सरकारी सुस्ती का बोझ जनता पर, तय समय से भटके एक हजार से ज्यादा प्रोजेक्ट्स, खर्च 3.22 लाख करोड़ तक बढ़ा
केंद्र सरकार के पैमाना पोर्टल के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि सरकारी कामों में देरी और लापरवाही के चलते पैसा कैसे बर्बाद हो रहा है।
लागत बढ़ने में कौन सी परियोजनाएं आगे
बता दें कि पोलावरम सिंचाई परियोजना की मूल लागत 10 हजार 151 करोड़ रुपए थी। इसकी संशोधित लागत 55 हजार 549 करोड़ रुपए हो गई है। यानी इसमें 45 जहार 398 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। सुबनसिरी लोअर परियोजना में भी 19 हजार 790 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इन दोनों परियोजनाओं की लागत ही 65 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बढ़ी है। सरदार सरोवर परियोजना में बढ़ोतरी 12 हजार 694 करोड़ रुपए की है।
रेल परियोजनाओं पर भी असर
रतलाम-अकोला रेल परियोजना में लागत 11 हजार 658 करोड़ रुपए बढ़ी है। दाहोद-इंदौर रेल परियोजना में बढ़ोतरी 8 हजार 761 करोड़ रुपए की है। इन दोनों परियोजनाएं मध्य प्रदेश से जुड़ी हैं। रेल परियोजनाओं का असर सीधे यात्रियों और माल ढुलाई पर पड़ता है।
सबसे ज्यादा लागत बढ़ने वाली 10 परियोजनाएं
| परियोजना | मूल लागत (करोड़ में) | संशोधित लागत (करोड़ में) | लागत में वृद्धि (करोड़ में) |
|---|---|---|---|
| 1. पोलावरम सिंचाई | 10 हजार 151 | 55 हजार 549 | 45 हजार 398 |
| 2. सुबनसिरी लोअर | 6 हजार 285 | 26 हजार 76 | 19 हजार 790 |
| 3. नुमालीगढ़ रिफाइनरी विस्तार | 12 हजार 366 | 25 हजार 313 | 12 हजार 947 |
| 4. सरदार सरोवर परियोजना | 20 हजार 718 | 33 हजार 413 | 12 हजार 694 |
| 5. रतलाम-अकोला रेल परियोजना | 1 हजार 656 | 13 हजार 314 | 11 हजार 658 |
| 6. दाहोद-इंदौर रेल परियोजना | 456 | 9 हजार 217 | 8 हजार 761 |
| 7. सिवोक-रंगपो रेल लाइन | 7 हजार 877 | 16 हजार 627 | 8 हजार 750 |
| 8. दीमापुर-कोहिमा रेल लाइन | 6 हजार 663 | 15 हजार310 | 8 हजार 647 |
| 9. तपोवन-विष्णुगढ़ जलविद्युत | 2 हजार 978 | 10 हजार907 | 7 हजार 929 |
| 10. जिरीबाम-इंफाल रेल लाइन | 14 हजार 323 | 21 हजार 886 | 7 हजार 563 |
समय सीमा में सबसे बड़ी देरी
जानकारी के अनुसार हुबली-अंकोला रेल लाइन को मार्च 2005 तक पूरा होना था। अब इसका लक्ष्य मार्च 2030 रखा गया है। यानी परियोजना 25 साल पीछे खिसक गई है। सुबनसिरी लोअर और तपोवन-विष्णुगढ़ जलविद्युत परियोजनाओं में 16 साल से ज्यादा की देरी दर्ज हुई है।
सबसे ज्यादा देरी से चलने वाली परियोजनाएं
| परियोजना | मूल समय | संशोधित समय | समय-विस्तार |
|---|---|---|---|
| 1. सुबनसिरी लोअर जलविद्युत | सितंबर 2010 | जून 2027 | 16 वर्ष 9 माह |
| 2. तपोवन-विष्णुगढ़ जलविद्युत | मार्च 2013 | जुलाई 2029 | 16 वर्ष 4 माह |
| 3. टेटेलिया-बर्नीहाट रेल लाइन | नवंबर 2011 | जून 2027 | 15 वर्ष 7 माह |
| 4. कोच्चि-मैंगलोर गैस लाइन | दिसंबर 2012 | मार्च 2027 | 14 वर्ष 3 माह |
| 5. हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच | फरवरी 2013 | अक्टूबर 2026 | 13 वर्ष 8 माह |
| 6. चेंगापल्ली-नीलांबुर हाईवे | मार्च 2013 | अक्टूबर 2026 | 13 वर्ष 7 माह |
| 7. कृष्णागिरी-वालाजाह हाईवे | दिसंबर 2013 | अक्टूबर 2026 | 12 वर्ष 10 माह |
| 8. मुरैडीह भूमिगत कोयला परियोजना | अप्रैल 2014 | दिसंबर 2026 | 12 वर्ष 8 माह |
| 9. सिवोक-रंगपो रेल लाइन | मई 2015 | दिसंबर 2027 | 12 वर्ष 7 माह |
1,360 परियोजनाएं समय पर चल रहीं
रिपोर्ट के मुताबिक 1,360 परियोजनाएं समय पर या दो साल तक की देरी के साथ चल रही हैं। यह आंकड़ा बताता है कि हर परियोजना में एक जैसी समस्या नहीं है।
यह खबर क्यों जरूरी है?
सार्वजनिक धन से बनने वाली परियोजनाएं जनता की जरूरत से जुड़ी होती हैं। लागत बढ़ने और देरी से टैक्स का पैसा ज्यादा खर्च होता है। स्कूल, अस्पताल और सड़क जैसी सुविधाएं लोगों तक देर से पहुंचती हैं। पैमाना पोर्टल पर सार्वजनिक आंकड़े इसलिए अहम हैं कि जवाबदेही तय हो सके।