जम्मू-कश्मीर चुनाव में AAP ने खोला खाता, जानें कौन हैं डोडा से आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक

Jitendra Shrivastava | Oct 08, 2024, 19:50 IST
thesootr
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 में आम आदमी पार्टी ने अपना खाता खोल दिया है। डोडा निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार मेहराज मलिक ने बीजेपी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4 हजार 538 से अधिक वोट के अंतर से हराया...

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 में आम आदमी पार्टी से मेहराज मलिक जीत गए हैं। इसके साथ ही आप ने भी अपना खाता खोल दिया है। आप के 36 वर्षीय मेहराज मलिक ने डोडा निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4 हजार 538 से ज्यादा वोटों के अंतर से हरा दिया है। इस सीट पर 10 साल से बीजेपी का कब्जा था, वहीं इससे पहले ये सीट कांग्रेस के पास थी।



बीजेपी के प्रत्याशी को 4 हजार 538 से ज्यादा वोटों से हराया

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के पूरे नतीजे आ चुके हैं। जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी गठबंधन ने बहुमत हासिल कर लिया है। इस बीच अब जम्मू-कश्मीर में भी आम आदमी पार्टी ने खाता खोल दिया है। यहां पार्टी के 36 वर्षीय उम्मीदवार मेहराज मलिक ने डोडा निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4 हजार 538 से ज्यादा अंतर से हराया है। इस सीट पर 10 साल से बीजेपी का कब्जा था, वहीं इससे पहले ये सीट कांग्रेस के पास थी।



ये खबर भी पढ़ें...



जम्मू कश्मीर चुनाव में NC अलायंस को दस साल बाद बहुमत, बीजेपी को 29 सीट, कांग्रेस 6 सीटें जीती, आप ने भी खोला खाता



कांग्रेस उम्मीदवार शेख रियाज अहमद पांचवें स्थान पर रहे

जिला विकास परिषद के सदस्य मेहराज मलिक को आप ने डोडा सीट से उम्मीदवार बनाया था। मेहराज ने यहां से 23 हजार 228 वोट हासिल किए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के गजय सिंह राणा को 18 हजार 690 वोट मिले। इस सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस से पूर्व मंत्री खालिद नजीब सुहरवर्दी और डीपीएपी नेता अब्दुल मजीद वानी को क्रमश: 13 हजार 334 और 10 हजार 027 वोट ही मिले। कांग्रेस उम्मीदवार शेख रियाज अहमद 4,170 वोट लेकर पांचवें स्थान पर रहे।



मलिक उधमपुर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव हारे थे

मलिक ने इससे पहले उधमपुर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था, लेकिन इसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद विधानसभा चुनाव में आप ने 90 विधानसभा क्षेत्रों में से सिर्फ सात सीटों पर उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। दिल्ली और पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को सितंबर 2023 में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला था। गुजरात और गोवा में भी आप के विधायक हैं। अब जम्मू में भी पार्टी का एक विधायक बन गया है



डोडा में 2022 में रैली निकालकर चर्चाओं में आए थे मलिक

मेहराज मलिक डोडा क्षेत्र में कुछ वर्षों में ही अपना मजबूत जनाधार बनाया है। 2021 में उन्होंने डीडीसी का चुनाव जीता। मलिक पहली बार तब चर्चाओं में आए थे जब उन्होंने डोडा क्षेत्र में मार्च 2022 को एक विशाल रैली का आयोजन किया था। वे स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर समय-समय पर प्रदर्शन भी करते नजर आते रहते हैं। विधानसभा चुनाव के शपथ पत्र में उन्होंने मात्र 29 हजार रुपए की संपत्ति और 2 लाख रुपए की देनदारी बताई है। मलिक पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उन पर कुछ आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।



आप से संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई

डोडा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने जाने के बाद मेहराज मलिक को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वीडियो कॉल पर उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब 5 राज्यों में आप के विधायक हैं। इस दौरान मेहराज मलिक ने केजरीवाल को 10 तारीख को डोडा के कार्यक्रम में आने का न्योता भी दिया। अरविंद केजरीवाल ने न्योता स्वीकार करते हुए कहा कि वह जरूर पहुंचेंगे और क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद देंगे।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • आम आदमी पार्टी
  • जम्मू-कश्मीर
  • Jammu Kashmir Elections
  • जम्मू कश्मीर चुनाव 2024
  • indian election commission
  • मेहराज मलिक