ईरान-इजराइल युद्ध का 38वां दिन: ट्रम्प ने ईरान को नरक बनाने की दी सीधी धमकी, ईरान ने कहा-अमेरिका कुछ भी नहीं बिगाड़ पाएगा
Iran Israel War Update: ईरान और इजरायल की जंग अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। आज युद्ध का 38वां दिन है और तनाव सातवें आसमान पर है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नरक बना देने की सीधी धमकी दी है।
ट्रंप ने मंगलवार को ईरान के पावर प्लांट्स पर हमले का अल्टीमेटम दिया है। ईरान ने भी पलटवार करते हुए ग्लोबल सप्लाई चेन ठप करने की चेतावनी दी। रूस ने अमेरिका को धमकियां छोड़कर बातचीत करने की सलाह दी है।
अमेरिका के अंदर भी ट्रंप के इस कड़े रुख का विरोध शुरू हो गया है। ईरान ने तंज कसा कि अमेरिका उसका कुछ भी नहीं बिगाड़ पाएगा। युद्ध के इन हालातों ने पूरी दुनिया की चिंता काफी बढ़ा दी है।
इजराइल ईरान युद्ध: 05 - 06 अप्रैल 2026 के बड़े अपडेट्स
1. ईरान ने पाकिस्तान से किया किनारा
भारत में ईरान के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने साफ कर दिया है कि इस जंग में पाकिस्तान का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया जिनमें कहा जा रहा था कि पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के बीच सुलह करवा रहा है।
इलाही के मुताबिक, ऐसी अफवाहें सिर्फ तेल की कीमतें बढ़ाने के लिए उड़ाई जाती हैं। उन्होंने भारत समेत दुनिया के देशों से अपील की है कि वे साथ आएं ताकि इस 'थोपी गई जंग' को रोका जा सके।
2. सप्लाई चेन पर ईरान का प्लान-बी
ईरान ने अमेरिका और इजरायल को चेतावनी दी है कि अगर हमले नहीं थमे, तो वह पूरी दुनिया की सप्लाई चेन हिला देगा। ईरान के पास सिर्फ होर्मुज की खाड़ी ही नहीं, बल्कि बाब-अल-मंदेब जैसे कई रास्ते हैं जहां वह व्यापार ठप कर सकता है।
सुप्रीम लीडर के सलाहकार अली अकबर वेलायती ने सीधे शब्दों में कहा कि वे सिर्फ गोलियों से जवाब नहीं देंगे, बल्कि दुनिया की ऊर्जा और व्यापार व्यवस्था को चोट पहुँचाकर अपनी ताकत दिखाएंगे।
3. ट्रंप का नरक वाला अल्टीमेटम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने सख्त रुख पर अड़ गए हैं। उन्होंने बेहद तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए ईरान को धमकी दी है कि अगर होर्मुज की खाड़ी नहीं खोली गई, तो वह ईरान का हाल नरक जैसा कर देंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यहां तक लिख दिया कि मंगलवार को ईरान के पावर प्लांट्स और पुलों पर बड़ा हमला होगा। उनके इस बयान ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है।
4. रूस की अमेरिका को सयानी सलाह
जहां एक तरफ धमकियां चल रही हैं, वहीं रूस ने बीच-बचाव की कोशिश की है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने ईरान से बात करने के बाद अमेरिका को सलाह दी है कि वह अल्टीमेटम देना बंद करे और बातचीत की मेज पर आए। रूस का मानना है कि कूटनीतिक रास्तों से ही इस संकट का हल निकल सकता है और डराने-धमकाने से हालात सिर्फ बिगड़ेंगे।
5. जैसे को तैसा देने को तैयार ईरान
ईरान ने भी अमेरिका को दो-टूक जवाब दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अगर उनके इंफ्रास्ट्रक्चर (बिजली घर या पुलों) पर हमला हुआ, तो वे हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठेंगे। उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी सेना तैयार है और वे उन सभी ठिकानों को निशाना बनाएंगे जो अमेरिका के हैं या इस हमले में अमेरिका की मदद कर रहे हैं।
6. अपनों के बीच ही घिरे ट्रंप
ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिका के अंदर ही विरोध शुरू हो गया है। अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने ट्रंप को 'दिमागी रूप से असंतुलित' बता दिया। सैंडर्स ने कहा कि ईस्टर जैसे त्योहार पर ऐसी खतरनाक बातें करना चिंताजनक है। उन्होंने अमेरिकी संसद (कांग्रेस) से मांग की है कि वे तुरंत दखल दें और इस युद्ध को रोकने के लिए कदम उठाएं।
7. ईरान का तंज: 47 साल में क्या उखाड़ लिया?
ईरान के प्रतिनिधि डॉ. इलाही ने ट्रंप की धमकियों को मजाक में उड़ाते हुए कहा कि अमेरिका पिछले 47 सालों से ईरान का कुछ नहीं बिगाड़ पाया, तो अब क्या करेगा? उन्होंने ट्रंप के उस दावे पर भी सवाल उठाए जिसमें उन्होंने युद्ध जीतने की बात कही थी। इलाही ने तंज कसा कि अमेरिका जो काम 3 दिन में करने का दावा कर रहा था, उसे एक महीना बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं कर पाया है।
ये खबर भी पढ़िए...
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर पीएम मोदी ने सऊदी प्रिंस से की बात, एक और LPG जहाज भारत पहुंचा
ईरान-इजराइल युद्ध के कारण हजारों बाज राजस्थान पहुंचे, रेगिस्तानी जिलों में बनाए ठिकाने
होर्मुज से भारत के लिए खुशखबरी! ईरान का ऐलान- 5 देशों के जहाजों को नहीं रोक रहे
ट्रंप का दावा- ईरान घुटनों पर है और हम जीत चुके हैं; होर्मुज से दोस्त जहाजों के लिए रास्ता साफ