ईरान-इजराइल युद्ध का 50वां दिन: समुद्र में घेराबंदी और परमाणु ठिकानों पर खुदाई को लेकर छिड़ी जुबानी जंग!

Amresh Kushwaha | Apr 18, 2026, 08:16 IST
iran israel war updates
ईरान-इजराइल युद्ध के 50वें दिन तनाव चरम पर है। ट्रम्प के परमाणु दावों और होर्मुज-मलक्का स्ट्रेट में अमेरिकी नाकेबंदी ने वैश्विक तेल संकट और युद्ध की आहट को तेज कर दिया है।

Iran Israel War Update: ईरान और इजराइल के बीच युद्ध का आज 50वां दिन है। मध्य पूर्व से लेकर समुद्र तक तनाव अब चरम पर पहुंच गया है। ट्रंप के परमाणु दावों को ईरान ने सिरे से खारिज कर दिया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी नाकेबंदी से जहाजों के कदम थम गए हैं।



अब मलक्का स्ट्रेट में भी बड़ी सैन्य कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं। कच्चे तेल की सप्लाई बचाने के लिए अमेरिका ने नई चाल चली है। रूसी तेल पर मिली छूट को अब अगले महीने तक बढ़ा दिया गया है।



क्या सोमवार को पाकिस्तान में होने वाली सीक्रेट मीटिंग शांति लाएगी? दुनिया की नजरें अब ईरान और अमेरिका के अगले कदम पर टिकी हैं।



इजराइल ईरान युद्ध: 17 - 18 अप्रैल 2026 के बड़े अपडेट्स

ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग और समुद्र में बढ़ती हलचल को आप इस आसान रिपोर्ट से समझ सकते हैं:



1. खुदाई करके यूरेनियम निकालेगा अमेरिका?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि अमेरिका और ईरान साथ मिलकर उन परमाणु ठिकानों की खुदाई करेंगे जहां बमबारी हुई थी। ट्रंप के मुताबिक, वहां से निकले हुएएनरिच्ड यूरेनियम को निकालकर अमेरिका ले जाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान बातचीत के लिए मान गया है और शायद इस वीकेंड पर कोई शांति समझौता हो जाए।



2. ईरान का दो-टूक जवाब: मिट्टी की तरह पवित्र है यूरेनियम

ट्रंप के दावों पर ईरान ने तुरंत पानी फेर दिया। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने साफ कहा कि यूरेनियम कहीं नहीं जाएगा। उन्होंने इसे ईरानी मिट्टी की तरह पवित्र बताया और कहा कि इसे देश से बाहर भेजने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने ट्रंप की बातों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।



3. होर्मुज स्ट्रेट में यू-टर्न लेते जहाज

समुद्र में तनाव साफ दिख रहा है। अमेरिकी नाकेबंदी की वजह से ईरान से जुड़े 21 जहाज बीच रास्ते से ही वापस लौट गए। अमेरिकी सेना (CENTCOM) ने उन्हें रास्ता बदलने को कहा और वे मान गए। हालांकि ईरान कह रहा है कि उसने रास्ता (होर्मुज स्ट्रेट) खोल दिया है, लेकिन शिपिंग कंपनियाँ अभी भी डरी हुई हैं और वहाँ से बहुत कम जहाज गुजर रहे हैं।



4. अब मलक्का स्ट्रेट में भी होगी सर्जिकल स्ट्राइक?

अमेरिकी जनरल डैन केन ने संकेत दिया है कि ईरान पर कार्रवाई सिर्फ मिडिल ईस्ट तक नहीं थमेगी। अब नजरें मलक्का स्ट्रेट और इंडो-पैसिफिक इलाके पर हैं। अमेरिका उन "डार्क फ्लीट" जहाजों को निशाना बनाने की तैयारी में है जो चोरी-छिपे ईरानी तेल ले जाते हैं। इसके लिए USS मिगुएल कीथ जैसे बड़े जंगी जहाज भी रवाना हो चुके हैं।



5. तेल की कीमतों को बचाने के लिए रूस को छूट

ईरान से तनाव के बीच दुनिया में तेल की कमी न हो जाए, इसलिए अमेरिका ने एक चालाकी भरी चाल चली है। उन्होंने रूसी तेल खरीदने की छूट को 30 दिन के लिए और बढ़ा दिया है। अब 16 मई तक रूसी तेल खरीदा जा सकेगा। ट्रंप प्रशासन चाहता है कि मार्केट में तेल की सप्लाई बनी रहे ताकि कीमतें न भागें।



6. पाकिस्तान में होगी अगली सीक्रेट मीटिंग?

खबरों की मानें तो ईरान और अमेरिका के बीच सुलह की एक और कोशिश होने वाली है। एक ईरानी अधिकारी के मुताबिक,सोमवार को पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच बैठक हो सकती है। हालांकि अमेरिका ने अभी तक इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन सबकी नजरें इस मीटिंग पर टिकी हैं।



7. ईरान की आखिरी चेतावनी: सोशल मीडिया से नहीं चलेगा रास्ता

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद गालिबाफ ने ट्रंप को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं। गालिबाफ ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने घेराबंदी नहीं हटाई, तो ईरान होर्मुज स्ट्रेट को फिर से पूरी तरह बंद कर देगा। उन्होंने साफ किया कि रास्ता खुलेगा या नहीं, इसका फैसला सोशल मीडिया की बातों से नहीं बल्कि हकीकत देखकर होगा।



ये खबर भी पढ़िए...



मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर पीएम मोदी ने सऊदी प्रिंस से की बात, एक और LPG जहाज भारत पहुंचा



ईरान-इजराइल युद्ध के कारण हजारों बाज राजस्थान पहुंचे, रेगिस्तानी जिलों में बनाए ठिकाने



होर्मुज से भारत के लिए खुशखबरी! ईरान का ऐलान- 5 देशों के जहाजों को नहीं रोक रहे



ट्रंप का दावा- ईरान घुटनों पर है और हम जीत चुके हैं; होर्मुज से दोस्त जहाजों के लिए रास्ता साफ



Tags:
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
  • ईरान-इजराइल युद्ध
  • Iran Israel war update