I.N.D.I.A से होगी कांग्रेस की छुट्टी!, AAP का साथ देंगे ममता-शरद पवार?
NEWDELHI. इन दिनों दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पारा बहुत बढ़ा हुआ है। आम आदमी पार्टी के नेता नई-नई घोषणाएं कर रहे हैं, वहीं अखबारों में दिल्ली सरकार के ही विभाग इस योजनाओं को लेकर जनता को सजग कर रहे हैं। अखबारों के माध्यम से बताया जा रहा है कि ऐसी किसी योजना का कोई अस्तित्व ही नहीं है। लोगों से अपील भी की जा रही है कि किसी बहकावे में न आएं, न ही किसी को संवेदनशील जानकारी दें।
AAP ने दी 24 घंटे की चेतावनी
दिल्ली की सीएम आतिशी ने गुरुवार, 26 दिसंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस के बयानों से साफ है कि दिल्ली चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी से साठगांठ कर ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा था कि केजरीवाल एंटी-नेशनल हैं... कल कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल और मेरे खिलाफ FIR दर्ज कराई है। क्या बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस ने आज तक कोई एफआईआर की है? हमें सूत्रों से पता चला है कि कांग्रेस के जो प्रत्याशी हैं, उनके चुनाव का खर्चा बीजेपी से आ रहा है। सुनने में आया है कि संदीप दीक्षित, फरहाद सूरी को चुनाव लड़ने के लिए बीजेपी से फंड आ रहा है। आतिशी ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस की बीजेपी से साठगांठ नहीं है तो 24 घंटे के अंदर अजय माकन और यूथ कांग्रेस के नेता के खिलाफ ऐक्शन ले। अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती है तो 'आप' इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों से बातचीत करेगी कि कांग्रेस के साथ अब गठबंधन में नहीं रहा जा सकता।
कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से अलग करें
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप नेता संजय सिंह ने कहा कि अब सारी हदें पार हो चुकी हैं, सारी सीमाएं पार हो चुकी हैं। अपमान का, FIR दर्ज कराने का, एंटी-नेशनल बोलने का दुस्साहस अजय माकन और कांग्रेस पार्टी ने किया है। मैं कांग्रेस पार्टी से मांग करता हूं कि 24 घंटे के अंदर अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करें वरना इंडिया गठबंधन के जो और भी घटक दल हैं, उनसे हम मांग करेंगे कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से अलग करें। आतिशी और संजय सिंह दोनों ने यहां तक आरोप लगाया कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मदद पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवारों की लिस्ट देखने से ऐसा लगता है कि ये लिस्ट बीजेपी ने तैयार किया है।
किस कारण से मचा है दिल्ली में बवाल
दिल्ली की आतिशी सरकार ने महिलाओं के लिए हर महीने 1000 रुपए की योजना का ऐलान किया था। हालांकि, अभी तक किसी महिला के खाते में पैसे नहीं पहुंचे हैं क्योंकि अभी इस स्कीम के तहत रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि महंगाई के मद्देनजर चुनाव बाद इस स्कीम के तहत 1000 रुपए के बजाय हर महीने 2100 रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा केजरीवाल ने दिल्ली के बुजुर्गों के लिए सरकारी या निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज का वादा किया है। बुजुर्गों के मुफ्त इलाज लिए प्रस्तावित 'संजीवनी' योजना अधिसूचित नहीं है, लेकिन वॉलंटियर के रूप में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर दोनों योजनाओं का रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं। दिल्ली सरकार के ही विभागों की तरफ से अखबारों में जनता को आगाह करने वाले विज्ञापनों के बाद बीजेपी और कांग्रेस आम आदमी पार्टी पर आक्रामक हैं। वहीं, सीएम आतिशी ने बीजेपी के इशारे पर विज्ञापन देने वाले विभागों के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
यूकां ने केजरीवाल के खिलाफ दर्ज की FIR
दिल्ली युवक कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने बुधवार, 25 दिसंबर को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि आप ने कथित योजनाओं के नाम पर जनता को गुमराह किया है। लाकड़ा ने शिकायत में कहा है कि AAP के तमाम विधायक और एमसीडी के पार्षद लोगों से वोटर आईडी डीटेल और फोन नंबर संवेदनशील और निजी जानकारियां जुटा रहे हैं। दिल्ली में 2024 का लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने वाली AAP और कांग्रेस विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने जा रही हैं। अजय माकन जैसे कांग्रेस के नेता तो खुलकर कह रहे हैं कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन एक बड़ी गलती थी। माकन ने तो केजरीवाल को देशविरोधी तक बोल दिया है, जैसा AAP सांसद संजय सिंह दावा कर रहे हैं। संदीप दीक्षित AAP पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं।
I.N.D.I.A गठबंधन के अस्तित्व पर सवाल
ममता बनर्जी तो इंडिया गठबंधन की कमान अपने हाथ में लेने की इच्छा जता चुकी हैं। ममता की दावेदारी का बिहार के राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भी समर्थन किया था। अब दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला आप और बीजेपी के बीच है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने भी पूरे दमखम से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। ऐसे में आप नेताओं ने इंडिया गठबंधन से कांग्रेस को ही बाहर करने की मांग कर दी है।
thesootr links
- मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- रोचक वेब स्टोरीज देखने के लिए करें क्लिक