ईरान-इजराइल युद्ध का 52वां दिन: अमेरिका ने ईरानी जहाज पर किया कब्जा, दूसरे दौर की वार्ता से ईरान ने बनाई दूरी
Iran Israel War Update: ईरान और इजराइल जंग का आज 52वां दिन है। समंदर में अमेरिका और ईरान के बीच भारी तनाव है। अमेरिका ने ईरान का एक मालवाहक जहाज कब्जे में ले लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे होर्मुज स्ट्रेट की बड़ी कार्रवाई बताया है। ईरान ने इसे समुद्री डकैती और सीधा हमला करार दिया है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि समुद्री सुरक्षा अब मुफ्त नहीं मिलेगी। पाकिस्तान में होने वाली शांति वार्ता अब खटाई में है। ईरान ने अमेरिकी युद्धपोतों पर ड्रोन से पलटवार किया है। कच्चा तेल $96 के पार पहुंच गया है।
बाजार में भारी हड़कंप और युद्ध का खतरा बरकरार है। मशहद एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होना इकलौती राहत की खबर है। स्थिति बेहद नाजुक है और तनाव चरम पर बना हुआ है।
इजराइल ईरान युद्ध: 19 - 20 अप्रैल 2026 के बड़े अपडेट्स
ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग और समुद्र में बढ़ती हलचल को आप इस आसान रिपोर्ट से समझ सकते हैं:
1. बीच समंदर में भिड़ंत: अमेरिका ने पकड़ा ईरानी जहाज
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर है। अमेरिका ने चीन से आ रहे ईरान के एक मालवाहक जहाज 'टॉस्का' को अपने कब्जे में ले लिया है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने बताया कि जब यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट पार कर रहा था, तब अमेरिकी युद्धपोत USS स्प्रूअन्स ने इसे रोका। ट्रम्प का दावा है कि जहाज ने चेतावनियों को अनसुना किया, जिसके बाद अमेरिकी मरीन ने उस पर कंट्रोल कर लिया। अब अमेरिका इसकी तलाशी ले रहा है कि आखिर इसके अंदर क्या है।
2. ईरान का पलटवार: यह समुद्री डकैती है
दूसरी ओर, ईरान इस कार्रवाई से भड़का हुआ है। ईरान के सैन्य मुख्यालय का कहना है कि अमेरिका ने सीजफायर तोड़ा है और ओमान की खाड़ी में उनके व्यापारिक जहाज पर फायरिंग की, जिससे उसका नेविगेशन सिस्टम फेल हो गया। ईरान ने इसे सीधे तौर पर 'समुद्री डकैती' करार दिया है और चेतावनी दी है कि वे इसका बदला जरूर लेंगे।
3. ईरान की दो टूक: सुरक्षा मुफ्त नहीं मिलेगी
ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने दुनिया को साफ संदेश दे दिया है। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट (समंदर का वो रास्ता जहां से तेल निकलता है) की सुरक्षा की गारंटी मुफ्त में नहीं दी जा सकती। आरिफ का कहना है कि यह नहीं चलेगा कि एक तरफ ईरान के तेल बेचने पर पाबंदी हो और दूसरी तरफ बाकी दुनिया के जहाज सुरक्षित निकलें। उन्होंने चेतावनी दी कि या तो तेल का बाजार सबके लिए खुलेगा, या फिर सबको इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।
4. पाकिस्तान में होने वाली बातचीत खटाई में पड़ी
अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग को रोकने के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मंगलवार को मीटिंग होनी थी। लेकिन अब ईरान ने अपने प्रतिनिधि भेजने से साफ मना कर दिया है। ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका ने समंदर की नाकेबंदी नहीं हटाई, तब तक कोई बात नहीं होगी। इधर ट्रम्प ने भी तेवर कड़े कर लिए हैं; उन्होंने कहा है कि यह ईरान के पास आखिरी मौका है, वरना उसके इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े हमले किए जाएंगे।
5. भरोसे की कमी: ईरान ने लगाया धोखे का आरोप
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बात करते हुए अमेरिका पर 'विश्वासघात' का आरोप लगाया है। ईरान का कहना है कि उन्होंने तो शांति की पहल करते हुए जलमार्ग खोलने की कोशिश की थी, लेकिन अमेरिका ने अपनी घेराबंदी जारी रखकर समझौते की शर्तें तोड़ दीं और धोखा दिया।
6. बदले की आग: अमेरिकी युद्धपोतों पर ड्रोन अटैक
जवाब देने में ईरान ने भी देर नहीं की। खबर है कि ओमान की खाड़ी में तैनात अमेरिकी युद्धपोतों पर ईरान ने ड्रोन से हमले किए हैं। ईरान ने साफ किया है कि यह उसके जहाज टॉस्का को पकड़े जाने का करारा जवाब है। इन हमलों के बाद इलाके में जो थोड़ा-बहुत युद्धविराम था, वह अब टूटने की कगार पर है और युद्ध का खतरा मंडराने लगा है।
7. तेल की कीमतों में लगी आग, बाजार में हड़कंप
इस पूरे तनाव का असर सीधे आपकी जेब पर पड़ने वाला है। होर्मुज स्ट्रेट बंद होने की आशंका से ग्लोबल मार्केट में तेल की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। ब्रेंट क्रूड करीब 7% बढ़कर $96.85 और अमेरिकी तेल $87.88 प्रति बैरल तक पहुँच गया है। शेयर बाजार में भी इस अनिश्चितता की वजह से गिरावट देखी जा रही है।
8. राहत की खबर: मशहद एयरपोर्ट से शुरू होंगी उड़ानें
तनाव के बीच एक छोटी सी राहत की खबर भी है। ईरान की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा है कि मशहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट सोमवार से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फिर से खुल जाएगा। ईरान के पूर्वी हिस्से का एयरस्पेस खोल दिया गया है, जिससे वहां फंसी हवाई सेवाओं को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है।
ये खबर भी पढ़िए...
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर पीएम मोदी ने सऊदी प्रिंस से की बात, एक और LPG जहाज भारत पहुंचा
ईरान-इजराइल युद्ध के कारण हजारों बाज राजस्थान पहुंचे, रेगिस्तानी जिलों में बनाए ठिकाने
होर्मुज से भारत के लिए खुशखबरी! ईरान का ऐलान- 5 देशों के जहाजों को नहीं रोक रहे
ट्रंप का दावा- ईरान घुटनों पर है और हम जीत चुके हैं; होर्मुज से दोस्त जहाजों के लिए रास्ता साफ