Gold Silver Price Crash: सोना 1,633 और चांदी 3,294 सस्ती, हफ्तेभर में गोल्ड 13 हजार रुपए की गिरा
सोना-चांदी का आज का भाव
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, गुरुवार को 24 कैरेट सोने का भाव 1,633 रुपए गिरकर 1.30 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गया। वहीं, चांदी की कीमत में भी 3,294 रुपए की कमी आई। इसके बाद एक किलो चांदी का भाव करीब 1.60 लाख रुपए रह गया।
सोने-चांदी के दाम गिरने की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और बड़े निवेशकों की बिकवाली बताई जा रही है। ऊंची कीमतों पर सोना-चांदी खरीदने वाले कई निवेशक अब इन्हें बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। इससे कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है।
रिकॉर्ड ऊंचाई से सोना 47 हजार और चांदी 2.20 लाख सस्ती
इस साल सोने-चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। कभी दाम तेजी से बढ़े तो कभी अचानक बड़ी गिरावट आ गई। 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी की कीमत 2.30 लाख रुपए थी। इसके बाद 29 जनवरी को इसका भाव बढ़कर 3.80 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। अब चांदी करीब 1.60 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई है।
यानी रिकॉर्ड ऊंचाई से चांदी की कीमत में 2.20 लाख रुपए की कमी आई है। यह उस रिकॉर्ड कीमत के मुकाबले करीब 58 प्रतिशत की गिरावट है। सोने की कीमतों में भी बड़ा बदलाव हुआ है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1.33 लाख रुपए था। इसके बाद 29 जनवरी को यह बढ़कर 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। अब सोना 1.30 लाख रुपए से नीचे आ चुका है। यानी रिकॉर्ड स्तर के मुकाबले करीब 47 हजार रुपए सस्ता हो गया है। यह लगभग 27 प्रतिशत की गिरावट है।
आखिर सोना सस्ता क्यों हो रहा है? समझिए 3 बड़ी वजहें
1. अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ: दुनिया के बाजार में सोने की कीमत डॉलर में तय होती है। जब डॉलर मजबूत होता है, तो दूसरे देशों के लोगों के लिए सोना खरीदना महंगा पड़ता है। इससे खरीदारी कम हो सकती है और कीमतों में गिरावट आती है।
2. ब्याज दरों का असर: अमेरिका में ब्याज दरें ज्यादा रहने पर कई निवेशक सोने के बजाय बैंक डिपॉजिट और बॉन्ड में पैसा लगाना पसंद करते हैं। इसकी वजह यह है कि सोना रखने पर सीधे ब्याज नहीं मिलता, जबकि इन विकल्पों से ब्याज के रूप में कमाई हो सकती है।
3. बड़े निवेशक बेच रहे सोना: जब सोने के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच जाते हैं, तो कई बड़े निवेशक अपनी कमाई पक्की करने के लिए सोना बेचने लगते हैं। इसे Profit Booking कहा जाता है। बाजार में बिकवाली बढ़ने से भाव नीचे आ सकते हैं।
चांदी के दाम सोने से भी ज्यादा क्यों गिर रहे हैं?
चांदी सिर्फ गहने और सिक्के बनाने के काम नहीं आती। इसका इस्तेमाल मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सोलर पैनल और कई तरह की फैक्ट्रियों में भी होता है। इसलिए इसकी कीमत पर उद्योगों की मांग का भी असर पड़ता है। चांदी सस्ती होने की तीन प्रमुख वजहें बताई जा रही हैं।
पहली वजह- उद्योगों में मांग कम होना: जब इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरी फैक्ट्रियों में उत्पादन धीमा पड़ता है, तो चांदी की जरूरत भी कम हो सकती है। इससे भाव गिरते हैं।
दूसरी वजह- बाजार में सप्लाई बढ़ना: अगर खदानों से चांदी का उत्पादन बढ़ जाए या बाजार में इसकी उपलब्धता ज्यादा हो जाए, तो कीमतों पर दबाव आ सकता है।
तीसरी वजह- सोने की कीमतों का असर: अक्सर अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के दाम भी सोने की दिशा में चलते हैं। सोना सस्ता होने पर चांदी में भी बिकवाली बढ़ सकती है।
एक ही दिन भोपाल, और मुंबई में सोने के भाव अलग क्यों होते हैं?
आपने देखा होगा कि एक ही दिन अलग-अलग शहरों में सोने की कीमत में थोड़ा अंतर होता है। कई बार एक ही शहर की दो दुकानों पर भी दाम अलग मिलते हैं। इसकी चार प्रमुख वजहें हैं।
1. सोना लाने और उसकी सुरक्षा का खर्च: एक शहर से दूसरे शहर सोना पहुंचाने में ट्रांसपोर्ट, ईंधन और सुरक्षा पर पैसा खर्च होता है। यह खर्च भी कीमत में जुड़ सकता है।
2. खरीदारी कितनी हो रही है: दक्षिण भारत में देश के कुल सोने की खपत का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा बताया जाता है। वहां ज्वेलर्स बड़ी मात्रा में सोना खरीदते हैं। हालांकि, थोक खरीद में मिलने वाली छूट का फायदा ग्राहकों तक सीमित मात्रा में पहुंचता है।
3. स्थानीय बाजार का असर: शहर और राज्य के ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग और सप्लाई के आधार पर भाव तय करने में भूमिका निभाते हैं। इसलिए अलग-अलग जगह कीमत में अंतर हो सकता है।
4. दुकानदार ने सोना किस भाव पर खरीदा: किसी ज्वेलर के पास पुराना स्टॉक है, तो उसने उसे अलग कीमत पर खरीदा होगा। इससे ग्राहकों को बेचने वाले भाव में भी फर्क आ सकता है।
देश के बड़े शहरों में सोने की कीमत
10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव
| शहर | कीमत |
|---|---|
| दिल्ली | 1 लाख 30 हजार 840 |
| मुंबई | 1 लाख 32 हजार 690 |
| कोलकाता | 1 लाख 30 हजार 690 |
| चेन्नई | 1 लाख 30हजार 690 |
| जयपुर | 1 लाख 30हजार 840 |
| भोपाल | 1 लाख 31 हजार 742 |
| पटना | 1 लाख 30 हजार 740 |
| लखनऊ | 1 लाख 30 हजार 840 |
| रायपुर | 1 लाख 30 हजार 690 |
| अहमदाबाद | 1 लाख 30 हजार 741 |
अभी सोना खरीदें या कुछ दिन और रुकें? एक्सपर्ट की सलाह
सोने-चांदी की कीमतें लगातार गिरने के बाद लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि अभी खरीदारी कर लें या दाम और कम होने का इंतजार करें।
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया का मानना है कि पूरी रकम एक साथ लगाने के बजाय थोड़ा-थोड़ा सोना-चांदी खरीदना बेहतर तरीका हो सकता है।
उनकी सलाह है कि कुछ खरीदारी अभी कर सकते हैं। इसके बाद बाकी खरीदारी 15 से 20 दिन के अंतराल पर करें। इससे अगर आगे कीमतें और गिरती हैं, तो कम भाव पर भी खरीदने का मौका मिल सकता है।
उन्होंने निवेश करने वालों को एक-दो महीने के बजाय कम से कम छह महीने से एक साल का समय ध्यान में रखकर खरीदारी करने की सलाह दी है।
हालांकि, बाजार में कीमतें आगे बढ़ेंगी या घटेंगी, इसका पक्का अनुमान लगाना संभव नहीं है।
सोने की दुकान पर जाने से पहले इन 2 बातों का जरूर ध्यान रखें
1. हॉलमार्क देखकर ही गहने खरीदें
सोना खरीदते समय उसकी शुद्धता जांचना सबसे जरूरी है। हमेशा भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सोना खरीदें। हॉलमार्क से यह पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है। गहनों पर दर्ज HUID यानी खास पहचान संख्या को भी जांचना चाहिए। यह छह अक्षरों और अंकों का कोड होता है। इससे नकली या कम शुद्धता वाला सोना खरीदने का जोखिम कम होता है।
2. खरीदने से पहले कीमत जरूर मिलाएं
किसी भी दुकान पर सोना खरीदने से पहले उस दिन का भाव जरूर देख लें। इसके लिए IBJA जैसे भरोसेमंद स्रोतों से Gold Rate की जानकारी ली जा सकती है।
ध्यान रखें कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमतें अलग-अलग होती हैं। इसके अलावा गहने खरीदते समय मेकिंग चार्ज और टैक्स भी जुड़ते हैं।
इसलिए सिर्फ सोने का भाव देखकर खरीदारी का फैसला न करें। दुकानदार से गहने का वजन, शुद्धता, मेकिंग चार्ज और कुल कीमत का पूरा हिसाब जरूर लें।
शादी-ब्याह के लिए गहने खरीदने वालों को कितनी राहत?
सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट का सीधा असर उन परिवारों पर पड़ सकता है, जो शादी या किसी दूसरे समारोह के लिए गहने खरीदने की तैयारी कर रहे हैं। पिछले सात कारोबारी दिनों में सोना करीब 13 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। ऐसे में समान वजन और शुद्धता के सोने की मूल कीमत पर पहले के मुकाबले कम खर्च आएगा। हालांकि, गहनों के मेकिंग चार्ज और टैक्स अलग से देने होंगे।
चांदी के सिक्के, बर्तन या गहने खरीदने वालों को भी कीमतें गिरने से राहत मिल सकती है। फिलहाल सोने-चांदी के बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। इसलिए खरीदारी से पहले ताजा भाव की जानकारी लेना और अपने बजट के मुताबिक फैसला करना जरूरी है।
क्या सोना 1 लाख रुपए तक आ सकता है?
सोना सस्ता होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की है कि क्या इसका भाव एक लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है? एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि आने वाले समय में सोना 1 लाख 15 हजार से 1 लाख 25 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के बीच आ सकता है। हालांकि, फिलहाल इसके एक लाख रुपए तक गिरने की संभावना कम मानी जा रही है। वहीं, चांदी की कीमत 1 लाख 40 हजार से 1 लाख 60 हजार रुपए प्रति किलो के बीच रहने का अनुमान है। ध्यान रहे कि ये सिर्फ अनुमान हैं। आगे सोना-चांदी कितने सस्ते या महंगे होंगे, यह डॉलर की चाल, ब्याज दरों, महंगाई और दुनिया के आर्थिक हालात पर निर्भर करेगा।
शादी के लिए गहने खरीदने हैं, तो अभी खरीदें या रुकें?
अगर आपके घर में शादी है और सोने-चांदी के गहने खरीदने की तैयारी चल रही है, तो गिरती कीमतें राहत दे सकती हैं। हालांकि, विशेषज्ञ एक साथ पूरी खरीदारी करने के बजाय जरूरत के हिसाब से अलग-अलग समय पर खरीदने की सलाह दे रहे हैं। मान लीजिए आपको शादी के लिए 100 ग्राम सोना खरीदना है, तो जरूरी नहीं कि पूरा सोना एक ही दिन खरीदें। कीमतों में गिरावट के दौरान थोड़ी-थोड़ी खरीदारी की जा सकती है।वहीं, अगर आप गहनों के बजाय निवेश के लिए सोना खरीदना चाहते हैं, तो कीमतों में स्थिरता आने का इंतजार करना एक विकल्प हो सकता है।
FAQ
- आज सोना और चांदी कितने रुपए सस्ते हुए?
IBJA-संबंधी आंकड़ों के अनुसार सोना ₹1,633 सस्ता हुआ है। यह गिरावट 24 कैरेट सोने के प्रति 10 ग्राम भाव में है। इसके बाद सोने की कीमत ₹1.30 लाख से नीचे बताई गई। वहीं, चांदी ₹3,294 प्रति किलो सस्ती हुई है। - सोना-चांदी की कीमत लगातार क्यों गिर रही है?
सोने-चांदी की कीमत गिरने के पीछे कई संभावित कारण होते हैं। इनमें अमेरिकी डॉलर की मजबूती महत्वपूर्ण है। डॉलर मजबूत होने पर अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की लागत बढ़ सकती है। इससे कीमती धातुओं की मांग पर दबाव पड़ सकता है।