादी की खरीदारी में ग्राहक अपना रहे नई तरकीब

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद भी ग्राहक जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। जिन घरों में शादी की तैयारियां चल रही हैं, वहां लोग एक साथ सारे गहने खरीदने के बजाय जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। कोई कान के टॉप्स ले रहा है तो कोई अंगूठी या हार खरीद रहा है। ग्राहकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कीमतें और कम हो सकती हैं।



दीपावली और धनतेरस का त्योहार निकल जाने के कारण भी बाजार में खरीदारी सीमित है। फिलहाल सराफा दुकानों पर मुख्य रूप से वही लोग पहुंच रहे हैं, जिन्हें शादी या किसी शुभ कार्यक्रम के लिए गहनों की जरूरत है।



क्यों गिर रहे सोने-चांदी के दाम?

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में बढ़ोतरी को एक बड़ी वजह माना जा रहा है। ब्याज दरें बढ़ने से निवेशकों का रुझान बैंक में पैसा जमा करने की ओर बढ़ता है। ऐसे में कुछ लोग सोना-चांदी बेचकर अपनी रकम बैंक में लगा रहे हैं। चौक सराफा एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदिश जैन के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों का असर भी सोने-चांदी के भाव पर पड़ा है। इसके अलावा खुदरा बाजार में मांग कम होना भी गिरावट की एक वजह है।



Buying Opportunity: अभी खरीदें या और गिरने का इंतजार करें?

सोने-चांदी की कीमतों में आगे क्या होगा, इसे लेकर सराफा कारोबारी भी पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। निवेशकों की राय भी बंटी हुई है। कुछ लोगों को लगता है कि कीमतों में अभी और गिरावट आ सकती है, इसलिए वे खरीदारी टाल रहे हैं। वहीं कुछ निवेशक गिरते भाव को खरीदारी का मौका मानकर थोड़ा-थोड़ा निवेश कर रहे हैं। चौक सराफा एसोसिएशन के महामंत्री विनोद महेश्वरी के मुताबिक, सोने और चांदी में लंबे समय के लिए निवेश करने वालों को फायदा हो सकता है।



फिलहाल शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों के लिए कीमतों में आई गिरावट राहत लेकर आई है। हालांकि, गहने खरीदने से पहले अपने शहर का ताजा भाव, मेकिंग चार्ज और जीएसटी जरूर जांच लें, ताकि बाजार में मिल रही छूट का वास्तविक फायदा समझ सकें।



डिस्क्लेमर: सोने-चांदी की कीमतें बाजार के उतार-चढ़ाव के अनुसार बदलती रहती हैं। यहां दिए गए भाव उपलब्ध कारोबारी आंकड़ों पर आधारित हैं। निवेश से पहले वित्तीय विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

Tags:
  • सोने चांदी के भाव
  • Gold-Silver Price Crash
  • सोने चांदी में गिरावट
  • सोने का भाव
  • चांदी का भाव
  • gold price today India
  • चांदी रिकॉर्ड हाई से सस्ती
  • gold rate today
  • सराफा बाजार
  • silver price crash