व्हिस्की हो या रम... चाइना और अमेरिका से ज्यादा पी रहे हम...बीयर से लेकर व्हिस्की तक की बढ़ी मांग
एक तरफ अमेरिका और चीन जैसे देशों में लोग शराब पीना कम कर रहे हैं। वहीं भारत में शराब की खपत लगातार बढ़ रही है। ड्रिंक्स रिसर्च फर्म IWSR के नए आंकड़ों के मुताबिक 2026 की पहली छमाही में भारत में शराब की खपत 10% बढ़ी है। दुनिया के टॉप 21 बाजारों में यह सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है। यानी दूसरे देशों में शराब की खपत घट रही है, लेकिन भारत में इसका चलन तेजी से बढ़ रहा है।
दुनिया भर में छाई सुस्ती, भारत में बढ़ी मांग
वैश्विक स्तर पर शराब का कारोबार इस समय गिरती मांग से जूझ रहा है। दुनिया की 76% शराब की खपत करने वाले 21 प्रमुख देशों में बिक्री 1% घटी है। वहीं भारत एक अकेला ऐसा देश रहा जहां ट्रैक की गई हर एक छोटी-बड़ी शराब की वैरायटी की बिक्री बढ़ी है।
किस ड्रिंक को मिला कितना पसंद?
- फुल-स्ट्रेंथ बीयर: बीयर पीने वालों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। इसकी मांग में सालाना आधार पर 16% का उछाल आया है।
- रेडी-टू-ड्रिंक : पहले से मिक्स कॉकटेल और डिब्बाबंद ड्रिंक्स का ट्रेंड खूब चला है। इसमें 12% की बढ़ोतरी हुई है।
- बिना अल्कोहल वाली बीयर: सबसे चौंकाने वाली तेजी गैर-अल्कोहलिक बीयर में आई है। इसकी मांग 25% उछल गई है। इसने प्रतिशत के मामले में बाकी सभी ड्रिंक्स को पीछे छोड़ दिया है।
- भारतीय व्हिस्की : भारत के सबसे बड़े शराब सेगमेंट यानी इंडियन व्हिस्की की बिक्री में 4% की बढ़त दर्ज की गई है।
- ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की : प्रीमियम स्कॉच पीने के शौकीनों की तादाद 8% बढ़ गई है।
- वोडका और जिन : इन दोनों ड्रिंक्स की खपत में 6-6% की बराबर बढ़ोतरी देखी गई है।
- रम और ब्रांडी : रम और नॉन-कॉन्यैक ब्रांडी की मांग में 3-3% का इजाफा हुआ है।
- वाइन : फोर्टिफाइड वाइन की खपत 7% और सादा स्टिल वाइन की बिक्री 2% बढ़ी है।
दुनिया के बाकी देशों का क्या रहा हाल?
वहीं अगर बाकी दुनिया पर नजर डालें तो तस्वीर बिल्कुल अलग दिखती है। अमेरिका और चीन में शराब का बाजार लगातार ठंडा पड़ रहा है।
- भारत: +10% की बढ़त के साथ पहले पायदान पर रहा।
- कोलंबिया: यहां खपत में +9% का इजाफा देखा गया।
- दक्षिण अफ्रीका: +5% की बढ़त दर्ज की गई।
- ब्राजील: यहां शराब की बिक्री +3% बढ़ी।
- ब्रिटेन: ब्रिटेन में खपत +2% बढ़ी।
- मेक्सिको और थाईलैंड: इन दोनों देशों में भी शराब की बिक्री में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।
- चीन : चीन में कुल खपत -3% गिरी और बीयर की बिक्री में 2% की कमी आई।
- अमेरिका: दुनिया के सबसे बड़े बाजार अमेरिका में कुल खपत -4% घटी और बीयर की बिक्री भी 4% कम हुई।
- अमेरिका और चीन को छोड़कर बाकी बाजार: इन दोनों बड़े देशों को अलग कर दें, तो बाकी बचे प्रमुख देशों में कुल मिलाकर +1% की बढ़ोतरी रही है।
आखिर दुनिया में भारत क्यों बना हॉटस्पॉट?
अमेरिका और चीन में शराब की मांग घटने के पीछे कई बड़ी वजहें सामने आई हैं। पश्चिमी देशों में लोग अब सेहत को लेकर ज्यादा सतर्क हो रहे हैं। शराब कम पीने पर ध्यान दे रहे हैं। इसके साथ ही वजन घटाने वाली दवाओं के बढ़ते इस्तेमाल ने भी लोगों की शराब पीने की इच्छा को कम किया है।
अमेरिका में महंगाई, टैक्स और आर्थिक चिंताओं ने लोगों की जेब पर असर डाला है। जबकि चीन अपनी सुस्त अर्थव्यवस्था और आंतरिक चुनौतियों के चलते कम खर्च कर रहा है।
दूसरी तरफ भारत दुनिया भर की शराब कंपनियों की पहली पसंद बन गया है। IWSR के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर मार्टेन लोडेविज्क्स का कहना है कि दुनिया भर की शराब इंडस्ट्री के लिए भारत सबसे अहम बाजारों में से एक बना हुआ है। हालिया आंकड़े भी इसी बात पर मुहर लगाते हैं। दुनिया के जो भी बड़े ब्रांड्स अपना कारोबार फैलाना चाहते हैं, वे भारत की तेज ग्रोथ को देखकर सीधे यहां का रुख कर रहे हैं।