प्रोजेक्ट फ्रीडम पर ट्रंप ने लगाया ब्रेक! कहा- ईरान की नौसेना खत्म हो गई है

Amresh Kushwaha | May 06, 2026, 07:56 IST
iran israel america war update trump project freedom
ईरान-इजराइल युद्ध के 68वें दिन राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम रोककर दुनिया को चौंका दिया है। समुद्र में तनाव और अमेरिकी विमान के लापता होने से मिडिल ईस्ट में स्थिति गंभीर हो गई है।

Iran Israel War Update: मिडिल ईस्ट की जंग अब बेहद उलझ गई है। ट्रंप ने अचानक प्रोजेक्ट फ्रीडम पर ब्रेक लगा दिया है। अमेरिका इसे शांति की पहल बता रहा है। वहीं ईरान इसे अपनी बड़ी जीत मान रहा है। समुद्र में जहाजों पर हमले जारी हैं।



कतर के पास अमेरिकी विमान लापता हो गया है। चीन और पाकिस्तान अब मध्यस्थता में जुटे हैं। ईरान ने समुद्र में नए रास्ते तय किए हैं। ट्रंप ने ईरानी नौसेना को खत्म बताया है। अब सबकी नजरें चीन की बैठक पर टिकी हैं। क्या बातचीत से यह महायुद्ध थम पाएगा?



प्रोजेक्ट फ्रीडम पर ब्रेक: ट्रंप का यू-टर्न

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात अचानक प्रोजेक्ट फ्रीडम रोकने की घोषणा कर सबको चौंका दिया। यह ऑपरेशन सोमवार को ही शुरू हुआ था ताकि होर्मुज की खाड़ी से जहाजों को सुरक्षित निकाला जा सके। न्यूयॉर्क टाइम्स का कहना है कि पाकिस्तान की अपील और ईरान के साथ बातचीत में सुधार के चलते ट्रंप ने यह कदम उठाया है। जहाँ अमेरिका इसे समझौते की पहल बता रहा है, वहीं ईरान इसे अपनी जीत मान रहा है।



धमकी के बाद जहाज पर हमला

प्रोजेक्ट शुरू होते ही ईरान भड़क गया था और चेतावनी दी थी कि उसकी मर्जी के बिना कोई परिंदा भी यहाँ पर नहीं मार सकता। इसके तुरंत बाद दक्षिण कोरिया के एक जहाज पर हमला हुआ और UAE में मिसाइलें दागी गईं। बुधवार सुबह फिर खबर आई कि होर्मुज में एक और मालवाहक जहाज को निशाना बनाया गया है, जिसकी जांच अभी जारी है।



इजराइल ईरान युद्ध: 05- 06 मई 2026 के बड़े अपडेट्स

ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग और समुद्र में बढ़ती हलचल को आप इस आसान रिपोर्ट से समझ सकते हैं:



1. पड़ोसियों, अमेरिका का साथ छोड़ो- ईरान

ईरान ने खाड़ी देशों को दो-टूक कहा है कि वे अमेरिका के भरोसे रहना बंद करें। ईरान के मुताबिक, अमेरिकी सेना इलाके में सुरक्षा नहीं बल्कि खतरा लाती है। उनका दावा है कि ईरान की किसी देश से दुश्मनी नहीं है और उसने जो भी किया, अपनी रक्षा के लिए किया। दूसरी तरफ ट्रंप का मानना है कि अगर यह युद्ध न होता, तो ईरान पूरे मिडिल ईस्ट को निगल जाता।



2. चीन का रुख: बीजिंग में बड़ी बैठक

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची चीन के दौरे पर हैं। उनकी चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ मुलाकात बहुत अहम है, क्योंकि करीब 10 दिन बाद डोनाल्ड ट्रंप भी चीन जाने वाले हैं। रूस के बाद अब चीन के साथ ईरान की यह नजदीकी युद्ध के समीकरण बदल सकती है।



3. आसमान से गायब हुआ अमेरिकी विमान

कतर के आसमान में अमेरिकी वायुसेना का एक फ्लाइंग गैस स्टेशन (KC-135 स्ट्रैटोटैंकर) इमरजेंसी सिग्नल भेजने के बाद लापता हो गया। ईरान की न्यूज एजेंसी ने दावा किया कि विमान ने '7700' का खतरा वाला सिग्नल दिया था। हालांकि, अमेरिका ने अभी तक इस पर चुप्पी साध रखी है कि यह कोई तकनीकी खराबी थी या कोई हमला।



4. UN में जंग: अमेरिका लाया नया प्रस्ताव

अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र (UN) में ईरान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रस्ताव पेश कर मांग की है कि ईरान जहाजों पर हमले और टोल वसूली तुरंत बंद करे। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इसे UN के लिए 'अग्निपरीक्षा' बताया है। उनका कहना है कि अगर UN दुनिया की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए एकजुट नहीं हुआ, तो उसकी उपयोगिता पर सवाल उठेंगे।



5. रास्ता वही जो ईरान चुने

ईरान की नौसेना ने समंदर में नया फरमान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि जहाज केवल उन्हीं रास्तों से गुजरें जो ईरान ने तय किए हैं। इसके अलावा किसी भी दूसरे रास्ते से जाने पर 'खतरा' हो सकता है। यह एक तरह से समंदर पर अपना कंट्रोल दिखाने की कोशिश है।



6. पाकिस्तान की उम्मीद: क्या सुलझ जाएगा मामला?

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार इस पूरे विवाद में मध्यस्थ की भूमिका निभाते दिख रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है और जल्द ही यह जंग खत्म हो सकती है। पाकिस्तान का दावा है कि उन्हें इस शांति प्रक्रिया में कई देशों का समर्थन मिल रहा है।



7. ईरान की सेना अब सिर्फ छोटी नावों तक सीमित- ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अमेरिकी कार्रवाई में ईरान की सेना लगभग खत्म हो चुकी है। उनके मुताबिक, अब ईरान के पास सिर्फ मशीन गन वाली छोटी नावें बची हैं, बाकी बड़े जहाज डूब चुके हैं। ट्रंप ने दोहराया कि वे ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे।



ये खबर भी पढ़िए...



ईरान-इजराइल युद्ध का 53वां दिन: आज पाकिस्तान में होगी दूसरे चरण की शांति वार्ता



अमेरिका ने ईरानी जहाज पर किया कब्जा, दूसरे दौर की वार्ता से ईरान ने बनाई दूरी



भारत आ रहे दो जहाजों पर ईरान ने किया हमला, अब भारतीयों की नब्ज टटोल रहा ईरानी दूतावास



समुद्र में घेराबंदी और परमाणु ठिकानों पर खुदाई को लेकर छिड़ी जुबानी जंग!



Tags:
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • इजराइल
  • पाकिस्तान
  • ईरान
  • संयुक्त राष्ट्र
  • इजराइल ईरान युद्ध
  • न्यूयॉर्क टाइम्स
  • ईरान-इजराइल युद्ध
  • मिडिल ईस्ट
  • Iran Israel war update