ईरान-इजराइल युद्ध का 32वां दिन: इजराइल की ऑयल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला, होर्मुज पर टोल लगाने की योजना मंजूर
Iran Israel War Update: ईरान और इजराइल के बीच जंग अब बेहद खौफनाक हो गई है। युद्ध के 31वें दिन हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। हिजबुल्लाह ने इजराइल की ऑयल रिफाइनरी पर मिसाइल दाग दी है। हमले के बाद रिफाइनरी में भीषण आग और धुआं फैल गया।
उधर, अमेरिका ने ईरान के रणनीतिक शहर इस्फहान पर हमला किया। खाड़ी देशों ने ट्रंप से ईरान की हार तक युद्ध करने को कहा है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र अधिकारी ने परमाणु हमले का दावा कर दिया।
भारत के 18 जहाज और 485 भारतीय क्रू फंसे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान जंग के बीच फारस की खाड़ी में भारत के 18 जहाज और 485 भारतीय क्रू फंसे हुए हैं। जलमार्ग मंत्रालय ने बताया कि ये सभी सुरक्षित हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इजराइल ईरान युद्ध: 30 - 31 मार्च 2026 के बड़े अपडेट्स
1.इजराइल की ऑयल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला
लेबनान के ईरान समर्थक संगठन हिजबुल्लाह ने सोमवार को इजराइल के उत्तरी शहर हाइफा में ऑयल रिफाइनरी पर मिसाइल से हमला करने का दावा किया। इस हमले के बाद रिफाइनरी के एक पेट्रोल टैंक में आग लग गई, जिससे आसपास धुआं फैल गया। हालांकि, यह साफ नहीं हो सका कि आग मिसाइल से लगी या फिर इंटरसेप्ट किए गए मलबे से। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों से घरों की खिड़कियां बंद रखने और बाहर न निकलने की सलाह दी थी।
2. ईरान ने होर्मुज पर टोल लगाने की योजना को मंजूरी दी
ईरान की संसद ने सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट मैनेजमेंट प्लान को मंजूरी दी, जिसके तहत इस रूट से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगाया जाएगा। इस योजना के तहत अमेरिकी और इजराइली जहाजों के गुजरने पर पूरी तरह से बैन रहेगा। यह जानकारी ईरानी सरकारी मीडिया ने दी है।
3. अमेरिका ने ईरान के इस्फहान पर हमला किया
अमेरिका ने ईरान के इस्फहान शहर पर हमला किया, जिसके बाद जोरदार विस्फोट सुनाई दिए। हमले के बाद कई हिस्सों में आग के गुबार भी उठे। सोशल मीडिया वीडियो में धमाके और आग की लपटें दिख रही थीं। इस्फहान ईरान का एक अहम औद्योगिक और रणनीतिक शहर है, लेकिन हमले में किस ठिकाने को निशाना बनाया गया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।
4. ईरान का सऊदी अरब को चेतावनी: अमेरिकी सेना को बाहर करो
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सऊदी अरब से कहा कि वह अमेरिकी सेना को अपने देश से बाहर करे। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की कार्रवाई केवल उनके दुश्मनों के खिलाफ होती है। अराघची ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, "ईरान सऊदी अरब का सम्मान करता है, लेकिन अब समय आ गया है कि अमेरिकी बलों को बाहर निकाला जाए।"
5. इराक में अमेरिका-इजराइल के हवाई हमले
इराक के पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (PMF) ने कहा कि अमेरिका और इजराइल की संयुक्त सेनाओं ने बाबिल और अनबार प्रांत में उनके ठिकानों पर हवाई हमले किए। बाबिल प्रांत के जुरफ अल-नस्र इलाके में 45वीं ब्रिगेड को तीन हवाई हमलों का सामना करना पड़ा, जबकि अनबार प्रांत के अल-करमा क्षेत्र में 31वीं ब्रिगेड के ठिकाने पर भी हमला हुआ। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।
6. दुबई पोर्ट पर कुवैती तेल टैंकर पर हमला
दुबई पोर्ट पर कुवैती तेल टैंकर पर ईरान के हमले की खबर सामने आई है। कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बताया कि कच्चे तेल से भरा टैंकर हमले का शिकार हुआ। हमले के कारण टैंकर के ढांचे को नुकसान पहुंचा और उसमें आग लग गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस हमले में चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
7. नेतन्याहू बोले- जंग कब खत्म होगी, नहीं बता सकता
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने न्यूजमैक्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध ने अपने आधे से ज्यादा लक्ष्य हासिल कर लिए हैं, लेकिन वह इस जंग के खत्म होने का समय नहीं बता सकते। उन्होंने कहा कि ईरानी शासन अंततः ध्वस्त हो जाएगा और युद्ध के बाद तेहरान काफी कमजोर हो जाएगा।
6. खाड़ी देशों ने ट्रंप से कहा- ईरान के हारने तक लड़ाई जारी रखें
अमेरिका के खाड़ी सहयोगी देशों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा है कि वह ईरान के खिलाफ युद्ध जारी रखें, जब तक ईरान पूरी तरह से हार न जाए। सऊदी अरब, यूएई, कुवैत और बहरीन के अधिकारियों ने ट्रंप से कहा कि सैन्य अभियान तब तक खत्म नहीं होना चाहिए जब तक ईरानी नेतृत्व में कोई बड़ा बदलाव न हो।
7. UN अधिकारी मोहम्मद सफा का इस्तीफा: ईरान पर परमाणु हमले की योजना
ईरान पर परमाणु हमले की योजना के बारे में जानकारी लीक करने वाले UN अधिकारी मोहम्मद सफा ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि लोग इस गंभीर मामले को समझ नहीं रहे हैं और ईरान पर परमाणु हमला करने की योजना बनाई जा रही है। सफा ने यह कहते हुए इस्तीफा दिया कि उन्होंने इसे लीक कर दिया ताकि वह इस अपराध का हिस्सा न बने।
ये खबर भी पढ़िए...
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर पीएम मोदी ने सऊदी प्रिंस से की बात, एक और LPG जहाज भारत पहुंचा
ईरान-इजराइल युद्ध के कारण हजारों बाज राजस्थान पहुंचे, रेगिस्तानी जिलों में बनाए ठिकाने
होर्मुज से भारत के लिए खुशखबरी! ईरान का ऐलान- 5 देशों के जहाजों को नहीं रोक रहे
ट्रम्प का दावा- ईरान घुटनों पर है और हम जीत चुके हैं; होर्मुज से दोस्त जहाजों के लिए रास्ता साफ