अंडर-19 एशिया कप: फाइनल में भारत vs पाकिस्तान, 14 नवंबर को ओमान में होगा खिताबी मुकाबला
सेमीफाइनल में कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने 93 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
अफगानिस्तान ने दिया था 228 रन का लक्ष्य
सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 227 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 228 रन का लक्ष्य मिला था। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी। टीम इंडिया ने 36.5 ओवर में सिर्फ 2 विकेट गंवाकर 230 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
लक्ष्य और आर्यवीर ने दिलाई शानदार शुरुआत
भारत की ओर से कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े। पिछले मैच में शतक लगाने वाले आर्यवीर ने इस मुकाबले में 57 गेंदों पर 51 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। आर्यवीर के आउट होने के बाद लक्ष्य ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की।
शतक से चूके कप्तान लक्ष्य रायचंदानी
कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंदों पर 93 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया। हालांकि, वह शतक पूरा नहीं कर सके। इसके बाद वीके विनीत और यशवर्धन चौहान ने भारत को जीत तक पहुंचाया। विनीत 62 गेंदों पर 5 चौके और एक छक्के की मदद से 57 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, यशवर्धन ने नाबाद 16 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से नूर अली नियाजी और सोहेल खान को एक-एक विकेट मिला।
अफगानिस्तान के दो बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक
इससे पहले अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 86 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। आबिदुल्लाह नादरजान ने 14, फरीदुल्लाह एहसास ने 13 और सुभान जखैल ने 31 रन बनाए। इसके बाद नोमान सलारजई और शाह फैजल रहीमी ने चौथे विकेट के लिए 57 रन जोड़े।
नोमान ने 78 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। वहीं, शाह फैजल रहीमी ने 72 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। आमिर हमजा बिना खाता खोले आउट हुए। ताहिर सरवरी ने एक और मोहम्मद अली ने 8 रन बनाए। कप्तान सोहेल खान ने 44 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। नूर अली नियाजी 8 रन बनाकर नाबाद रहे।
ईशान सूद ने लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट
भारत की ओर से गेंदबाजी में ईशान सूद ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने अफगानिस्तान के 3 बल्लेबाजों को आउट किया। आर्यन सवसानी ने 2 विकेट लिए। वहीं, काव्य पटेल, यशवर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत को एक-एक सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को 227 रन पर रोककर बल्लेबाजों के लिए जीत की राह आसान कर दी।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया
दूसरे Semifinal में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब भारत और पाकिस्तान के बीच 14 नवंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का गत चैंपियन है। भारत को पिछले फाइनल में भी पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस बार टीम इंडिया के पास पिछली हार का बदला लेने का मौका है।
नौवें खिताब पर भारत की नजर
अंडर-19 एशिया कप में भारत सबसे सफल टीम है। टीम इंडिया अब तक रिकॉर्ड 8 बार चैंपियन बन चुकी है। इनमें एक संयुक्त खिताब भी शामिल है। भारत ने 1989, 2003, 2012, 2013-14, 2016, 2018, 2019 और 2021 में खिताब जीता था। वहीं, 2024 और 2025 में भारतीय टीम उपविजेता रही थी। इस टूर्नामेंट में भारत को अब तक केवल पाकिस्तान से हार मिली है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच Final मुकाबला काफी महत्वपूर्ण होगा। भारत की कोशिश पाकिस्तान को हराकर नौवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी जीतने की होगी।