ईरान-इजराइल युद्ध का 55वां दिन: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह बंद, भारत आ रहे जहाज पर ईरान का कब्जा
Iran Israel War Update: ईरान-इजराइल युद्ध अब 55वें दिन में प्रवेश कर चुका है। तनाव और बढ़ गया है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे वैश्विक तेल बाजार में भारी हड़कंप मच गया है।
कच्चे तेल की कीमतें 4% तक उछल गई हैं। होर्मुज में भारत आ रहे जहाज पर ईरान का कब्जा है। उधर डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार तक गुड न्यूज के संकेत दिए हैं। पाकिस्तान इस पूरे मामले में मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है।
व्हाइट हाउस ने युद्ध खत्म करने का फैसला ट्रंप पर छोड़ा है। लेबनान में सीजफायर के बावजूद इजराइली हमले जारी हैं। चीन ने ट्रंप के गिफ्ट वाले दावे को खारिज कर दिया है। मिडिल ईस्ट के हालात अब बेहद नाजुक मोड़ पर हैं।
जब तक घेराबंदी, तब तक होर्मुज बंद- ईरान
ईरान ने साफ कर दिया है कि वह फिलहाल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (समुद्री रास्ता) को नहीं खोलने वाला। ईरान की संसद के स्पीकर बाकेर गालिबाफ का कहना है कि एक तरफ अमेरिका ने हमारी नाकेबंदी कर रखी है और दूसरी तरफ सीजफायर का उल्लंघन हो रहा है, ऐसे में रास्ता खोलना नामुमकिन है। उन्होंने अमेरिकी कार्रवाई को दुनिया की अर्थव्यवस्था को बंधक बनाने जैसा बताया है।
तेल की कीमतों में 4% का जोरदार उछाल
होर्मुज बंद होने की खबर मिलते ही तेल बाजार में हड़कंप मच गया। गुरुवार को तेल की कीमतें 4% तक बढ़ गईं। अमेरिका का बेंचमार्क तेल (WTI) करीब 96.73 डॉलर और ब्रेंट क्रूड 105.63 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। सीधा सा हिसाब है- रास्ता बंद रहेगा, तो तेल महंगा होगा।
इजराइल ईरान युद्ध: 22 - 23 अप्रैल 2026 के बड़े अपडेट्स
ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग और समुद्र में बढ़ती हलचल को आप इस आसान रिपोर्ट से समझ सकते हैं:
1. शुक्रवार को मिल सकती है गुड न्यूज- ट्रंप
इतने तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप थोड़े पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया है कि ईरान के साथ बातचीत को लेकर शुक्रवार तक कोई अच्छी खबर आ सकती है। पाकिस्तान इस मामले में बिचौलिए की भूमिका निभा रहा है और माना जा रहा है कि अगले 36 से 72 घंटों में दोनों देश टेबल पर लौट सकते हैं। हालांकि, ईरान अभी भी 'शायद' वाली स्थिति में है।
2. ईरानी राष्ट्रपति का दर्द: धमकियां मिलीं तो बात कैसे होगी?
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान का कहना है कि वे बातचीत के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन डरा-धमकाकर बात नहीं की जा सकती। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि विरोधियों की बातों और कामों में जमीन-आसमान का फर्क है। जब तक घेराबंदी और धमकियां जारी रहेंगी, तब तक कोई ठोस नतीजा निकलना मुश्किल है।
3. व्हाइट हाउस का बयान: ट्रंप तय करेंगे जंग का अंत
मिडल ईस्ट में चल रही इस जंग की समयसीमा (Timeline) क्या होगी? इस पर व्हाइट हाउस ने गेंद ट्रंप के पाले में डाल दी है। प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि युद्ध कब तक चलेगा, इसका फैसला राष्ट्रपति ट्रंप देश के हितों को देखकर लेंगे। फिलहाल कोई फिक्स डेट तय नहीं है क्योंकि हालात रोज बदल रहे हैं।
4. भारत आ रहे जहाज पर ईरान का कब्जा
ईरान की सेना (IRGC) ने होर्मुज में भारत आ रहे एक जहाज एपामिनोडेस को अपने कब्जे में ले लिया है। यह जहाज गुजरात के मुंद्रा पोर्ट आ रहा था। ईरान का आरोप है कि इसके नेविगेशन सिस्टम से छेड़छाड़ की गई थी। वहीं, एक अन्य जहाज यूफोरिया पर फायरिंग भी हुई है, जिसमें राजस्थान के रहने वाले संजय माहर मौजूद हैं। उन्होंने वीडियो भेजकर बताया कि सेना की फायरिंग के बाद क्रू मेंबर्स डरे हुए हैं।
5. सीजफायर के बावजूद लेबनान में अब भी गिर रहे बम
कहने को तो लेबनान में सीजफायर हो गया है, लेकिन इजराइल के हमले थम नहीं रहे। इजराइली सेना का कहना है कि वे सिर्फ नियमों का उल्लंघन करने वालों (हिजबुल्लाह) को निशाना बना रहे हैं। दक्षिणी लेबनान में अभी भी घरों को गिराया जा रहा है, जिसकी वजह से खुद इजराइल के भीतर प्रधानमंत्री नेतन्याहू का विरोध शुरू हो गया है।
6. चीन का पलटवार: हम तोहफे में जहाज नहीं देते
ट्रंप ने दावा किया था कि होर्मुज में जो जहाज पकड़ा गया है, वो शायद चीन की तरफ से ईरान को गिफ्ट था। इस बात पर चीन भड़क गया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये दावे बेबुनियाद हैं। हम एक जिम्मेदार देश हैं और अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करते हैं। चीन ने ट्रंप के इस बयान को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
ये खबर भी पढ़िए...
ईरान-इजराइल युद्ध का 53वां दिन: आज पाकिस्तान में होगी दूसरे चरण की शांति वार्ता
अमेरिका ने ईरानी जहाज पर किया कब्जा, दूसरे दौर की वार्ता से ईरान ने बनाई दूरी
भारत आ रहे दो जहाजों पर ईरान ने किया हमला, अब भारतीयों की नब्ज टटोल रहा ईरानी दूतावास
समुद्र में घेराबंदी और परमाणु ठिकानों पर खुदाई को लेकर छिड़ी जुबानी जंग!