दाग अच्छे हैं, पर अब महंगे भी हैं! सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के 10 रुपए तक बढ़े दाम...देखें नई रेट लिस्ट
आइए विस्तार से समझते हैं कि आखिर ये पूरा माजरा है क्या...
होम केयर प्रोडक्ट्स के बढ़े दाम
दरअसल देश की बड़ी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने कई होम केयर प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने अलग-अलग साइज के पैक पर 1 रुपए से लेकर 10 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी है। कुछ सामानों पर तो यह इजाफा करीब 11 फीसदी तक पहुंच गया है।
सर्फ एक्सेल के कौन से पैक हुए कितने महंगे?
कंपनी का सबसे पसंदीदा ब्रांड सर्फ एक्सेल (सर्फ एक्सेल हुआ महंगा) अब पहले से महंगा मिलेगा। आप सर्फ एक्सेल क्विक वॉश का 1 किलो वाला पैक खरीदते हैं, तो पहले जो 235 रुपए का मिलता था, वह अब 245 रुपए का हो गया है। यानी सीधे 10 रुपए ज्यादा लगेंगे। इसके छोटे 500 ग्राम वाले पैक के लिए अब 123 रुपए की जगह 128 रुपए देने होंगे।
सर्फ एक्सेल ईजी वॉश की बात करें तो इसका 1 किलो वाला पैक 167 रुपए से बढ़कर 172 रुपए का हो गया है। वहीं 500 ग्राम वाला पैक 85 रुपए से बढ़कर 87 रुपए का कर दिया गया है। सिर्फ पाउडर ही नहीं, कपड़े धोने वाली बट्टी भी महंगी हुई है। सर्फ एक्सेल की 250 ग्राम वाली टिकिया अब 42 रुपए की जगह 45 रुपए में मिलेगी। इसके अलावा चार टिकिया वाला पैक (200 ग्राम प्रत्येक) 145 रुपए से बढ़कर 155 रुपए का हो गया है।
रिन और व्हील के नए दाम भी जान लीजिए
सर्फ एक्सेल के अलावा रिन (रिन डिटर्जेंट के भी बढ़े दाम) और व्हील पर भी असर पड़ा है। रिन डिटर्जेंट पाउडर का 1 किलो वाला पैकेट अब 120 रुपए की जगह 123 रुपए में मिलेगा। इसके 500 ग्राम वाले पैकेट का दाम 61 रुपए से बढ़कर 63 रुपए हो गया है। कपड़ों में चमक लाने वाला रिन (500 मिलीलीटर) 90 रुपए से बढ़कर 95 रुपए का हो गया है।
मध्यम और ग्रामीण परिवारों में खूब बिकने वाले व्हील डिटर्जेंट पाउडर के 1 किलो वाले पैक की कीमत 90 रुपए से बढ़ाकर 93 रुपए कर दी गई है। इसके 500 ग्राम वाले छोटे पैकेट पर भी 1 रुपए बढ़ गया है। अब यह 46 रुपए की जगह 47 रुपए का मिलेगा।
नहाने के साबुन की कीमत में भी इजाफा
कपड़े धोने के सामान के साथ-साथ कंपनी ने नहाने के साबुन की कीमत (मोती गुलाब साबुन महंगा) में भी इजाफा किया है। HUL के मोती गुलाब साबुन के 150 ग्राम वाले पैक की कीमत 74 रुपए से बढ़ाकर 82 रुपए कर दी गई है। इस साबुन पर सीधे 8 रुपए का इजाफा हुआ है, जो प्रतिशत के हिसाब से 10 फीसदी से भी ज्यादा बैठता है।
जानिए हर पैक के पुराने और नए रेट
सर्फ एक्सेल रेंज...
- सर्फ एक्सेल क्विक वॉश (1 किलो): पुरानी कीमत 235 रुपए, नई कीमत 245 रुपए
- सर्फ एक्सेल क्विक वॉश (500 ग्राम): पुरानी कीमत 123 रुपए, नई कीमत 128 रुपए
- सर्फ एक्सेल ईजी वॉश (1 किलो): पुरानी कीमत 167 रुपए, नई कीमत 172 रुपए
- सर्फ एक्सेल ईजी वॉश (500 ग्राम): पुरानी कीमत 85 रुपए, नई कीमत 87 रुपए
- सर्फ एक्सेल बार (250 ग्राम): पुरानी कीमत 42 रुपए, नई कीमत 45 रुपए
- सर्फ एक्सेल बार बंडल (4 × 200 ग्राम): पुरानी कीमत 145 रुपए, नई कीमत 155 रुपए
रिन और व्हील रेंज...
- रिन आला (500 मिलीलीटर): पुरानी कीमत 90 रुपए, नई कीमत 95 रुपए
- रिन डिटर्जेंट पाउडर (1 किलो): पुरानी कीमत 120 रुपए, नई कीमत 123 रुपए
- रिन डिटर्जेंट पाउडर (500 ग्राम): पुरानी कीमत 61 रुपए, नई कीमत 63 रुपए
- व्हील डिटर्जेंट पाउडर (1 किलो): पुरानी कीमत 90 रुपए, नई कीमत 93 रुपए
- व्हील डिटर्जेंट पाउडर (500 ग्राम): पुरानी कीमत 46 रुपए, नई कीमत 47 रुपए
नहाने का साबुन...
- मोती गुलाब साबुन (150 ग्राम): पुरानी कीमत 74 रुपए, नई कीमत 82 रुपए
आखिर कंपनी ने क्यों बढ़ाए दाम?
हिंदुस्तान यूनिलीवर ने यह कदम मजबूरी में उठाया है। साबुन और डिटर्जेंट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल के दाम बढ़ रहे हैं। इससे कंपनी की लागत लगातार बढ़ रही थी। जानकारी के अनुसार कंपनी की एमडी और सीईओ प्रिया नायर ने पिछले महीने साफ किया था कि लागत में होने वाले बदलावों को देखकर कंपनी सीमित रूप से दाम बढ़ाती रहेगी।
इसका मकसद बढ़ते खर्च के बीच कंपनी के मुनाफे को बनाए रखना है। हालांकि इसका सीधा नतीजा यह है कि अब आम आदमी को घर के जरूरी सामान के लिए अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी होगी।