अंडर-19 एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया, आखिरी बाल पर चौका जड़कर मोहित ने दिलाई जीत

Sandeep Kumar | Published:
अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की रोमांचक जीत
India Clinches U-19 Asia Cup Final Thriller, Beats Pakistan by 1 Wicket to Lift 9th Title
भारत ने पाकिस्तान को उसी के अंदाज में जवाब देते हुए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में रोमांचक जीत दर्ज कर ली। टीम इंडिया ने पाक को एक विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। अल अमीरात में शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने 337 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर भारत के सामने बड़ी चुनौती रखी थी।

लेकिन भारतीय युवा बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रनों की पारी खेलकर पाकिस्तान के गेंदबाजों को कड़ी टक्कर दी। आखिरी ओवर में जब मुकाबला रोमांच के चरम पर पहुंचा, तब मोहित ने चौका जड़कर भारत की जीत पर मुहर लगा दी। मोहित ने 49 रन बनाए। इसी के साथ भारतीय टीम ने 9वीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया।



कप्तान लक्ष्य ने खेली 80 रन की पारी

338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही। आर्यवीर सहवाग ने अर्धशतक लगाया, लेकिन वीके विनीथ और अर्जुन राजपूत बड़ी पारी नहीं खेल सके। यशबर्धन भी 9 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टीम को संभालते हुए 101 गेंदों में 80 रन बनाए। अन्वय द्रविड़ ने 12 गेंदों में 19 रन की पारी खेली, लेकिन वह रन आउट हो गए। लगातार विकेट गिरने से भारत की जीत मुश्किल नजर आने लगी थी।



मनल और मोहित की साझेदारी ने पलटा मैच

आखिरी ओवरों में मनल चौहान और मोहित ने शानदार बल्लेबाजी कर भारत की वापसी कराई। दोनों ने नौवें विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन जोड़े। मनल ने 32 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेली। उनके आउट होने के बाद मोहित ने वेंकटा के साथ मिलकर अंतिम ओवर में भारत को जीत दिला दी। इस साझेदारी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा।



पाकिस्तान के तीन बल्लेबाजों ने बनाए बड़े स्कोर

इससे पहले पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए। उस्मान खान ने शानदार शतक लगाते हुए 107 रन बनाए। कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों में ताबड़तोड़ 80 रन बनाए। भारतीय गेंदबाज शुरुआत में रन रोकने में सफल नहीं रहे। हालांकि, बाद में काव्या पटेल ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान को बड़े स्कोर तक जाने से रोकने की कोशिश की। वेंकटा ने तीन और अर्जुन राजपूत ने एक विकेट लिया। एक पाकिस्तानी बल्लेबाज रन आउट हुआ।



ग्रुप स्टेज की हार का फाइनल में लिया बदला

इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की यह दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले Group Stage में पाकिस्तान ने भारत को हराया था। लेकिन Final Match में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए उस हार का बदला ले लिया। भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया था। खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच आखिरी ओवर तक कड़ी टक्कर हुई।



मैच का स्कोर

पाकिस्तान अंडर-19: 337/9 (50 ओवर)



भारत अंडर-19: 339/9 (50 ओवर)



नतीजा: भारत एक विकेट से विजेता बना और नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।

Tags:
  • अंडर-19 एशिया कप
  • एशिया कप
  • Under-19 Asia Cup
  • भारत ने पाकिस्तान को हराया
  • आर्यवीर सहवाग
  • कप्तान लक्ष्य रायचंदानी
  • ओमान
  • टीम इंडिया
  • अर्जुन राजपूत