ईरान को झुकना ही होगा! ट्रंप की दो टूक- डील होगी तो सिर्फ हमारी शर्तों पर
Iran Israel War Update: ईरान और इजराइल के बीच जंग अब 90वें दिन में पहुंच चुकी है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर बड़ा दावा किया है। ट्रंप के मुताबिक, लगातार हमलों से अब ईरान की कमर टूट चुकी है। उसकी नौसेना, वायुसेना और आर्थिक हालत पूरी तरह से खस्ता हो चुकी है।
ट्रंप ने साफ किया कि समझौता सिर्फ अमेरिकी शर्तों पर ही होगा। यूरेनियम सौंपने के बाद भी ईरान को प्रतिबंधों से राहत नहीं मिलेगी। उधर, होर्मुज स्ट्रेट में दोनों सेनाओं के बीच गोलाबारी की खबर है। हालांकि, अमेरिका ने युद्ध खत्म होने के दावों को झूठा बताया है। तनाव के बीच समुद्र में दोनों ओर से भारी हलचल जारी है।
ट्रंप का दावा: ईरान की कमर टूट चुकी है!
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कुछ बहुत ही सख्त बातें कही हैं। ट्रंप का कहना है कि अमेरिका अभी ईरान के साथ समझौता यानी डील करने को तैयार है, लेकिन इसके लिए एक शर्त है- डील पूरी तरह से अमेरिका की शर्तों पर ही होगी, नहीं तो कोई समझौता नहीं होगा।
ट्रंप ने दावा किया कि हाल के तनाव और अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान काफी कमजोर हो चुका है। उनका कहना है कि ईरान की नौसेना और वायुसेना को भारी नुकसान पहुंचा है। यही नहीं, ईरान की आर्थिक हालत भी बेहद खस्ता है; वहाँ महंगाई आसमान छू रही है और उनकी करेंसी की वैल्यू लगातार गिरती जा रही है।
इजराइल ईरान युद्ध: 27 - 28 मई 2026 के बड़े अपडेट्स
ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग और समुद्र में बढ़ती हलचल को आप इस आसान रिपोर्ट से समझ सकते हैं:
1.होर्मुज स्ट्रेट में एक्शन: ईरान की फायरिंग, अमेरिका का जवाब
ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरानी नौसेना ने एक अमेरिकी टैंकर पर गोलियां चलाईं। ईरान का आरोप है कि यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते वक्त अपना रडार बंद करके चुपके से निकल रहा था।
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि इस घटना के बाद अमेरिकी सेना ने भी मोर्चा संभाला और बंदर अब्बास के पास एक खाली इलाके में जवाबी फायरिंग की। राहत की बात यह रही कि इस गोलाबारी में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई नुकसान हुआ। वैसे, अमेरिका ने अभी तक इस पूरी घटना पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
2. यूरेनियम दे भी दिया, तो भी ट्रंप नहीं पिघलेंगे!
ट्रंप ने यह बिल्कुल साफ कर दिया है कि अगर ईरान अपना हाईली एनरिच्ड यूरेनियम (बेहद संवर्धित यूरेनियम) अमेरिका को सौंप भी देता है, तो भी उसे पाबंदियों में कोई छूट नहीं मिलने वाली।
PBS न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या मौजूदा समझौते के तहत यूरेनियम छोड़ने के बदले ईरान को प्रतिबंधों से राहत मिलेगी? तो ट्रंप का सीधा जवाब था, नहीं, बिल्कुल नहीं। प्रतिबंधों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। आपको बता दें कि इस समय दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम और युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत चल रही है, और यूरेनियम का यह मुद्दा दोनों के बीच सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ है।
3. ईरान के पास कोई और रास्ता ही नहीं है
ट्रंप का कहना है कि वे ईरान के साथ डील करने में कोई जल्दबाजी नहीं दिखाएंगे, क्योंकि उन्हें आने वाले मिडटर्म चुनावों की कोई टेंशन नहीं है। उनका दावा है कि अब ईरान समझौता करने के लिए मजबूर हो चुका है।
कैबिनेट बैठक में ट्रंप ने कहा कि ईरान को लगा था कि वे मुझे इंतजार करवाकर थका देंगे। उन्हें लगा कि मेरे सिर पर मिडटर्म चुनाव का दबाव है, पर मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका सिर्फ अपनी शर्तों पर ही डील चाहता है। उन्होंने कहा कि हम अभी इस डील से संतुष्ट नहीं हैं, लेकिन आगे हो जाएंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हमें अपना काम पूरा करना होगा।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान का इकोनॉमिक सिस्टम पूरी तरह बर्बाद हो चुका है और वहाँ इंटरनेट सेवाओं का फिर से शुरू होना इस बात का सबूत है कि तेहरान के तेवर अब ढीले पड़ रहे हैं। उनके मुताबिक, “वे बस किसी तरह समझौता करना चाहते हैं, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि उनके पास अब कोई दूसरा ऑप्शन बचा है।”
4. पीस डील की खबर पर अमेरिका का नो कमेंट्स, कहा, यह सब झूठ है!
अमेरिका ने ईरानी मीडिया की उस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया है। इसमें दावा किया गया था कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने के लिए समझौते का एक ड्राफ्ट तैयार हो गया है। व्हाइट हाउस ने साफ शब्दों में बयान जारी कर कहा कि ईरानी मीडिया में चल रही यह खबर पूरी तरह से झूठी और मनगढ़ंत है।
इससे पहले ईरानी मीडिया ने दावा किया था कि दोनों देशों के बीच जंग को रोकने के लिए 'मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग' का शुरुआती खाका तैयार है। उस रिपोर्ट में कहा गया था कि इस समझौते के बाद होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों का आना-जाना फिर से नॉर्मल हो जाएगा और अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकेबंदी हटा लेगा।
5. होर्मुज स्ट्रेट का हाल: ईरान बोला- हमारी मर्जी से गुजर रहे हैं जहाज
ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) की नौसेना ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में उसकी हरी झंडी मिलने के बाद 23 जहाज होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरे हैं।
इससे एक दिन पहले ही 25 जहाजों के गुजरने की बात कही गई थी। ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के अनुसार, IRGC नौसेना का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट से जो भी जहाज आ-जा रहे हैं, वे सब उनकी इजाजत और निगरानी में ही निकल रहे हैं।
ये खबरें भी पढ़िए...
होर्मुज संकट पर भारत ने दिखाए कड़े तेवर, ईरान बोला- जो हमारे साथ, रास्ता सिर्फ उसके लिए
ईरान-इजराइल युद्ध: ईरान ने दी खुली धमकी, कहा- अमेरिका का साथ दिया तो खैर नहीं!